‘निवार' कमजोर होकर भीषण चक्रवात में हुआ तब्दील
चेन्नई। प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘निवार' बृहस्पतिवार तड़के पुडुचेरी के निकट पहुंचा, जिससे केन्द्र शासित प्रदेश और पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि ‘निवार' पुडुचेरी के पास तट से गुजरने के बाद कमजोर होकर भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात से तमिलनाडु और पुडुचेरी दोनों जगह किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने की खबर मिली है। वहीं उपनगरीय मुदिचुर सहित इनके कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति देखी गई। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार पुडुचेरी में 30 सेमी, तमिलनाडु के कडलूर में 27 सेमी, नागपट्टिनम में 6.3 सेमी, कराईकल में 9.6 सेमी और चेन्नई में 11.3 सेमी बारिश दर्ज की गई। केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, हम तमिलनाडु और पुडुचेरी में चक्रवात ‘निवार' की स्थिति पर करीबी नजर बनाए हैं। तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री से बात की और उन्हें केन्द्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। एनडीआरएफ के दल लोगों की मदद के लिए पहले ही मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर तटीय इलाके में बिजली नहीं है और उसे बहाल करने का काम जारी है। बारिश के कारण जिन इलाकों में पानी भर गया है, उसे भी निकाला जा रहा है। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कहा कि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। नौकाओं और जालों (मछली पकड़ने के) को पहुंचे नुकसान के बारे में बाद में ही पता चल पाएगा। तमिलनाडु के राजस्व मंत्री आर. बी. उदयकुमार ने पहले बताया था कि चक्रवात की वजह से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। कई पेड़ जरूर टूटे हैं और तमिलनाडु के कई हिस्सों में दीवारें गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
Leave A Comment