- Home
- छत्तीसगढ़
- रायपुर। पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार, रायपुर द्वारा पुराने समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, फर्नीचर और कम्प्यूटर उपकरणों के निस्तारण (व्रिक्रय) के लिए 12 सितम्बर, 2025 (शुक्रवार) की शाम 5.00 बजे तक स्थानीय रद्दी खरीदारों से कोटेशन आमंत्रित किया जा रहा है ।इच्छुक फर्में अपना कोटेशन पत्र सूचना कार्यालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, दूरदर्शन केन्द्र परिसर, शंकर नगर, रायपुर स्थित कार्यालय में जमा करा सकते हैं । प्राप्त कोटेशन दिनांक 15 सितम्बर, 2025को दोपहर तीन बजे उपस्थित खरीदारों के सामने खोले जाएंगे अधिकतम दर प्रस्तावित करने वाले फर्म को विक्रय-आदेश जारी किया जाएगा ।
- दुर्ग. एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-01 अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्र. 28 आंगनबाड़ी केन्द्र प्रेमनगर-2 उडियापारा एवं वार्ड क्र. 59 आंगनबाड़ी केन्द्र सेक्टर-5 में तथा नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्र. 17 के आंगनबाड़ी केन्द्र स्टेशन मरोदा में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया था।परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना से मिली जानकारी अनुसार उक्त केन्द्रों में प्राप्त आवेदनों के मूल्यांकन पश्चात् समिति द्वारा अनंतिम मूल्यांकन पत्रक का प्रकाशन किया गया है। उक्त मूल्यांकन पत्रक नगर पालिक निगम भिलाई/रिसाली एवं कार्यालय भिलाई-01 जुनवानी जिला दुर्ग के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है, जिस पर आवेदिकाएं 12 सितंबर 2025 तक एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-01 चिखली मुख्य मार्ग जुनवानी में कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकती हैं।
- 0- कलेक्टर श्री सिंह ने किया प्रदर्शनी का शुभारंभदुर्ग. छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। इसके तहत 15 अगस्त 2025 से मार्च 2026 तक कुल 25 सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित लोक सेवा केन्द्र (सीएससी) में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव की प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ियों के संघर्ष की प्रेरक और गौरवशाली परंपरा को उजागर करती है। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की आज़ादी की गाथा को दर्शाया गया है, जिसे कलेक्टोरेट में आम जनता और स्कूली विद्यार्थियों के लिए रखा गया है, ताकि वे प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को जान सकें और उससे प्रेरणा प्राप्त कर सकें। प्रदर्शनी का संकलन, संयोजन और प्रस्तुति छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, संस्कृति विभाग द्वारा किया गया है। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंग एवं जनपद दुर्ग सीईओ श्री रूपेश पाण्डेय भी उपस्थित थे।
- दुर्ग. छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में आयुष विभाग दुर्ग द्वारा 01 से 21 सितम्बर 2025 तक ‘हर दिन हर घर आयुर्वेद’ थीम पर विविध आयुर्वेदिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान की शुरुआत 01 सितम्बर को समस्त संस्थाओं में भगवान श्री धन्वंतरी की पूजा-अर्चना से की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम में पाम्पलेट वितरण कर आगामी 21 दिनों तक चलने वाले आयुर्वेद संबंधी आयोजनों की जानकारी दी गई। आज जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से आम जनता को आयुर्वेद के महत्व और उपयोगिता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु टीम बनाकर कार्य किया जा रहा है, जो विभिन्न संस्थाओं और समुदायों में पहुंचकर कार्यक्रम संचालन सुनिश्चित कर रही है।
- 0- समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों में तेजी लाने के निर्देशदुर्ग. कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अब सभी नई फाइलें केवल ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से ही प्रेषित की जाएं। इसी तरह अधिकारियों के अवकाश आवेदन भी इसी प्रणाली से प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की और साथ ही विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी अधिकारियों से प्राप्त की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर शीघ्र सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की जाए, ताकि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच सके।कलेक्टर ने राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सभी विभागों को अपनी-अपनी साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग को गतिविधियां संचालित करनी होंगी। वर्तमान में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर आयोजन करने को कहा गया है। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि इन आयोजनों का फोटो और वीडियो दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाना अनिवार्य होगा।स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगरीय निकायों को अनुपचारित जल प्रबंधन के लिए परियोजना प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा गया। वहीं 400 केवी डबल सर्किट पावरग्रिड रायपुर-पुल-धमतरी ट्रांसमिशन लाइन से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए गए।जिला शिक्षा अधिकारी से विद्यार्थियों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र बनाकर विद्यालयों में वितरण की योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कर शीघ्रता से कार्यवाही करते हुए उन्हें तहसील कार्यालय भेजा जाए, ताकि सत्यापन के उपरांत प्रमाण पत्र तैयार किए जा सकें। इसके अतिरिक्त प्रत्येक स्कूलों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट करने को भी कहा गया।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले में सिकल सेल की जांच संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बनाए गए संदिग्ध राशन कार्डों का भौतिक सत्यापन शीघ्र करने को कहा गया, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धान उपार्जन हेतु पीडीएस बारदाना के संग्रहण और सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति की जानकारी ली। इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि बारदाना का संग्रहण समितियों द्वारा किया जा रहा है और वे इसे अपनी कस्टडी में सुरक्षित रूप से रख रहे हैं।महतारी वंदन योजना के अंतर्गत होल्ड फॉर वेरिफिकेशन की श्रेणी में दर्ज हितग्राहियों का शीघ्र सत्यापन कराने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में विलंब होने से पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं, इसलिए संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कार्य पूर्ण करें, ताकि सभी पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके।बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अभिजीत बबन पठारे, एडीएम श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, अपर कलेक्टर श्री वीरेन्द्र सिंग, नगर निगम दुर्ग आयुक्त श्री सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई चरोदा आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी, श्रीमती सिल्ली थॉमस, एसडीएम श्री सोनल डेविड, श्री महेश राजपूत एवं श्री हितेश पिस्दा, डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव सहित समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
- 0- स्कूलों में हो गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा0- महतारी सदन का निर्माण उपर्युक्त स्थान पर होदुर्ग. संभागायुक्त श्री एस.एन. राठौर ने मंगलवार को संभाग कार्यालय के सभाकक्ष में संभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा युरिया खाद की मांग को ध्यान में रखते हुए संभाग अंतर्गत जिलों के डबल लॉक में उपलब्ध युरिया खाद सहकारी समितियों के माध्यम से मांग के आधार पर किसानों को वितरण कराई जाए। उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निजी उर्वरक दुकानों के सतत् निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही युरिया खाद की बिक्री निर्धारित दर से अधिक ना हो इस पर विशेष ध्यान देने कहा। अनियमितता पाए जाने पर जब्त खाद को भी समय पर किसानों को वितरित कराया जाए।संभागायुक्त श्री राठौर ने स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि युक्तियुक्तकरण पश्चात् स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था हो गई है। शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देवे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संयुक्त संचालक शिक्षा को गैर-शिक्षकीय कार्यों हेतु शिक्षकों का संलग्नीकरण अन्यंत्र कार्यालयों में नहीं करने के निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री आदि न हो यह सुनिश्चित किया जाए। नव प्रवेशी स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र समय पर बनाए जाए। संभागायुक्त श्री राठौर ने जेआरडी स्कूल के पास स्थित जिला ग्रंथालय में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने संयुक्त संचालक शिक्षा को निदेर्शित किया। उन्होंने आरईएस द्वारा ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे महतारी सदन की जानकारी लेते हुए कहा कि महतारी सदन का निर्माण उपर्युक्त स्थान पर हो, जहां गांव की महिलाएं आ-जा सके। संभागायुक्त श्री राठौर ने अधीक्षण अभियंता जल संसाधन से संभाग के जलाशयों में जल भराव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में फसल सिंचाई हेतु किसानों की मांग है, वहां नहरों से पानी छोड़ा जाए।संभागायुक्त श्री राठौर ने मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु शहरों के अलावा गांवों में भी जन-जागरूकता रैलियां आयोजित करने कहा। शहरी क्षेत्रों में यह रैली नियमित हो, जिसमें आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को शामिल किया जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन के महत्वपूर्ण संकेतकों तथा शत्-प्रतिशत एफएचटीसी प्राप्त करने वाले पंचायतों/ग्रामों की प्रगति की जानकारी ली। पीएचई विभाग के अधिकारी ने बताया कि मिशन अंतर्गत कार्य पूर्ण होने पर 797 गांवों को योजना हैंड ओवर कर दी गई है। इसी प्रकार 2900 गांवों में पेय जल सप्लाई किया जा रहा है। इन गांवों को हैंड ओवर नहीं किया गया है। सहकारिता विभाग के संयुक्त पंजीयक ने अवगत कराया कि पंचायतों को एक प्राथमिक सहकारी समिति से जोड़ने का कार्य प्रगतिरत् है। संभाग के कुल 2444 ग्राम पंचायतों में से 1109 ग्राम पंचायतों को समितियों द्वारा कव्हर किया गया है। इन पंचायतों में दुग्ध, मत्स्य एवं वनोपज समितियों के गठन को प्राथमिकता दी गई है। संभागायुक्त श्री राठौर ने सीजीएमएससी द्वारा निर्मित भवनों की जानकारी ली और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों पर की गई विभागीय कार्यवाही की भी समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त (राजस्व) श्री पदुमलाल यादव, उपायुक्त (विकास) श्री संतोष ठाकुर सहित समस्त विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
- भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई जोन क्रमांक 02 वैशाली नगर अंतर्गत रामनगर मुक्तिधाम तालाब एवं कुरूद बस्ती के नाला की साफ-सफाई का निरीक्षण आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय एवं जोन आयुक्त येशा लहरे द्वारा किया गया। निगम आयुक्त द्वारा निगम क्षेत्र के वार्डो, उद्यानों, तालाबों, सुलभ शौचालयों, बाजारों एवं अन्य जगहों का निरंतर भ्रमण किया जा रहा है। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने लगातार निगम का अमला अपने-अपने क्षेत्रों में युद्व स्तर पर कार्य कर रहे है। नगर निगम भिलाई क्षेत्र के मुख्य मार्ग, मोहल्लो, उद्यानों में प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त किया जा रहा है। तालाबों में उगे जलकुम्भी की सफाई भी मशीनों एवं सफाई गैंग लगाकर कराया जा रहा है। त्यौहारी सिजन लग चुका है, भिलाई शहर के मुख्य चौंक-चैराहों, गली-मोहल्लो में भगवान गणेश की प्रतिमा का स्थापना किया गया है। अक्सर देखा जाता है कि लोग तालाबों में भगवान की मूर्ति विसर्जित करने के साथ पूजा सामग्रीयों को तालाब में डाल देते है, जिसके कारण तालाब का पानी गंदा होने के साथ कचरा पानी के उपर बहकर किनारे पर आ जाता है।आयुक्त ने जोन आयुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली को निर्देशित किए है कि तालाबों के गेट पर मूर्ति विसर्जन प्रतिबंधित है, प्रतिबंध के संबंध में बैनर पोस्टर लगाया जाए। जोन 1 अंतर्गत आला बंध तालाब खम्हरिया, स्मृति नगर तालाब, आमा तालाब, लिम्हा तालाब एवं भेलवा तालाब, जोन 2 अंतर्गत वार्ड 22 शीतला तालाब, ढौर तालाब, बड़ा तालाब, घासीदास नगर तालाब एवं वार्ड 16 शीतला तालाब, जोन 03 अंतर्गत वार्ड 55 सेक्टर 2 तालाब एवं वार्ड 32 बैकुण्ठधाम तालाब, जोन 04 अंतर्गत वार्ड 50 बाबा बालक नाथ सरोवर, वार्ड 43 बापू नगर तालाब एवं वार्ड 41 लक्ष्मण नगर तालाब, जोन 05 अंतर्गत वार्ड 69 मानव परिसर तालाब एवं वार्ड 66 सेक्टर 07 शिवधाम तालाब में मूर्ति विसर्जन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। प्रतिबंधित तालाबों को छोड़कर मूर्ति विसर्जन के लिए अलग से कुण्ड बनाया जाएगा। श्रद्वालू निगम द्वारा बनाए गए कुण्ड में ही मूर्ति विसर्जित करें और पूजा सामग्री तालाब में न डालें। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा उपस्थित रहे।
- भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के प्रातः निरीक्षण के दौरान देखा कि वार्ड क्रं. 22 कुरूद ढांचा भवन रोड में बाबा स्वीट्स द्वारा नाली के उपर अवैध अतिक्रमण किया था। जिसके कारण नाली के पानी का निकासी ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा था और पानी भरकर सड़क पर बह रहा था। जिसकी शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में स्थानीय निवासियों द्वारा दर्ज कराया गया था। प्राप्त शिकायत एवं निगम आयुक्त के निर्देश पर आज जोन 02 वैशाली नगर के सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाबा स्वीट्स द्वारा नाली के उपर अवैध अतिक्रमण किया गया था, उसे जे.सी.बी के माध्यम से तोड़कर हटाया और जाम नाली से पानी निकासी की व्यवस्था बनाया। इस दौरान जोन 02 के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
- भिलाईनगर। केन्द्र सरकार की अमृत मित्र 2.0 पहल के तहत वूमन फार ट्री योजना अंतर्गत नगरीय निकाय क्षेत्र की स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से 12500 पौधो का रोपण कर रखरखाव कराए जाने के निर्देश प्राप्त है। नगर निगम भिलाई में 40 उद्यानों में वृक्षारोपण कराने निविदा आमंत्रित किया गया था। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने पश्चात कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। वर्तमान में 60 प्रतिशत वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।शेष 40 प्रतिशत वृक्षारोपण विधिवत कराने निगम सभागार में सभी महिला स्व-सहायता को प्रशिक्षण हेतु बुलाया गया। जिसमें समूह की महिलाओं को पौधो की प्रजाति, पौधो की दूरी, पानी, खाद, निंदाई-गुढाई एवं सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से सभी प्रकार के समस्याओं से अवगत हुए और उसका निराकरण किया गया। आयुक्त से चर्चा कर बेहतर करने कार्य करने सलाह लिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, कार्यपालन अभियंता वेशराम सिन्हा, उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू, सहायक अभियंता प्रिया करसे, उपअभियंता श्वेता महेश्वर, सहायक उद्यान अधिकारी संजय शर्मा, लिपिक त्रिवेणी देशपाण्डे, प्रोसेस सर्वर गोपाल यादव, सुपरवाइजर दीपक गुप्ता उपस्थित रहे।
- 0- आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 सितंबरबालोद. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिला उत्थान तथा उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करने वाले एवं वीरत, शौर्य और साहस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रतिवर्ष विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाता है। जिसके अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के महिलाओं से मिनी माता सम्मान, बहादुर कलारिन सम्मान एवं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी सम्मान के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इस संबंध में इच्छुक महिला आवेदक 26 सितंबर 2025 तक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कक्ष क्रमांक 79 संयुक्त जिला कार्यालय सिवनी में संपर्क कर अपना आवेदन जमा कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी तथा आवेदन पत्र प्रारूप जिले के वेबसाईट बालोद डाॅट जीओवी डाॅट इन पर अवलोकन किया जा सकता है।
- रायपुर. माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और रायपुर जिला प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा - निर्देश के अनुरूप महापौर श्रीमती मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर रायपुर नगर पालिक निगम के सभी 10 जोनों की टीमों द्वारा अभियान चलाकर जोन क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों में मानिटरिंग करके सड़कों पर आवारा पशुओं की धरपकड़ कर उन्हें गौठानों में काउकेचर वाहन से भेजे जाने की कार्यवाही प्रतिदिन तेज गति निरंतर प्रगति पर है.आज दिनांक 2 सितम्बर 2025 को रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा 50 आवारा पशुओं की विभिन्न सड़क मार्गो से धरपकड़ कर उन्हें काऊकैचर वाहन की सहायता से गौतनों में भेजा गया।अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा सभी 10 जोनों में दिन भर अभियान चलाकर राजधानी शहर रायपुर निगम क्षेत्र में विगत 31 दिनों में विभिन्न सड़क मार्गो से 1588 आवारा पशुओं की धरपकड़ कर उन्हें गौठानों में भेजा गया है.यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रतिदिन दिन भर चलाये जा रहे अभियान की सतत मॉनिटरिंग महापौर, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष, आयुक्त के निर्देश पर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य श्री विनोद पाण्डेय और निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रीति सिंह द्वारा की जा रही है और सभी जोन कमिश्नरों ने जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर आवारा पशुओं को काऊकैचर वाहनों की सहायता से गौठानों में भिजवाने की व्यवस्था दी जा रही है. अभियान निरंतर जारी रहेगा।
- रायपुर. आज रायपुर जिला कलेक्टर डॉक्टर गौरव कुमार सिंह और नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप की पहल पर राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा बाजार के व्यापारियों ने छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी को बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शासन द्वारा चलाये जा रहे राहत अभियान हेतु सहयोग के लिए पंडरी कपड़ा बाजार व्यापारी संघ के पदाधिकारियों और सदस्य व्यापारियों की ओर से 500 सेट मच्छरदानियां प्रदत्त की हैँ.छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सह महासचिव सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री एम. के राउत को पंडरी के व्यापारियों ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत हेतु मच्छरदानियों के सेट प्रदत्त किये.
- रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग अंतर्गत राज्य शहरी विकास अभिकरण के दिशा - निर्देशों के अनुरूप महापौर श्रीमती मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, जोन 5 जोन अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल,पण्डित सुन्दर लाल शर्मा वार्ड क्रमांक 41की पार्षद और नगर निगम महिला एवं बाल विकास विभाग की अध्यक्ष श्रीमती सरिता आकाश दुबे, आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर जोन 5 जोन कमिश्नर श्री खीरसागर नायक, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री सन्दीप वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक श्री दिलीप साहू की उपस्थिति में नगर निगम जोन 5 स्वास्थ्य विभाग की पहल पर जोन अंतर्गत वार्ड 41 क्षेत्र अंतर्गत सुन्दर नगर में जगन्नाथ मन्दिर के समीप स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025 अंतर्गत श्रीगणेश पंडाल में श्रीगणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों और आमजनों ने सामूहिक स्वच्छता शपथ ली.इसी प्रकार स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025 के अंतर्गत नगर निगम जोन 7 स्वास्थ्य विभाग की पहल पर जोन 7 जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष श्री भोलाराम साहू, नगर निगम जोन 7 जोन कमिश्नर श्री राकेश शर्मा के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता श्री ईश्वर लाल टावरे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री आत्मानंद साहू के मार्गदर्शन में जोन 7 अंतर्गत रामनगर संत कबीर चौक के पास श्रीगणेश पंडाल के श्री गणेश उत्सव समिति पदाधिकारियों ने आमजनों सहित सामूहिक स्वच्छता शपथ ली.
- दुर्ग. खरीफ 2025 में जिले के कृषकों के मांग अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उच्च गुणवत्तायुक्त आदान सामग्री यथा- उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिये कृषि विभाग द्वारा सघन अभियान चलाते हुये जिले के निजी एवं सहकारी प्रतिष्ठानों का सतत् निरीक्षण किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में उर्वरकों की सतत् आपूर्ति हेतु जिले के विक्रय प्रतिष्ठानों का 02 सितम्बर 2025 को राज्य स्तर से अपर संचालक कृषि श्री आर.के.चंद्रवंशी एवं संयुक्त संचालक कृषि श्रीमती गोपिका गबेल, जिले के भ्रमण पर रहे। भ्रमण के दौरान जिले में पदस्थ समस्त उर्वरक निरीक्षकों को विक्रय प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करने एवं अनियमितताएं पाये जाने पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।अपर संचालक कृषि श्री आर.के.चंद्रवंशी एवं संयुक्त संचालक कृषि श्रीमती गोपिका गबेल एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा विकासखण्ड-दुर्ग के सेवा सहकारी समिति अण्डा का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत पीओएस स्कंध एवं भौतिक स्कंध में अंतर पाये जाने के कारण उक्त संस्थानों को कारण बताओं नोटिस जारी कर समाधानकारक जवाब 03 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिया गया। जिला विपणन अधिकारी दुर्ग के संग्रहण केन्द्र का निरीक्षण कर पेंडिंग आर.ओ. एवं डी.डी. के संबंध में चर्चा कर शून्य उर्वरक वाली समितियों में तत्काल उर्वरक भंडारण करवाने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान जिले में संभाग स्तरीय नव निर्मित क्षेत्रीय कृषि प्रसार एवं प्रशिक्षण संस्थान रुआबांधा, दुर्ग के प्रशिक्षण हाल एवं कृषक छात्रावास एवं मिट्टी परीक्षण प्रयोगशाला रुआबांधा का भी निरीक्षण किया गया।अपर संचालक कृषि के निर्देशानुसार क्षेत्रीय उर्वरक निरीक्षकों द्वारा विकासखंड दुर्ग के 04 प्रतिष्ठान, विकासखंड धमधा के 05 प्रतिष्ठान एवं विकासखंड पाटन के 01 प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाये जाने पर विकासखंड धमधा के क्षेत्रीय उर्वरक निरीक्षक द्वारा अग्रवाल कृषि केन्द्र एवं हार्डवेयर-पथरिया का निरीक्षण कर प्रतिष्ठान के अनुज्ञप्ति पत्र, समस्त दस्तावेज-स्कंध पंजी, बिल बुक, प्रतिष्ठान में विक्रय हेतु उपलब्ध उर्वरकों का पीओएस मशीन से मिलान कर अवलोकन किया गया। किसान सेवा केन्द्र धमधा, ताम्रकार कृषि केन्द्र धमधा, ताम्रकार फर्टिलाईजर धमधा, का निरीक्षण कर निरीक्षक द्वारा रजिस्टर का संधारण नहीं किये जाने के कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही लक्ष्मी फर्टिलाईजर धमधा में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के खण्ड 8(3) का उल्लंघन पाये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जप्ती की कार्यवाही की गई है।विकासखंड दुर्ग के क्षेत्रीय उर्वरक निरीक्षक द्वारा सेवा सहकारी समिति मचांदूर, चंद्राकर ट्रेडर्स मचंादूर, चिराग कृषि केन्द्र घुघसीडीह, का निरीक्षण किया गया जिसमें सेवा सहकारी समिति मचांदूर में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत पीओएस स्कंध एवं भौतिक स्कंध में अंतर पाये जाने के कारण, कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।जिले के कुल 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के अंतर्गत अनियमितता पाये जाने वाले 06 प्रतिष्ठानों में नियमानुसार कार्यवाही की गई। कृषकों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने हेतु कृषि विभाग के अधीनस्थ मैदानी निरीक्षकों को कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों का सतत् निरीक्षण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
- 0- जिला इनक्यूबेशन हब दुर्ग में एक दिवसीय बेसलाइन स्टडी का आयोजनदुर्ग. ’’महिलाओं के सपनों को अवसरों से जोड़ने’’ के उद्देश्य से जिला इनक्यूबेशन हब में एक दिवसीय बेसलाइन स्टडी का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दुर्ग प्रशासन, टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज इनक्यूब फाउंडेशन तथा कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।इस विशेष आयोजन में स्थानीय महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। लगभग 80 महिलाएँ की 8 स्व-सहायता समूहों तथा 12 व्यक्तिगत महिला उद्यमियों ने पूरे दिन गहन संवाद और विचार-विमर्श में हिस्सा लिया। इस संवाद का उद्देश्य महिलाओं की वास्तविक चुनौतियों, जमीनी हकीकतों और उनके सामने आने वाली उद्यमशील कठिनाइयों को समझना तथा उन्हें अवसरों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त करना था।दिनभर चलने वाले इस आयोजन को कई समाजसेवियों और प्रेरक हस्तियों की उपस्थिति ने और भी ऊर्जा प्रदान की। इनमें एडीके मेकर्स प्रा. लि. के संस्थापक एवं जिला इनक्यूबेशन हब के अग्रणी इनक्यूबी श्री राहुल धिंगरा, गुरुग्राम की समाजसेवी श्रीमती रंजना यादव, दुर्ग की श्रीमती कंचन सिंह और आगा खान सोशल वेलफेयर बोर्ड की चेयरपर्सन श्रीमती अमीना हीरानी शामिल है।बेसलाइन स्टडी का उद्देश्यमहिला उद्यमियों की वास्तविक स्थिति, उनकी चुनौतियों और संभावनाओं को समझना, ताकि उन्हें उपयुक्त संसाधन, प्रशिक्षण और बाज़ार से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के दौरान, एडीके मेकर्स प्रा. लि. के संस्थापक एवं जिला इनक्यूबेशन हब (क्प्भ्) के अग्रणी इनक्यूबी श्री राहुल धिंगरा ने महिला उद्यमियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने उद्यमिता की बारीकियों, उभरते बाज़ार की मांगों तथा अत्याधुनिक तकनीकी समाधानों के उपयोग पर अपना समृद्ध अनुभव साझा किया।एडीके मेकर्स की भूमिकामहिलाओं के व्यावसायिक विचारों को इनोवेशन आधारित मॉडल में बदलने में सहयोग। आधुनिक तकनीक, डिज़ाइन थिंकिंग और डिजिटल टूल्स से महिला उद्यमियों को प्रशिक्षित करना। उनके उत्पादों और सेवाओं को नए बाज़ारों तक पहुँचाने के लिए नेटवर्किंग और ब्रांडिंग सपोर्ट। वित्तीय प्रबंधन और निवेश तक पहुँच दिलाने में मार्गदर्शन। इस तरह एडीके मेकर्स महिलाओं के उद्यम को स्थानीय से वैश्विक स्तर तक ले जाने में एक मज़बूत हस्तक्षेप कर सकता है। महिला उद्यमियों ने भी अपने अनुभव और कठिनाइयाँ साझा करते हुए कार्यक्रम को सार्थक बनाया। कई महिलाओं ने यह स्वीकार किया कि वे लंबे समय से छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन संसाधनों और मार्गदर्शन की कमी के कारण ठहराव महसूस कर रही थीं। यह आयोजन उनके लिए नए विचार, संपर्क और हौसला लेकर आया। कार्यक्रम का समापन जिला इनक्यूबेशन हब के प्रोग्राम मैनेजर श्री समीरन मित्रा के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को दीर्घकालिक अवसरों से जोड़ने की यात्रा का आरंभ है। इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि जब महिलाओं के सपनों को अवसरों से जोड़ा जाता है, तो वे समाज और अर्थव्यवस्था दोनों में नए परिवर्तन की वाहक बन सकती हैं।
- 0- ‘सोशल मीडिया का छात्र जीवन में प्रभाव’ पर हुई वाद विवाद स्पर्धा में0- तन्मय भगाड़े और प्रिया राठौर विजेतारायपुर। सोशल मीडिया प्लेटफार्म हमारे युवा समाज के लिए अभिशाप है और वरदान भी। इन दोनों को जस्टिफाई करने लिए सबसे अधिक जिम्मेदार इसके इस्तेमाल के समय, उपयोग, दूरदर्शिता और उद्देश्य पर निर्भर करता है। एक सही मैसेज जहां पीड़ित को न्याय दिलाता और सही बात लाखों लोगों तक पहुंचाता है। वहीं एक गलत मैसेज का फारवर्ड होना इतना खतरनाक हो सकता है, कि देखते ही देखते लाखों लोग सड़क पर उतर आते हैं। ‘सोशल मीडिया का छात्र जीवन पर प्रभाव’ विषय पर हुई वाद विवाद स्पर्धा में विभिन्न शालाओं के छात्र-छात्राओं ने अपनी बातें दमदार कंटेंट के साथ न केवल प्रस्तुत की, बल्कि प्रतिद्वंद्वी वक्ताओं के तर्कों को अपनी सटीक उदाहरणों के साथ काटा भी।महाराष्ट्र मंडल के मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के छठवें दिन आयोजित शालेय वाद विवाद स्पर्धा में मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल सहित श्री बालाजी विद्यालय, माता सुंदरी कालीबाड़ी स्कूल के बच्चे भी शामिल हुए। एक के बाद एक वक्ता छात्र - छात्राओं ने अपने सुलझे हुए तर्कों से सामने प्रतिद्वंद्वी पर भरपूर हमले किए। वक्ताओं ने कहा कि निर्भया कांड के बाद सोशल मीडिया ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में मदद की। वहीं इसी सोशल मीडिया से कोविड काल में वैक्सीन के दुष्प्रभाव की अफवाह के कारण न जाने कितने लोगों ने वैक्सीन नहीं लगाई और उनकी जान चली गई।स्पर्धा में कालीबाड़ी स्कूल के गौरव शर्मा, विवेक, संत ज्ञानेश्वर स्कूल की कोमल जांगे, हिमांशी लोढ़ा, तन्मय भगाड़े, श्रद्धा इस्सर, श्री बालाजी स्कूल की चयनिका पांडे, प्रिशा राठौर ने अपने प्रभावी संबोधनों से प्रभावित किया। युवा समिति की प्रमुख डा. शुचिता देशमुख ने बताया कि स्पर्धा में निर्णायक की भूमिका महाराष्ट्र मंडल साहित्य समिति की प्रमुख वरिष्ठ कुमुद लाड और सचेतक रविंद्र ठेंगड़ी ने अदा की। दोनों निर्णायकों ने कार्यक्रम के उपरांत बच्चों को उच्च स्तरीय वाद-विवाद में भाग लेने की तकनीक साझा की।स्पर्धा में पक्ष में एसडीवी के तन्मय भगाड़े प्रथम और श्री बालाजी स्कूल की चयनिका देवांगन द्वितीय रही। वहीं विपक्ष में श्री बालाजी स्कूल की प्रिशा राठौर प्रथम और एसडीवी की श्रद्धा इस्सर द्वितीय स्थान पर रहीं। इस अवसर युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे, रीना बाबर, उदित बक्षी, मेघा पोतदार, समीर देशमुख और करिश्मा अंजनकर ने भरपूर सहयोग दिया।
- 0- समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश0- सभी विभागों को रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का समुचित एंट्री करने को कहाबालोद. बालोद जिले को कुपोषण मुक्त बनाने हेतु सभी जिला स्तरीय अधिकारी जिले के कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें सुपोषित बनाने हेतु उनका समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारियों से इस संबंध में सहमति लिए जाने पर सभी अधिकारियों ने इस पुनीत कार्य के लिए सहर्ष अपनी सहमति दी। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को इस संबंध में कार्य योजना बनाकर प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारियों को एक-एक कुपोषित बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए।इसके अलावा उन्होंने विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों को भी अपने-अपने विकासखण्डों के कुपोषित बच्चों की समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिम्मेदारी देने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण होेने के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सभी विभागों द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों के द्वारा रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का https://cg25.cgstate.gov.in/ पोर्टल में नियमित रूप से एंट्री करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कुपोषित बच्चों को गोद लेने वाले सभी अधिकारियों को पौष्टिक भोजन, फल, अण्डा, दुध, गुड़ इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के अलावा उनका नियमित माॅनिटरिंग भी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के द्वारा जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने हेतु की जा रहे उपायों की समीक्षा की। इसके अंतर्गत उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनपद पंचायत केे मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सड़कों एवं चैक-चैराहों में विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने हेतु की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने गौधाम योजना अंतर्गत सड़कों एवं चैक-चैराहों में विचरण करने वाले गौवंश पशुओं को सुरक्षित रखने जिले के प्रत्येक विकासखण्ड गौधाम निर्माण कार्य के प्रगति की भी समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने समिति गठित कर गौधाम निर्माण करने के लिए जगह का भी चयन करने की कार्रवाई को शीघ्र पूरा करने को कहा।उन्होंने बैठक में उपस्थित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को गौधाम निर्माण हेतु चिन्हित स्थानों के संबंध में भी जानकारी दी। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के उपायों के अंतर्गत जिले के पेट्रोल पंपों में बिना हेलमेट पहनकर पेट्रोल खरीदी हेतु आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नही देने संबंधी आदेश के क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने जिला परिवहन अधिकारी को पेट्रोल पंपों में आॅथराइज्ड डीलर के माध्यम से हेलमेट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों से डिजिटल फसल सर्वेक्षण के कार्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक से जिले में खाद, बीज की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
- 0- अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एव समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देशबालोद. संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्थानों से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहुँचे आम नागरिकों के लिए राहत भरा साबित हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मधुर एवं आत्मीय बातचीत कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। जनदर्शन में आज ग्राम बालोदगहन के बलराम साहू ने जमीन विवाद सुलझाने, ग्राम तितुरगहन के रामकिशुन ने वृद्धा पेंशन दिलाने, ग्राम सोंहपुर की परमिला बाई ने प्रधामनंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम तरौद की नीलिमा ने पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम नेवारीकला के मुरलीधर ने वृद्धा पेंशन दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या मंे लोग कलेक्टर से मुलाकात करने पहुँचे थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से बारी-बारी से मुलाकात कर पूरी आत्मीयता से उनके मांगों एवं समस्याओं को सुना। श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से जनदर्शन में पहुँचे लोगों के मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेटक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
- बालोद. अपर संचालक कृषि श्री आर. के. चन्द्रवंशी, संभागीय संयुक्त संचालक कृषि दुर्ग श्रीमती गोपिका गबेल द्वारा बालोद जिले में सेवा सहकारी समिति, कचांदुर एवं डबल लॉक सेंटर, गुण्डरदेही का औचक निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग के उपसंचालक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति कचांदुर के पी.ओ.एस. मशीन के स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में अंतर होने के कारण उन्हें उर्वरक निरीक्षक के द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया एवं उपलब्ध उर्वरकों को किसानों को तत्काल वितरण हेतु समिति त्रिबंधक को निर्देश दिए गए। संयुक्त संचालक कृषि के द्वारा उपलब्ध उर्वरक को तत्काल एकनॉलेज कर वितरण हेतु निर्देश दिए।डबल लॉक सेंटर में भी प्राप्त उर्वरकों को तत्काल सोसायटियों में भेजने के निर्देश प्रसारित किए गए। इसी परिपेक्ष्य में राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार विकासखण्ड गुरूर में निजी कीटनाशक विक्रय केन्द्र मेसर्स कलिहारी कृषि केन्द्र में जिला स्तरीय टीम के द्वारा निरीक्षण किया गया तथा अनियमितता पाये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। विकासखण्ड गुण्डरदेही में मेसर्स गांधी हार्डवेयर एवं कृषि केन्द्र गुण्डरदेही के विक्रय परिसर का निरीक्षण किया गया। जहाँ अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उर्वरकों के वितरण, गुण नियंत्रण में पारदर्शिता लाने एवं कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग के द्वारा सख्त निगरानी की जा रही है। जिले में कृषि आदान विक्रेताओं के द्वारा अनियमितता पाये जाने पर लगातार कार्यवाही की जा रही है।उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय टीम के द्वारा कृषक श्री बिसालीराम, ग्राम खलारी के खेत में पैडी ट्रांसप्लाटर से हुई धान की रोपाई का निरीक्षण किया गया। कृषक के द्वारा बताया गया कि रोपाई की यह तकनीक आसान है एवं इसके उपयोग से लागत में काफी कमी आई है। अधिकारियों के द्वारा कृषक की प्रशंसा करते हुए उन्हें अन्य किसानों को भी प्रेरित कर रोपाई की इस उन्नत तकनीक से खेती करवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान ग्राम खलारी में मेडों पर अरहर एवं तिल की फसल का अवलोकन किया गया। जहाँ समय पर कीटनाशक एवं उर्वरकों का उपयोग कर अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, गुण्डरदेही उर्वरक निरीक्षक एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।
- 0- ग्राम राखी बन रहा महिला सशक्तिकरण का केंद्ररायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में "मेरा गांव, मेरी पहचान" परियोजना की शुरुआत की गई है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के 80 से अधिक ग्रामों का चयन कर प्रत्येक गांव के लिए विभागीय अधिकारियों को क्रियान्वयन अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ-साथ शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे।विशेष रूप से आरंग का ग्राम राखी, महिला हितैषी ग्राम के रूप में चयनित किया गया है। इसकी क्रियान्वयन अधिकारी जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर हैं। 471 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले 1,877 की आबादी वाले इस गांव में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।ग्राम पंचायत राखी को बाल विवाह मुक्त, कुपोषण मुक्त, घरेलू हिंसा मुक्त और नशा प्रतिषेध ग्राम बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" अभियान के तहत किशोरी बालिकाओं के लिए कौशल विकास शिविर और कानूनी अधिकार कार्यशालाएँ आयोजित की जा रही हैं। इनमें मानसिक, शारीरिक और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया है।अब तक गांव में बाल विवाह रोकथाम कार्यशाला, बाल संदर्भ शिविर तथा हर घर मुनगा अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। आगामी समय में भी सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों के जरिए ग्राम पंचायत राखी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है।
- रायपुर/ माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन की नवाचार पहल प्रोजेक्ट रक्षा के तहत अब तक कुल 325 महिलाओं की कैंसर की स्क्रीनिंग की गई है।इस निःशुल्क कैंसर स्वास्थ्य जांच शिविर में मुख (ओरल), स्तन (ब्रेस्ट) तथा गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के स्क्रीनिंग की जा रही है।प्रोजेक्ट रक्षा, जिला प्रशासन द्वारा बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए संचालित किया जा रहा है, जिससे समय रहते बीमारी का पता चलने पर जीवन बचाना आसान हो सके।आपका एक कदम - जीवन की रक्षा की ओर” की भावना को लेकर प्रोजेक्ट रक्षा के तहत जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में बालको मेडिकल सेंटर की टीम, मोबाइल कैंसर डिटेक्शन वैन के माध्यम से गांव-गांव पहुंच रही है।यह टीम ग्रामीण महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ 3 प्रकार के कैंसर के लक्षणों की जानकारी और बचाव के उपाय को समझाते हुए स्क्रीनिंग कर रही है, ताकि प्रारंभिक अवस्था में ही कैंसर की पहचान कर जीवन रक्षा संभव हो सके।
- रायपुर। छत्तीसगढ़ शासक जल संसाधन विभाग द्वारा धमतरी जिले की दो सिंचाई योजना के कार्याें को लिए 5 करोड़ 16 लाख 67 हजार रुपयें स्वीकृत किये हैं। स्वीकृत कार्यों में धमतरी के ग्राम सेमरा में देवरी नाला पर स्टाप डेम निर्माण कार्य के लिए तीन करोड़ 35 लाख 33 हजार रुपयें स्वीकृत कियें गये है। इसी प्रकार से ग्राम मड़ाई भांठा में स्टाप डेम निर्माण के लिए एक करोड़ 81 लाख 24 हजार रुपयें स्वीकृत किये गये हैं मंत्रालय महानदी भवन जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई योजनाओं के कार्यों को पूर्ण कराने के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
- 0- कार्य-योजना तैयार रखने कलेक्टर ने दिए निर्देश0- कलेक्टर ने टीएल बैठक में की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा0- प्रतिष्ठित कम्पनी में जिले की 136 बच्चियों के चयन पर जताई खुशीबिलासपुर/ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सड़क मरम्मत एवं सुधार की कार्य-योजना तैयार रखने को कहा है। ताकि बरसात के बाद तत्काल इस पर काम किया जा सके। उन्होंने जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए तेजी से काम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में बताया कि यूरिया की बड़ी खेप जिले में जल्द पहुंचने वाली है। उन्होंने मुनाफाखोरी करने वाले निजी खाद दुकानों पर छापामार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर मंगलवार को मंथन सभा कक्ष में साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों की बैठक लेकर इस आशय के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।कलेक्टर ने बैठक में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार बिलासपुर जिले में भी वेटलैण्ड का सर्वे किया जाना है। बताया गया कि जिले में 825 वेटलैण्ड चिन्हांकित किये गये हैं। इन सभी संरचनाओं का सीमांकन किया जाना है। उन्होंने राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को इसके लिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। आदि कर्मयोगी मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गांवों के उत्साही युवाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। ऐसे युवा विभिन्न योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़कर इसका लाभ दिलाने में प्रशासन को मदद करेंगे। गौरतलब है कि जिले में 102 गांव आदि कर्मयोगी मिशन योजना में शामिल हैं। शासकीय येाजनाओं का लाभ दिलाने में जनभागीदारी सुनिश्चित करना इस योजना का प्रमुख ध्येय है। कलेक्टर ने बैठक में पीएम जनमन योजना की विशेष समीक्षा की और संतृप्ति लेवल हासिल करने के लिए बचे हुए काम जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने रजत महोत्सव की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को छत्तीसगढ़ के 25 साल की उपलब्धियों की जानकारी जिला पंचायत में जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संख्यात्मक जानकारी के साथ सेवा की गुणवत्ता में आये बदलाव की जानकारी भी शामिल किया जाये। कलेक्टर ने भरूच स्थित निजी क्षेत्र की टायर कम्पनी योकोहामा में मशीन ऑपरेटरिंग नौकरी के लिए चयनित 136 बच्चियों के साहस की सराहना की। उन्होंने बच्चियों के पालकों की बैठक आयोजित कर उनकी सहमति एवं विश्वास हासिल करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने पीएम पोर्टल, सीएम जनदर्शन, ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री की घोषणा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की और तेजी से इनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
- राजनांदगांव। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय अंचलों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संचालित आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने निजी होटल में डिस्ट्रिक्ट प्रोसेस लैब का शुभारंभ किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि आदि कर्मयोगी अभियान केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। जिसका उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना और विभिन्न विभागों की प्रत्येक योजना से गांव के अंतिम व्यक्ति को जोडऩा है। इसके लिए शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, आदि कर्मयोगी, व्यावसायिक कार्यकर्ता सहित अन्य सहयोगी, अशासकीय संस्था, स्वसहायता समूह, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण युवा साथी बनकर गांव के अंतिम व्यक्ति तक एक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सभी से आदि कर्मयोगी अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।आदि कर्मयोगी अभियान के जिला प्रभारी श्री सुशील कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर 20 लाख आदि कर्मयोगी भारत में तैयार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 1 लाख 33 हजार आदि कर्मयोगी तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठ और उत्तरदायी शासन स्थापित करने कहा। सहायक आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग सुश्री दीक्षा गुप्ता ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग राजनांदगांव द्वारा तीन दिवसीय डिस्ट्रिक्ट प्रोसेस लैब में जिला स्तर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला बाल विकास विभाग, कृषि विभाग तथा अशासकीय संस्थाओं के चयनित 28 प्रतिभागी शामिल हो रहे है। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रदायकर्ता श्री यशवंत वर्मा, श्री दीपक ठाकुर, सुश्री रेणुका कन्नौजे, श्री किशोर माहेश्वरी, श्री वीरेंद्र वैष्णव, श्री दिलीप कुमार, श्री अमितेश सिंह परिहार तथा अधीक्षक श्री पुरेंद्र, श्री प्रशांत, श्री मोहनीस, श्री निखिल, सुश्री विनीता, सुश्री जया एवं सुश्री स्मृति उपस्थित थे।
- रायपुर। ज़िन्दगी ना मिलेगी दोबारा सेवा संस्था, रायपुर द्वारा अपने नवम् स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हुलास पाठक को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित 'कृषि रत्न सम्मान' प्रदान किया गया। यह सम्मान देश के ख्याति लब्ध कृषि वैज्ञानिक स्वर्गीय डॉ. मणिशंकर शर्मा की स्मृति में कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है।समारोह सांसद बृजमोहन अग्रवाल , , महापौर मीनल चौबे सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में रायपुर के वृंदावन हॉल में आयोजित किया गया, जहाँ प्रो. पाठक को यह पुरस्कार उनके कृषि व्यवसाय, उद्यमिता विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक की उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।प्रो. हुलास पाठक वर्तमान में इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय में कृषि व्यवसाय एवं ग्रामीण प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। इसके साथ ही, वे भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा समर्थित 'आर के वी वाई रफ्तार एग्रीबिजनेस इंक्यूबेटर' के प्रधान अन्वेषक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने 30 वर्षों के करियर में कृषि अर्थशास्त्र, विपणन, कृषि व्यवसाय, उद्यमिता, इंक्यूबेशन प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण के अर्थशास्त्र और कृषि में बौद्धिक संपदा अधिकार प्रबंधन जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण कार्य किया है।प्रो. पाठक कृषि अनुसंधान संघ, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा, वे कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों, व्यावसायिक मंडलो और छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग की नवाचार परिषदों में विशेषज्ञ सदस्य के रूप में भी अपना योगदान दे रहे हैं। यह सम्मान स्वर्गीय डॉ. मणिशंकर शर्मा के कार्यों को चिरस्थाई बनाए रखने के उद्देश्य से उनके परिवारजनों द्वारा शुरू किया गया है और हर वर्ष कृषि शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तित्व को दिया जाता है।



























