दिल्ली के 1,300 से अधिक घाटों पर छठ पूजा की तैयारियां युद्धस्तर पर : मंत्री
नयी दिल्ली. दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार राष्ट्रीय राजधानी में 1,300 से अधिक घाटों पर छठ पूजा के आयोजन के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां कर रही है। इसके साथ ही यमुना नदी के किनारे विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और संस्कृति मंत्री मिश्रा ने वासुदेव घाट का निरीक्षण किया और वहां की जा रहीं तैयारियों की समीक्षा की। इसके मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष की छठ पूजा दिल्ली में अब तक आयोजित सबसे व्यापक पर्व होगी।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध अनुभव प्रदान करना है।” उन्होंने कहा कि तैयारियां अभूतपूर्व स्तर पर की जा रही हैं। मंत्री ने बताया कि यह छठ पूजा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित की जाने वाली पहली पूजा होगी और श्रद्धालु यमुना तट पर अनुष्ठान कर सकेंगे। उन्होंने कहा, “यह सरकार केवल बात नहीं करती, काम करती है। यमुना तट पर छठ पूजा की अनुमति देने का वादा पूरा किया जा रहा है। यह दिल्ली के लिए गर्व की बात है कि अब श्रद्धालु वहां पारंपरिक अनुष्ठान कर पाएंगे।” मिश्रा ने कहा कि पिछली सरकार ने कई वर्षों तक यमुना किनारे छठ पूजा की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा, “अब पूर्वांचल के लोग गर्व और आत्मसम्मान के साथ अपना पर्व मना सकेंगे।” दिल्ली सरकार ने कहा है कि सभी घाटों पर तैयारियां त्योहार शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाएंगी। शहर भर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्र होने की संभावना है। सूर्य देवता और छठी मइया को समर्पित चार दिवसीय छठ पर्व इस वर्ष 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।


.jpg)






.jpg)
Leave A Comment