जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी
कश्मीर के चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी
नयी दिल्ली। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले विभिन्न क्षेत्रों में बर्फ की चादर बिछ गयी है। पर्यटन स्थल कुफरी, मनाली और औली में मौसम की पहली बर्फबारी हुई। वहीं बारिश के बाद दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तापमान गिर गया है। केंद्रशासित प्रदेश में भारी बर्फबारी और भूस्खलन के बाद रामबन जिले में महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया और कश्मीर में प्रशासन ने चार जिलों-कुपवाड़ा, बांदीपुर, बारामुला और गांदेरबल के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ और यमुनोत्री धाम को सर्दी के लिए बंद कर दिया गया। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। हालांकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का कारण बताया है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने का अनुमान है । हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर बारिश होने से तापमान गिर गया है। चंडीगढ़ समेत कुछ स्थानों पर सोमवार सुबह भी बारिश हुई ।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि पिछले 24 घंटों में शिमला जिले के कुफरी में सात सेंटीमीटर बर्फबारी हुई जबकि कुल्लू जिले के मनाली में दो सेमी बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि सांगला में 25 सेमी बर्फबारी हुई, जबकि गोंदला में 20 सेमी, खदराला में 18 सेमी, काल्पा में 5.6 सेमी और केलांग में 4 सेमी बर्फबारी हुई। इसके अलावा, राजधानी शिमला सहित राज्य के कई अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। शिमला में 21.6 मिलीमीटर बारिश हुई। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने सिंथल दर्रे में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 10 लोगों को बचाया । जवाहर टनल के आसपास बर्फबारी और रामबन जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग को सोमवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
Leave A Comment