भारत ने 2028 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 2026 एशियाई रिले के लिए बोली लगाई...!
नयी दिल्ली. भारत ने आगामी वर्षों में महाद्वीपीय और वैश्विक प्रतियोगिताओं के आयोजन के अपने प्रयासों के तहत 2028 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 2026 एशियाई रिले की मेजबानी के लिए बोलियां पेश की हैं। भारत अगर इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी हासिल करने में सफल रहा तो यह पहली बार होगा जब देश इन दो महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने 2028 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भुवनेश्वर को मेजबान शहर के रूप में प्रस्तावित किया है, जबकि 2026 एशियाई रिले के लिए स्थल अभी तय नहीं हुआ है। एएफआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने 2028 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भुवनेश्वर को मेजबान शहर के तौर पर बोली प्रस्तुत की है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम परिसर में स्थित इंडोर सुविधा के अलावा भारत में कोई अन्य स्थल इस आयोजन की मेजबानी नहीं कर सकता।'' उन्होंने कहा, ‘‘ हमने 2026 एशियाई रिले के लिए अभी तक स्थल पर निर्णय नहीं लिया है।''
एएफआई एशियाई रिले के लिए उत्तर भारत के किसी शहर पर विचार कर रहा है, जिसके अप्रैल में आयोजित होने की संभावना है। इस योजना में हालांकि बदलाव हो सकता है। भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम परिसर में अत्याधुनिक इनडोर सुविधा का उद्घाटन 2024 में किया गया था। इसमें 200 मीटर का रनिंग ट्रैक, 100 मीटर का अभ्यास ट्रैक, लंबी कूद, त्रिकूद, पोल वॉल्ट और गोला फेंक के लिए निर्धारित क्षेत्र के अलावा खिलाड़ियों के लिए अभ्यास क्षेत्र और एक जिम भी है। यहां लगभग 2000 दर्शकों के बैठने का भी इंतजाम है। इस सुविधा में पूर्णकालिक प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों के लिए 60 ‘ट्विन-शेयरिंग (एक कमरे में दो लोग)' कमरे और एक डाइनिंग हॉल भी है। एशियाई रिले के उद्घाटन सत्र का आयोजन 2024 बैंकॉक में हुआ था जहां भारत ने चार गुणा 400 मीटर मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण जबकि इसी स्पर्धा के पुरुष और महिला वर्ग में रजत पदक हासिल किया था। एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन हर दो साल में होता है। इसका आगाज 2004 में तेहरान में हुआ था। ईरान ने इस प्रतियोगिता की सबसे अधिक चार बार मेजबानी की है। भारत ने तेहरान में ही आयोजित 2024 सत्र में तीन स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता था। तजिंदरपाल सिंह तूर (पुरुष गोला फेंक), ज्योति याराजी (महिला 60 मीटर बाधा दौड़) और हरमिलन बैंस (महिला 1500 मीटर) ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंकिता ध्यानी (महिला 3000 मीटर) को रजत पदक मिला। एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 सत्र छह से आठ फरवरी तक चीन के तियानजिन में आयोजित की जाएगी। भारत ने औपचारिक रूप से 2028 विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप के साथ-साथ 2029 या 2031 में होने वाली सीनियर विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए भी अपनी रुचि व्यक्त की है।


.jpg)

.jpg)




.jpg)
Leave A Comment