- Home
- देश
- रांची। चारा घोटाले से संबंधित दुमका कोषागार गबन मामले में सजा काट रहे राजद नेता लालू प्रसाद की हिरासत अवधि संबंधी जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई फिर स्थगित हो गई।झारखंड उच्च न्यायालय में आज इस मामले में सुनवाई होनी थी और लालू के अधिवक्ताओं ने राजद नेता को जमानत मिलने एवं देर शाम तक न्यायिक हिरासत से उनके रिहा होने की उम्मीद जताई थी, लेकिन मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआई ने लालू की न्यायिक हिरासत अवधि पर उनके वकील के दावे पर सवाल उठाया और कहा कि अभी लालू ने सिर्फ 37 माह, 12 दिन ही हिरासत में काटे हैं। इसके बाद न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने मामले की सुनवाई आगामी सप्ताह के लिए स्थगित कर दी जो अब 19 फरवरी को होने की संभावना है। न्यायालय ने लालू प्रसाद और सीबीआई से राजद नेता की न्यायिक हिरासत अवधि की सत्यापित प्रति मांगी।
- जयपुर। राजस्थान के चित्तौडगढ़ जिले में शुक्रवार को एक अनुबंधित बस के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 22 अन्य घायल हो गये।पुलिस ने बताया कि रिथोलो क्रॉसिंग के पास भीलवाड़ा से उदयपुर जा रही एक बस के चालक ने बाइक को बचाने के प्रयास में वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वह पट गई। उन्होंने बताया कि बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 22 अन्य घायल हो गये। घायलो में से दो लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों को चित्तौडग़ढ के सांवलिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- लखनऊ। विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने गुरुवार को निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी को अपहरण के एक मामले में पेश नहीं होने पर भगोड़ा घोषित कर दिया।न्यायाधीश पीके राय ने वर्ष 2014 में एक ठेकेदार के अपहरण के मामले में कई वारंट जारी होने के बावजूद त्रिपाठी के अदालत में पेश नहीं होने पर उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई चार मार्च को होगी। अदालत ने त्रिपाठी के अब भी पेश नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी है।गौरतलब है कि वर्ष 2014 में गोरखपुर के एक ठेकेदार ऋषि कुमार पांडे ने राजधानी लखनऊ के गौतमपल्ली थाने में दर्ज मामले में त्रिपाठी पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस मामले में 28 जुलाई 2017 को अमनमणि के खिलाफ आरोप तय हो गए थे लेकिन कई बार वारंट जारी होने के बावजूद वह अदालत में पेश नहीं हुए। चर्चित मधुमिता हत्याकांड मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि महराजगंज जिले की नौतनवा सीट से विधायक हैं।
- अमेठी (उप्र)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे शुभम प्रजापति का शव शुक्रवार को अमेठी में खरौना गांव के पास रेल पटरी से बरामद किया गया।अमेठी के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि परिजनों के मुताबिक शुभम (20) 11 फरवरी की शाम को घर से निकला था और शुक्रवार सुबह उसका शव अमेठी के खरौना के पास रेल पटरी पर मिला। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) शव का पोस्टमार्टम एवं अन्य विधिक कार्रवाई करा रही है । उन्होंने बताया कि शव से सिर कटा हुआ था और पास ही पड़ा था। गौरतलब है कि शुभम पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का भतीजा है। गायत्री प्रसाद प्रजापति कई आपराधिक मामलों में जेल में बंद है।
-
नई दिल्ली। रेलवे बुधवार को पहला वातानूकूलित (एसी) थ्री-टियर किफायती श्रेणी (इकोनॉमी क्लास) सामने लेकर आया जिसे रेल मंत्रालय ने दुनिया का सबसे सस्ता और सबसे बेहतरीन एसी यात्रा करार दिया है। अधिकारियों ने बताया कि ये डिब्बे किफायती होंगे और ये मौजूदा एसी थ्री-टियर और गैर एसी शयनयान वर्ग के डिब्बों के बीच होगा। इसे रेल कोच फैक्टरी (आरसीएफ) कपूरथला ने आगामी परीक्षण के लिए लखनऊ के अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन के पास भेजा है। इस कोच की परिकल्पना आरसीएफ ने तैयार की और इसके डिजाइन पर अक्टूबर 2020 से अनवरत काम हुआ। इस नए कोच में ज्यादा यात्री सफर कर सकते हैं क्योंकि इसमें बर्थ की संख्या बढ़ाकर 72 से 83 की गई है। मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि इस डिजाइन में कई नवोन्मेष किया गया है। प्रत्येक कोच में दिव्यांग लोगों की सुगमता के हिसाब से शौचालय का दरवाजा तैयार किया गया है। डिजाइन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई तरह के सुधार किए गए हैं, पहले की तुलना में अब हर बर्थ पर एसी डक्ट लगा रहेगा, जहां से ठंडी हवा आती है। वहीं इन कोचों में प्रत्येक बर्थ पर निजी लाइट लगाई गई है, जिससे यात्री अब आराम से पढ़ सकते हैं और मोबाइल चार्जिंग प्वांइट भी प्रत्येक बर्थ पर दी गई है।
-
भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ का मंदिर रविवार समेत पूरे सप्ताह खुला रहेगा और श्रद्धालु आनंद बाजार स्थल पर महाप्रसाद ग्रहण कर पाएंगे। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के प्रमुख प्रशासक कृष्ण कुणाल ने पिछले महीने आम लोगों के लिए 12वीं सदी के मंदिर को खोलने के बाद लागू मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा के बाद इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, 'पिछले 20 दिनों के अनुभव और मिले सुझाव के आधार पर मंदिर को रविवार को भी खोलने का फैसला किया गया है। कुमार ने संवाददाताओं से कहा, इससे पहले मंदिर को साफ-सफाई कार्यों के लिए रविवार को बंद रखा जा रहा था। कुमार ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध मंदिर के लिए संशोधित नियम 12 फरवरी से लागू होंगे। पुरी के निवासी समेत सभी लोग हर दिन सुबह छह बजे से दर्शन कर सकेंगे। -
मुंबई। मुंबई के उपनगर अंधेरी स्थित एलपीजी सिलेंडर के एक गोदाम में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से चार लोग झुलस गए। आग से आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी उपनगर के वर्सोवा इलाके में यारी रोड स्थित गोदाम में सिलेंडर फटने से सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर आग लग गई। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आग से चार लोग झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी कूपर अस्पताल ले जाया गया। चार घंटे बाद दोपहर डेढ़ बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग से दो लोग 40 प्रतिशत तक झुलस गए जबकि बाकी दो लोग 60 प्रतिशत तक झुलस गए। अधिकारियों के मुताबिक गोदाम में कई एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे और आग लगने के दौरान उनमें से कई में विस्फोट हुआ। विस्फोट के कारण इलाके में दहशत फैल गयी। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर और उप मेयर सुहास वाडकर ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए कूपर अस्पताल गए। मेयर ने आसपास के बाशिंदों से भी बातचीत की जिनके मकानों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने अधिकारियों को उचित मुआवजा दिए जाने का निर्देश दिया। -
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब चार बजे एक जीप पेड़ से टकरा कर गहरी खाई में पलट गयी, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के सकरवारा गांव के रहने वाले हैं और ललितपुर जिले शादी संबंध के लिए आये थे। ललितपुर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गिरिजेश कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे जखौरा थाना क्षेत्र के सीकोन और लागौन गांव के बीच यह घटना हुयी । उन्होंने बताया कि हादसे में छत्रसाल (65), दयाराम (45) और लखन (60) की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गये। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
-
हैदराबाद। तेलंगाना के वारंगल जिले में बुधवार को एक कार के नहर में गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना पर्वथागिरि मंडल में सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर हुई। उन्होंने बताया कि कार में चार लोग सवार थे और एक दो पहिया वाहन से टक्कर से बचने की कोशिश के दौरान चालक कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह नहर में जा गिरा। उन्होंने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई और स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को बचा लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक थी और वह विद्यालय जाने के लिए अपने घर से निकली थीं। अधिकारी ने बताया कि महिला ने कार चालक से उसे स्कूल तक छोड़ने के लिए मदद ली थी। पुलिस ने बताया कि शवों को बरामद कर लिया गया है।
-
जम्मू। वैष्णो देवी मंदिर की पुरानी एवं प्राकृतिक गुफा को मकर संक्राति के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोला गया था और तब से काफी संख्या में लोग माता के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन करते हुए पूजा अर्चना की। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रमेश कुमार ने कहा कि आमतौर पर श्रद्धालुओं को प्राकृतिक गुफा से होकर माता के दर्शन की अनुमति तब दी जाती है, जब श्रद्धालुओं की प्रतिदिन की संख्या 10,000 से कम होती है। उन्होंने बताया कि गुफा मंदिर की यात्रा सुगमता से चल रही है और 2021 में अब तक 5.17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अब तक दर्शन किए हैं।
-
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की खगा कोतवाली क्षेत्र के अमाव गांव के नजदीक बुधवार को एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में दोपहिया वाहन पर सवार एक सिपाही की मौत हो गयी । हादसे में मरने वाला सिपाही प्रयागराज जिले में तैनात था। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
खागा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) आर के सिंह ने बताया कि बुधवार को करीब तीन बजे कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमाव गांव के नजदीक एक ट्रेलर ने मोटरसाइकिल सवार सिपाही अमित सिंह चौहान (45) को टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज जिले में तैनात सिपाही बाइक पर सवार होकर खागा कस्बे से अपने गांव गढ़ी जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने हादसे के जिम्मेदार ट्रेलर और उसके चालक को पकड़ लिया है और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
-
श्रीगंगानगर। श्रीनाथावाला से कालुवाला की ओर फ्लाइओवर के पास गुरुवार सुबह क्रूजर गाड़ी एक ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था की गाड़ी में सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, करीब 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए श्रीगंगानगर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक के शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे की वजह कोहरा है। जहां क्रूजर गाड़ी आगे चल रहा ट्रक से भिड़ गई। हादसे में गाड़ी के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके से गुजर रहे लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। 3 गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। 10 का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद सदर और जवाहरनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जैतसर का रहने वाला परिवार रिश्तेदारी में प्रोग्राम में जा रहे थे। नाथावाला से कालुवाला की ओर फ्लाइओवर से पहले आगे चल रहे ट्रक की गति अचानक कम होने से पीछे आ रही क्लूजर ट्रक में जा घुसी। हादसे में जैतसर निवासी 30 वर्षीय संदीप पुत्र ओमप्रकाश की मृत्यु हो गई। हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। विजिबिलिटी सुबह 10 बजे तक 5 मीटर के करीब ही थी।
-- - -प्रधानमंत्री ने न्यूनतम समर्थन मूल्य और मंडी व्यवस्था जारी रहने का भरोसा दियानई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र आवश्यक है लेकिन निजी क्षेत्र की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दूरसंचार और फार्मा सहित हर जगह निजी क्षेत्र की भूमिका देखी जा सकती है।राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि निजी क्षेत्र की भूमिका के कारण भारत मानवता की सेवा करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि अगर निवेश और नई तकनीकों को नहीं अपनाया गया तो कृषि क्षेत्र मजबूत नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल गेहूं और धान उगाने से अब आगे बढने की बहुत आवश्यकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र को बुरा कहने की संस्कति अब स्वीकार्य नहीं है और ऐसा करना देश के युवाओं का अपमान करना होगा।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे आश्चर्यचकित हैं कि लोग यह क्यों पूछ रहे हैं कि नए कृषि कानूनों की क्या आवश्यकता थी जबकि किसानों ने उनके लिए कभी पूछा ही नहीं। उन्होंने कहा कि किसी ने दहेज और ट्रिपल तलाक पर कानून की मांग नहीं की, लेकिन कानून बनाए गए क्योंकि वे प्रगतिशील समाज के लिए आवश्यक थे।उन्होंने कहा कि लोकसभा के साथ-साथ केंद्र सरकार किसानों का सम्मान करती है और यही कारण है कि सरकार के शीर्ष मंत्री किसानों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद में कृषि से संबंधित कानून पारित किए जाने के बाद भी कोई भी मंडी बंद नहीं हुई है और न्यूनतम समर्थन मूल्य भी बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सुनियोजित रणनीति के अनुसार जो लोग सदन को बाधित कर रहे हैं, उनका झूठ जल्द ही जनता के सामने आ जाएगा। उन्होंने किसानों से वार्ता के लिए आगे आने की अपील की ताकि समाधान निकाला जा सके।
-
पटना। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने पटना के पिपलपुत्र रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी संख्या 02423 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली कोविड-19 एसी स्पेशल ट्रेन पर सवार दो व्यक्ति के पास से 2.96 करोड़ रुपये कीमत के सोने के चार बिस्किट जब्त किए हैं। डीआरआई की पटना इकाई से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को महाराष्ट्र के सांगली निवासी आरोपी नवनाथ सूर्यवंशी और विक्रम मिशल के पास से जब्त किए गए विदेशी सोने के बिस्किट का वजन छह किलोग्राम है। राजस्व खुफिया निदेशालय के मुताबिक, जब्त सोने के आयात, कब्जे और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किया जा सका है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि सोने की तस्करी म्यांमा के रास्ते भारत में की गई थी। आगे की जांच जारी है।
-
तपोवन। धौलीगंगा में रविवार को आई बाढ़ से यहां एनटीपीसी की पनबिजली परियोजना के ध्वस्त बैराज के आसपास अभी भी गाद और पानी के जमाव के कारण दलदल बना हुआ है। हालांकि, ठंड के बावजूद अपने लापता परिजनों से मिलने की आस में लोग यहां सुबह से ही जमा हो जाते हैं। इन लोगों ने रविवार की शाम से ही तपोवन में डेरा डाला हुआ है और हर सुबह वे तपोवन से आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित धौलीगंगा के किनारे चले आते हैं और वहां अपनों से मिलने के इंतजार में बैठे रहते हैं। इन्हीं में से एक लंगासू के कांचुला गांव के दीपक नग्वाल भी हैं, जिनके बहनोई एनटीपीसी की उसी सुरंग में काम कर रहे थे जहां बाढ़ का पानी और मलबा भर गया। सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल सहित कई एजेंसियां वहां सुरंग खोलने का प्रयास कर रही हैं लेकिन अभी तक वे वहां फंसे लोगों तक पहुंच नहीं बना सकी हैं। दीपक के साथ उनके बहनोई की बड़े भाई और अन्य रिश्तेदार भी हैं। उन्होंने बताया कि उनके बहनोई सतेश्वर सिंह यहां एचसीसी कंपनी में पानी निकासी प्रणाली में मैकेनिक के रूप में कार्यरत थे जो रविवार को अपनी ड्यूटी पर थे। चमोली जिले के किमाणा गांव के तीन युवक भी इसी सुरंग में फंसे हैं। इन युवकों का हाल जानने के लिए पिछले तीन दिन से किमाणा के 40 से अधिक लोग तपोवन में हैं। किमाणा गांव के दर्शन सिंह बिष्ट ने बताया कि उनके तीन रिश्तेदार, अरविंद सिंह, रामकिशन सिंह और रोहित सिंह इस सुरंग में फंसे हुए हैं। अठारह से 20 साल की उम्र के इन युवकों ने दो महीने पहले ही ऋत्विक कंपनी में नौकरी शुरू की थी। घर में अब इनके वृद्ध मां-बाप ही रह गए हैं। तपोवन के पास के ही डाक गांव के दर्शन सिंह बिष्ट भी इस सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। वह यहां पानी निकासी से जुड़े कार्य में मैकेनिक के रूप में कार्यरत थे। उनके भाई विजय सिंह बिष्ट पिछले तीन दिनों से अपना काम-धंधा छोड़कर उनके जीवित होने की आशा में टनल गेट के पास ही डटे हुए हैं। विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि जैसे-जैसे समय निकलता जा रहा है, भाई की कुशलता को लेकर उनकी बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में उन्नत मशीनों का उपयोग होना चाहिए जो अभी नहीं हो रहा है। ऐसे में मलबा साफ करने में ज्यादा समय लग रहा है। करछौं गांव के 60 साल के भवान सिंह फरस्वाण भी रविवार सुबह से ही अपने गांव के साथियों के साथ एक युवक की तलाश में सुरंग के पास आ जाते हैं। स्वयं भवान सिंह के परिवार से रैणी में ध्वस्त हुई ऋषिगंगा पनबिजली परियोजना से भी दो लोग लापता हैं। इस हादसे में देश और प्रदेश के अलग-अलग भागों के लोग भी लापता हैं। देहरादून के समीप जौनसार के दातुनू गांव के ही अकेले 19 लोग आपदा में लापता हैं। इस गांव के 25 लोग यहां एनटीपीसी के विभिन्न ठेकेदारों के साथ कार्यरत थे, जिनमें से रविवार को छह की छुट्टी थी जो हादसे का शिकार होने से बच गए। दातुनू गांव के अमर सिंह मायूस हैं और उन्होंने बताया कि पूरा गांव शोक में है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल के कमांडेंट नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का चुनौतीपूर्ण राहत अभियान जारी है और आशा है कि जल्द ही सुरंग में फंसे लोगों को निकाल लिया जायेगा।
- -
घर के बाहर पेड़ पर लटक गया, अलग रहती थी पत्नी
बांसवाड़ा। राजस्थान में एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां बांसवाड़ा में कुशलगढ़ के डूंगलापानी गांव में एक पिता ने अपने चार मासूम बेटों को एक-एक कर गला घोंट कर मार डाला। बच्चों की मां उनके साथ नहीं रहती थी। पिता ने झगड़ा होने के बाद उसे घर से निकाल दिया था। वह मजदूरी करने गुजरात गई हुई है। पुलिस ने पत्नी को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस के मुताबिक इस घटना के बारे में तब पता चला जब सुबह गांव का एक व्यक्ति अपनी दुकान पर जा रहा था। सबसे पहले उसी ने बाबूलाल का शव बबूल के पेड़ पर लटके हुए देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस पेड़ के पास स्थित युवक के घर पहुंची तो वहां बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे।
पुलिस ने बताया कि परिवार काफी गरीब था। वहीं बाबूलाल को शराब पीने की लत थी। इसी वजह से पति और पत्नी के बीच काफी झगड़े होते रहते थे। कुछ दिन पहले बाबूलाल ने पत्नी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह कुछ दिन अपने मायके में रही, फिर मजदूरी करने गुजरात चली गई थी। ऐसे में बाबूलाल अपने चारों बच्चों के साथ झोपड़ी में रहता था।
पुलिस के मुताबिक बाबूलाल (40) ने पहले एक-एक करके चारों बच्चों राकेश (8), मांगीलाल (6), विक्रम (4) और गणेश (2) का गला घोंटा और फिर बबूल के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। बच्चों की हत्या और आत्महत्या करने का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची है। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। -
कांस्टेबल पिता ड्यूटी पर गए थे
टोंक। राजस्थान के टोंक शहर के जिंसी रोड पर सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। बच्ची की उम्र 7 साल और उसके भाई की 3 साल थी। हादसे में बच्चों का चाचा भी गंभीर घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दोनों बच्चों का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। घटना बुधवार सुबह की है। बच्चों के पिता पुलिस में कांस्टेबल हैं, जो ड्यूटी पर थे।
पुलिस के अनुसार बच्चों के चाचा नितेश (35) अपनी 7 साल की भतीजी साक्षी को ट्यूशन छोडऩे जा रहे थे। तभी 3 साल का भतीजा अक्षत उर्फ कान्हा भी जिद करके बहन को छोडऩे जाने के लिए बाइक पर बैठ गया। वह जिंसी रोड पर पहुंचे ही थी तभी रेत भरकर जा रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे तीनों गिर गए। हादसे में साक्षी का सिर ट्रैक्टर के नीचे आने से कुचल गया। उसके भाई को भी गंभीर चोट लगी, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे नितेश की हालत गंभीर है। उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मॉर्चरी के बाहर कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन यहां पहुंचे। आरोपी ट्रैक्टर का ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। मृतक बच्चों के पिता राजेश शर्मा पुलिस में हैं, जो वायरलेस विभाग में ड्यूटी करते हैं। वहीं, मां गृहणी है। पिता ड्यूटी पर गए हुए थे। इसलिए चाचा नितेश बच्चों को लेकर निकला था, जो अविवाहित है।
-
सीवान। बिहार में सीवान में एक पिता का कलेजा तब फट गया, जब उन्होंने 18 घंटे से लापता अपने बेटे की लाश देखी। किसी ने उनके बेटे की न केवल बेरहमी से हत्या की, बल्कि उसके दोनों हाथ-पैर और सिर भी काट डाले। युवक की क्षत-विक्षत लाश मैरवा रेलवे स्टेशन के पीछे एक बंद बोरे से मंगलवार दोपहर को बरामद हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई। बोरे को खोला गया तो युवक का केवल धड़ मिला। दोनों हाथ-पैर और सिर गायब थे। अपने कलेजे के टुकेड़े की ऐसी हालत देख पिता फूट-फूटकर रोने लगे।
शव को देखने के लिए स्टेशन पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस वहां पहुंची और स्थानीय थाने को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानेदार संजीव कुमार ने बताया कि स्टेशन के पीछे से एक युवक का धड़ बरामद हुआ है। उसके दोनों हाथ-पैर और सिर की तलाश की जा रही है। इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है। धड़ हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। मृतक की पहचान माल गोदाम रोड के चाय विक्रेता छोटेलाल पटेल के बेटे राजेश पटेल के रूप में हुई है।
मृतक के पिता का कहना है कि राजेश सोमवार शाम से अपने घर से अचानक गायब हो गया था। काफी खोजबीन की लेकिन वह नहीं लौटा। इसके बाद मंगलवार सुबह भी उसकी खोजबीन लेकिन नहीं मिला। दोपहर में उसकी लाश स्टेशन से बरामद हुई तो सन्न रह गए। उन्होंने पुलिस के हत्यारे की गिरफ्तारी मांग की।
पुलिस ने बताया कि कुछ लोगों ने रेलवे स्टेशन के पीछे जीआरपी क्वार्टर के पास लावारिस जूट के बोरे को लोगों ने देखा। इसके बाद बोरे को खोलकर कुछ लोगों ने देखा तो हड़कंप मच गया। जहां बोरा रखा हुआ था वहां खून के कोई भी निशान नहीं मिले। देखते ही देखते लोगों की भीड़ स्टेशन पर लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - बांदा (उप्र)। बांदा जिले के जसपुरा कस्बे के एक किसान ने सोमवार की रात खेत में लगे पेड़ से फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। परिजन आत्महत्या की वजह आवारा मवेशियों द्वारा खेत में खड़ी फसल को चर जाना बता रहे हैं।जसपुरा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जसपुरा कस्बे के रहने वाले किसान सुभाष सिंह (55) का शव मंगलवार सुबह खेत में लगे पेड़ में लगे फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृत किसान के बेटे राहुल सिंह ने पुलिस को बताया कि 15 बीघे कृषि भूमि के काश्तकार उनके पिता सोमवार की देर शाम फसल की रखवाली करने के लिए खेत गए थे, लेकिन आधी रात तक घर न लौटने पर उनकी खोजबीन की गयी तो शव फांसी के फंदे से लटका मिला जिसकी सूचनी पुलिस को सूचना दी। किसान के परिजनों के हवाले से पुलिस ने बताया कि तीन दिन में करीब 10-12 बीघे खेत की फसल आवारा मवेशियों द्वारा चर लिए जाने से क्षुब्ध होकर किसान सुभाष सिंह ने आत्मघाती कदम उठाया है।
- जम्मू। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन खवास इलाके से राजौरी की तरफ आ रहा था और लट्टी के पास दुर्घटन का शिकार हो गया।अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय लोगों ने घायलों को बचाया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया ।उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
- नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 सेक्टर थाने के एच्छर चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी के ससुराल लौटने के लिए तैयार नहीं होने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह कर लिया। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि गुरुग्राम का रहने वाला आसींदुल हक नामक व्यक्ति की पत्नी का मायका थाना बीटा-2 क्षेत्र के एच्छर गांव में है। उन्होंने बताया कि हक का कथित तौर पर उसकी पत्नी से विवाद हो गया था जिसकी वजह से वह मायके चली आई थी।सिंह ने बताया कि बीती रात को वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा आया, लेकिन पत्नी ने ससुराल जाने से मना कर दिया जिससे नाराज होकर उसने कथित तौर पर पेट्रोल अपने ऊपर छिड़क कर आग लगा ली। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में ऋषिगंगा घाटी में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या मंगलवार को 28 तक पहुंच गई जबकि एनटीपीसी की क्षतिग्रस्त तपोवन—विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे 30—35 लोगों को बाहर निकालने के लिए सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल(एनडीआरएफ) , भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी)और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ)का संयुक्त बचाव और राहत अभियान युद्धस्तर पर जारी रहा ।रविवार को ऋषिगंगा घाटी में पहाड़ से गिरी लाखों मीट्रिक टन बर्फ के कारण ऋषिगंगा और धौलीगंगा नदियों में अचानक आई बाढ में अभी करीब 170 अन्य लोग लापता हैं ।एसडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 28 व्यक्तियों के शव विभिन्न एजेंसियों द्वारा अलग—अलग स्थानों से बरामद हो चुके हैं । एसडीआरएफ ने कहा कि उनके तलाशी दस्ते रैंणी, तपोवन, जोशीमठ, रतूडा, गौचर, कर्णप्रयाग, रूद्रप्रयाग क्षेत्रों में अलकनंदा नदी में शवों की तलाश कर रहे हैं । सोमवार शाम को आपदाग्रस्त तपोवन क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार सुबह क्षेत्र का हवाई सर्वेंक्षण किया और हादसे में घायल हुए लोगों से अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना ।ऋषिगंगा और तपोवन बिजली परियोजनाओं में काम करने वाले और आसपास रहने वाले करीब आधा दर्जन लोग आपदा में घायल हुए हैं । तपोवन में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि इस समय प्राथमिकता सुरंग के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने और ज्यादा से ज्यादा लोगों का जीवन बचाना है । एनटीपीसी की सुरंग में बचाव और राहत कार्यों के संचालन में भारी मलबे तथा उसके घुमावदार होने के कारण आ रही मुश्किलों के बावजूद उसका आधे से ज्यादा रास्ता अब तक साफ किया जा चुका है और अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही वहां फंसे लोगों से संपर्क हो सकेगा ।
-
पानीपत। हरियाणा के पानीपत में सेक्टर-29 थाना क्षेत्र की बिहौली रोड पर एक कार चालक ने पीछे से दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से भाग निकला। घायलों को ऑटो से सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां एक भाई को मृत घोषित कर दिया गया। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय प्रदीप सोमवार देर शाम को खाना खाने के बाद अपने चचेरे भाई के साथ बिहौली रोड पर टहल रहा था। जब वह दोनों गैस एजेंसी के पास पहुंचे तो पीछे से आए टाटा इंडिगो कार के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से भाग निकला। राहगीरों ने उन्हें ऑटो से सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। मृतक के चचेरे भाई ने कार के नंबर के साथ अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। प्रदीप की चार साल पहले शादी हुई थी। परिवार को पत्नी और एक बेटा व एक बेटी है।
-
जालौन। उत्तरप्रदेश के जालौन जिले में कार की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमरी निवासी धन सिंह (35) अपने दोस्तों तेज सिंह (40) और मुन्नीलाल (60) के साथ एक शादी समारोह में शमिल होने बाइक से उरई गया हुआ था। शादी में शामिल होकर तीनों लोग देर रात वापस घर लौट रहे थे। तभी कोंच कस्बे के बाहर ग्राम पनियारा और पडऱी के बीच तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमे मौके पर ही धन सिंह की मौत हो गई जबकि तेज सिंह और मुन्नीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां मंगलवार सुबह इनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों दोस्त एक ही गांव के हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
-
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया शोक
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सुबह बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। वाराणसी से अंतिम संस्कार कर लौट रहे पिकअप सवार लोग मंगलवार को बड़े हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर घायल हो गए। ये हादसा जलालपुर थाना इलाके के लहनपुर के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कलेक्टर ने सात लोगों के मौत की पुष्टि की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंच कर पीडि़तों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- उत्तर प्रदेश में वाराणसी-जौनपुर सीमा के पास हुए एक सड़क हादसे में लोगों की मौत का दुखद समाचार मिला है। मैं इन सभी लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, साथ ही इस दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के लहगपुर गांव के पास उस समय हाहाकार मच गया, जब वाराणसी से दाह संस्कार कर लौट रही एक पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहल गए। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर और 8 लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक ने दम तोड़ दिया तो कुछ समय बाद एक और की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पहुंची और बचाव कार्यों में जुट गई थी। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक शहर डॉ संजय कुमार ने बताया कि एक पिकअप में सवार लोग वाराणसी से दाह संस्कार करके जौनपुर लौट रहे थे। घटना जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर और कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से मुलाकात की।


.jpg)
.jpg)

















.jpg)
.jpg)




