लुधियाना के उद्योगपति से जुड़े डिजिटल अरेस्ट मामले में विदेशी व्यक्ति की भूमिका का पता चला: ईडी
नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को बताया कि उसने लुधियाना के प्रख्यात उद्योगपति एस. पी. ओसवाल से जुड़े डिजिटल अरेस्ट और धनशोधन मामले में नेपाल में रहने वाले एक व्यक्ति की भूमिका का पता लगाया है, जो फर्जी नाम "प्रिस्ट" का इस्तेमाल कर रहा था। केंद्रीय एजेंसी ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान इस विदेशी व्यक्ति की एक तस्वीर भी जारी की, जो देखने में मोबाइल फोन से खींची हुई लग रही है।
आरोप है कि इसी व्यक्ति ने उन साइबर अपराधियों के लिए फर्जी बैंक खातों का इंतजाम किया था, जिन्होंने उद्योगपति से सात करोड़ रुपये की ठगी की थी। एजेंसी ने बताया कि इस मामले में 25 नवंबर को पंजाब के जालंधर स्थित विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम अदालत में नया आरोप पत्र दायर किया गया। ईडी ने कहा कि इस आरोप पत्र में छह लोगों और रिग्लो वेंचर्स नामक एक कंपनी को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में पहला आरोप पत्र फरवरी में दायर किया गया था। ईडी ने कहा, "फर्जी बैंक खाते नेपाल में रहने वाले विदेशी व्यक्ति के निर्देश पर जुटाए जाते थे। यह विदेशी व्यक्ति 'प्रिस्ट' नाम से काम कर रहा था।"









Leave A Comment