ब्रेकिंग न्यूज़

जीत की हैट्रिक के संकल्प के साथ खत्म हुई उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक

 लखनऊ. उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ स्तर पर पुख्ता रणनीति बनाने के संकल्प के साथ शनिवार को सम्पन्न हो गयी। बैठक में राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की चुनावी तैयारियां तेज करते हुए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, मतदाता सूची के सत्यापन और घर-घर संपर्क अभियान पर विशेष जोर देने का फैसला लिया गया है। पार्टी ने एक कार्यकर्ता को 50 परिवारों से संपर्क की जिम्मेदारी सौंपने की योजना बनाई है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने बैठक में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव सूक्ष्म प्रबंधन का चुनाव है और इसके लिए प्रत्येक कार्ययोजना पर बारीकी से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी समय पर या उससे पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लेती है तो 2017 से बेहतर चुनाव परिणाम हासिल कर सकती है। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह प्रभारियों मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा तथा प्रदीप वर्मा सहित प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल हुए। तावड़े ने कहा कि घर-घर संपर्क अभियान के तहत महिला, युवा, नवमतदाता, किसान, लाभार्थी, छोटे व्यापारी, प्रबुद्ध वर्ग, पूर्व सैनिकों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों से संपर्क की कार्ययोजना तैयार की जाए और केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार तथा प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर पार्टी के पक्ष में समर्थन मांगा जाए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव जीतने का सबसे प्रभावी मंत्र बूथ और वहां के मतदाता हैं, इसलिए मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने, सामाजिक समरसता कार्यक्रम, चौपाल और जनसंवाद आयोजित करने पर भी जोर दिया। चौधरी ने कहा कि तीन नवंबर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जाएंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक रात्रि प्रवास करने और मोर्चों की गतिविधियों को प्रभावी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में दोबारा प्रचंड बहुमत हासिल करने के लिए पूरी क्षमता से काम करना होगा। प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान के तहत क्षेत्रीय स्तर पर निकलने वाली प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद पार्टी मतदाता पुनरीक्षण के काम में जुटेगी और युवाओं के नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फार्म-6 भरवाने का विशेष अभियान चलाएगी। सिंह ने सक्रिय सदस्यों की बैठकें शुरू करने, पूर्व पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा युवा, महिला, श्रमिक, व्यापारी और छोटे कारोबारियों के बीच संपर्क बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारियां देकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। बैठक की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english