रायपुर में भव्य बालाजी मंदिर के निर्माण पर विचार, मुख्यमंत्री साय ने दिया भरोसा
तेलुगु सम्मेलन में उठी मंदिर निर्माण की मांग, आध्यात्मिक केंद्र और वैदिक पाठशाला बनाने की भी योजना
-टी. सहदेव
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भव्य बालाजी मंदिर के निर्माण पर राज्य सरकार विचार करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आंध्र एसोसिएशन की स्वर्ण जयंती पर आयोजित 11वें अखिल भारतीय तेलुगु सम्मेलन में यह भरोसा दिलाया। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी ने राजधानी में बालाजी मंदिर निर्माण की मांग रखी थी। श्रीनिवास मद्दी ने बताया कि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट की इच्छा रायपुर में भव्य बालाजी मंदिर स्थापित करने की है। इस संबंध में ट्रस्ट काफी समय से संपर्क में है। मंदिर के साथ आध्यात्मिक केंद्र और वैदिक पाठशाला शुरू करने की भी योजना है। इससे रायपुर को धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान मिल सकती है। टीटीडी की ओर से देशभर की राजधानियों में बालाजी मंदिर स्थापित करने का प्रस्ताव है।
*छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता पुराना : साय*
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज की संस्कृति एक-दूसरे में रची-बसी है। जिस तरह इंद्रावती नदी आगे बढ़कर गोदावरी में मिलती है, उसी तरह दोनों संस्कृतियों का भी सुंदर संगम हुआ है। प्रदेश के विकास में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली जनगणना के अनुसार छत्तीसगढ़ में तेलुगुभाषियों की आबादी 11 लाख 50 हजार से अधिक थी। रायपुर से विशाखापट्टनम तक बन रहे छह लेन भारतमाला मार्ग से दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
रायपुर स्थित श्रीबालाजी विद्या मंदिर में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रांतों से आए कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से तेलुगु समाज की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। आंध्र एसोसिएशन ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य तेलुगु समाज को एक मंच पर लाना, मातृभाषा और परंपराओं का संरक्षण करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा और श्रीचंद सुंदरानी, हाउसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सुभाष राव, आंध्र एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, महासचिव टी. श्रीनिवास रेड्डी, बीवीएस राजकुमार, अखिल भारतीय तेलुगु सेना के प्रदेशाध्यक्ष नीलम चन्नाकेशवलु सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मेलन में भिलाई सहित विभिन्न क्षेत्रों के तेलुगु समाज के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।












Leave A Comment