दिवाली से पहले 7800 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए, 32 लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दिवाली से पहले एक सितंबर से शहर भर में 7,800 किलोग्राम से अधिक अवैध पटाखे जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अब तक 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान विभिन्न पुलिस जिलों और इकाइयों द्वारा चलाया गया है जिनमें अपराध शाखा और एएटीएस टीमें भी शामिल हैं। यह अभियान दिवाली के दौरान प्रदूषण को कम करने के लिए पटाखों की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और दिल्ली सरकार द्वारा लगाए गए पूर्ण प्रतिबंध के अनुरूप है।
पुलिस के अनुसार, सबसे बड़ी बरामदगी 25 सितंबर को हुई, जब पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन की टीम ने विशाल एन्क्लेव के एक घर से 3,580 किलोग्राम पटाखे जब्त किए। एक परिवार के तीन सदस्यों-सुशील कक्कड़, उपासना और शिवम को पटाखे जमा करने और उनकी पैकेजिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "यह खेप मेरठ, गुरुग्राम और गाजियाबाद से दिल्ली में बेचने के लिए मंगवाई गई थी। पटाखे घर के रसोई सहित हर कोने में रखे गए थे जो सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा था।'' इससे पहले 16 सितंबर को, पुलिस ने बदरपुर के मोलादबंद इलाके में एक छत पर बने कमरे से 225 किलोग्राम पटाखे जब्त किए थे और धर्मवीर सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर हरियाणा के पलवल से यह सामान खरीदा था। उत्तरी दिल्ली के विजय नगर में 27 सितंबर को दो लोगों- ललित कुमार गुलाटी और मुकुल वासन को गिरफ्तार कर 164 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। बिंदापुर के मटियाला गांव में दो अक्टूबर को एक और बड़ी बरामदगी हुई, जब 693 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। आरोपी दिलबाग सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मंडोली में एक और गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भगवती प्रसाद, उसके बेटे तरुण सिंघल और आपूर्तिकर्ता राजीव गोयल को गिरफ्तार किया और प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए। अभियान के एक अन्य चरण में, अपराध शाखा और जिला पुलिस इकाइयों ने द्वारका, रोहिणी, उत्तम नगर, शास्त्री नगर, मुकुंदपुर और शाहदरा में छापेमारी की, जिसमें 1,645 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि यह खेप हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से खरीदी गयी थी। इन छापों के बाद, एक से छह अक्टूबर के बीच शाहदरा में 1,200 किलोग्राम और पटाखे जब्त किए गए और छह गिरफ्तारियां हुईं। अपराध शाखा ने इसी से संबंधित एक मामले में पांच अक्टूबर को बामनोली चौक के पास एक टेंपो को रोका, जिसमें से 394 किलोग्राम पटाखे बरामद किए और चालक सहित दो अन्य को गिरफ्तार किया गया। इस सप्ताह, अपराध शाखा ने संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर के एक गोदाम से 192 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए और हिमाचल प्रदेश निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि वह अवैध व्यापार में शामिल नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए निरीक्षण और जांच जारी रखेगी। एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "बरामद खेप के स्रोत का पता लगाने और दिल्ली में प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री को रोकने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।" उन्होंने कहा कि सितंबर से अब तक की गई संयुक्त छापेमारी में शहर के विभिन्न जिलों से 7,876.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए हैं और 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।









.jpg)
Leave A Comment