आईएसएसएफ विश्व कप में संयम चमकीं, भारत को दिलाया पहला पदक
नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाज संयम ने शुक्रवार को आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक जीतकर भारत का पदकों का खाता खोला। संयम ने फाइनल में 243.4 अंक हासिल किए। यह उनके करियर का दूसरा आईएसएसएफ विश्व कप पदक है। पूर्व जूनियर विश्व और एशियाई चैंपियन संयम ने क्वालीफिकेशन राउंड में 579 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पूरे मुकाबले के दौरान शानदार निरंतरता बनाए रखी और फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
आईएसएसएफ विश्व कप में भारत का 36 सदस्यीय दल राइफल, पिस्टल और शॉटगन की व्यक्तिगत तथा मिश्रित टीम स्पर्धाओं में चुनौती पेश कर रहा है। भारतीय टीम में मनु भाकर, स्वप्निल कुसाले, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, ईशा सिंह, सुरुचि, एलावेनिल वलारिवन, सिफ्ट कौर समरा, सोनम उत्तम मस्कर, अनीश भानवाला, रायजा ढिल्लों, गनेमत सेखों और अनंत जीत सिंह नरुका जैसे प्रमुख निशानेबाज शामिल हैं।
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, शाहू तुषार माने और रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और साक्षी सुनील पाडेकर चुनौती पेश करेंगी। पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल शामिल हैं, जबकि महिलाओं में आशी चौकसे, विदरसा के. विनोद और सिफ्ट कौर समरा भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सुरुचि, संयम और ईशा सिंह भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि पुरुषों में केदारलिंग बी. उचागंवे, कमलजीत और आकाश भारद्वाज शामिल हैं। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत भारतीय चुनौती पेश करेंगी, जबकि पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में अनीश भानवाला, ओमकार सिंह और भावेश शेखावत टीम का हिस्सा हैं।
शॉटगन स्पर्धाओं में पुरुषों की ट्रैप में उदयवीर सिंह जाजी, भौनीश मेंदीरत्ता और विवान कपूर उतरेंगे। महिलाओं की ट्रैप टीम में प्रगति दुबे, कीर्ति गुप्ता और राजेश्वरी कुमारी शामिल हैं। पुरुषों की स्कीट में गुरजोत सिंह खंगुरा, परमपाल सिंह गुरोन और अभय सिंह सेखों, जबकि महिलाओं की स्कीट में गनेमत सेखों, दर्शना राठौर और यशस्वी राठौर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारत 10 मीटर एयर राइफल, 10 मीटर एयर पिस्टल और ट्रैप मिश्रित टीम स्पर्धाओं में भी हिस्सा लेगा।









.jpg)
Leave A Comment