- Home
- देश
- विरुधुनगर. तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के रंगापलयम और किचन्याकानपट्टी गांव में दो अलग-अलग पटाखा फैक्टरी में मंगलवार को आग लगने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक पुलिस, दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने और पीड़ितों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने बताया, ‘‘रंगापलयम की पटाखा फैक्टरी में अचानक हुए धमाके के बाद घटनास्थल से सात जले हुए शव मिले हैं और उनकी पहचान अबतक नहीं हो पाई है।'' अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि मरने वाले लोग मजदूर हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से जख्मी हालत में निकाले गए तीन अन्य लोगों की भी बाद मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने की इस बड़ी घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है जिसमें 12 महिला मजदूर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब श्रमिकों ने दोपहर को पटाखों का परीक्षण किया और उसे निकली चिंगारी उससे सटे क्षेत्र में रखे पटाखों में लगी जिससे एक विस्फोट हुआ। पुलिस ने बताया कि पटाखा फैक्टरी में आग लगने की दूसरी घटना किचन्याकानपट्टी गांव में हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय वेम्बु के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि दो महिला श्रमिकों को बचाया गया है और उन्हें इलाज के लिए श्रीविल्लुपुत्तुर राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने हादसे में हुई मौतों पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
-
पुणे. केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि अब तक 1,000 से 1,200 भारतीयों को इजराइल से विशेष उड़ानों से भारत वापस लाया गया है। सात अक्टूबर को हमास के हमले के बाद इजराइल ने भी जवाबी सैन्य कार्रवाई की, जिसके बाद से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे मुरलीधरन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इजराइल में लगभग 20,000 भारतीय हैं और उन सभी को भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण कराने के लिए कहा गया है ताकि अगर उन्हें वहां से निकालना पड़े तो उनके स्थान के बारे में जानना आसान हो जाए। उन्होंने कहा कि दूतावास में पंजीकरण कराने वाले सभी लोग जरूरी नहीं कि भारत लौटना चाहते हों।
मंत्री ने कहा, लेकिन, हमारे लिए, पंजीकरण प्रक्रिया फायदेमंद है क्योंकि हम इजराइल में इन भारतीयों के सटीक स्थानों की पहचान करने में सक्षम होंगे। जीपीआरएस प्रौद्योगिकी का उपयोग करके, हमने इजराइल में उन स्थानों का पता लगाया है, जहां भारतीय हैं। हम जानते हैं कि तेल अवीव, गाजा और अश्कलोन में कितने भारतीय हैं।'' यह पूछे जाने पर कि गाजा में कितने भारतीय फंसे हुए हैं, मुरलीधरन ने कहा, ‘‘बहुत कम। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हमें उन्हें निकालना है, तो हम ऐसा कर सकते हैं क्योंकि हमें उनके स्थानों के बारे में जानकारी है। -
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने मंगलवार को बैंगलोर विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें प्रदान की गयी मानद उपाधि हाल में चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशन प्रक्षेपित करने वाले टीम सदस्यों को समर्पित की। उन्होंने एक वीडियो संदेश भेजा क्योंकि वह काम से जुड़ी व्यस्तताओं के कारण मानद उपाधि प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय के 58वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में स्वयं उपस्थित नहीं हो पाए। सोमनाथ ने दीक्षांत समारोह में दिखाए गए वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं प्रत्येक वैज्ञानिक और इंजीनियर तथा तकनीशियनों, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के उन कर्मियों की ओर से बैंगलोर विश्वविद्यालय के प्रेम और स्नेह की भावना के साथ प्रदान की गयी मानद उपाधि स्वीकार करता हूं जिन्होंने हाल में चंद्रयान के साथ ही आदित्य-एल1 जैसे मिशन के जरिए भारत को गौरवान्वित किया है।'' सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी का ध्यान हमेशा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने पर केंद्रित रहता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज यह भी कहना चाहता हूं कि अंतरिक्ष विभाग तथा इसरो का काम अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के फायदे आम आदमी तक पहुंचाने पर हमेशा केंद्रित रहता है। इसके साथ ही हम देशभर के युवाओं को प्रेरित करने के लिए अन्वेषण, मानव अंतरिक्ष उड़ान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी आदि पर भी काम करते हैं।'' इसरो अध्यक्ष ने कहा,‘‘चंद्रयान-3 ने एक ऐसी उपलब्धि दिखायी है जो हमारे देश में विकसित प्रौद्योगिकी द्वारा संभव हुई है। मुझे लगता है कि भारत की शक्ति को दुनिया के सामने लाने के लिए यह निश्चित रूप से एक बड़ी उपलब्धि है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मेादी ने मंगलवार को वैज्ञानिकों से कहा कि वे 2035 तक एक भारतीय अंतरिक्ष केंद्र स्थापित करने और 2040 तक पहले भारतीय को चंद्रमा पर भेजने का लक्ष्य रखें। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मोदी ने गगनयान मिशन की तैयारियों और 21 अक्टूबर को निर्धारित अंतरिक्ष यात्री बचाव प्रणाली परीक्षण यान की पहली प्रदर्शन उड़ान की समीक्षा संबंधी बैठक के दौरान ये निर्देश दिए। बयान में कहा गया, ‘‘बैठक में मिशन की तैयारी की समीक्षा की गई और 2025 में इसके प्रक्षेपण की पुष्टि की गई।''प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण प्रयासों के भविष्य की रूपरेखा तैयार की और वैज्ञानिकों से शुक्र ऑर्बिटर मिशन और मंगल लैंडर सहित विभिन्न अंतरग्रहीय मिशन की दिशा में काम करने का आग्रह किया। बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री ने हालिया चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशन सहित भारतीय अंतरिक्ष पहल की सफलता के मद्देनजर निर्देश दिया कि भारत को अब 2035 तक ‘भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन' स्थापित करने और 2040 तक चंद्रमा पर पहले भारतीय को भेजने सहित नए और महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।'' इसमें बताया गया कि इस सोच को साकार करने के लिए अंतरिक्ष विभाग चंद्र अन्वेषण के लिए एक खाका तैयार करेगा। बयान में कहा गया, ‘‘इसमें चंद्रयान मिशन की एक श्रृंखला, अगली पीढ़ी के एक प्रक्षेपण यान (एनजीएलवी) का विकास, एक नए लॉन्च पैड का निर्माण, मानव-केंद्रित प्रयोगशालाओं और संबंधित प्रौद्योगिकियों की स्थापना शामिल होगी।'' अंतरिक्ष विभाग ने गगनयान मिशन का एक समग्र अवलोकन पेश किया, जिसमें ‘ह्यूमन रेटेड लॉन्च व्हीकल' और प्रणाली दक्षता जैसी अब तक विकसित विभिन्न प्रौद्योगिकियों के बारे में बताया गया। इस बात पर गौर किया गया कि ‘ह्यूमन रेटेड लॉन्च व्हीकल' (एचएलवीएम3) के तीन मानव रहित मिशन सहित लगभग 20 प्रमुख परीक्षणों की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की क्षमताओं पर विश्वास व्यक्त किया और अंतरिक्ष अन्वेषण में नई ऊंचाइयां छूने को लेकर देश की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली के शाहदरा के एम. एस. पार्क इलाके में दो हथियारबंद लोगों ने एक दुकान से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात करीब नौ बजे हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के वक्त मोबाइल की दुकान में दो कर्मचारी मौजूद थे, तभी दो आरोपी पिस्तौल लहराते हुए अंदर घुसे और आधा दर्जन मोबाइल हैंडसेट और दराज में रखे दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और आगे की जांच जारी है।
-
विदिशा. मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार की शाम को जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर, पथरी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर वासा गांव के पास हुई। पथरी पुलिस थाना प्रभारी बबीता सिंह ने बताया कि घटना के समय दोनों वाहनों में तीन-तीन लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद एक मोटरसाइकिल के दो सवारों और दूसरे वाहन के एक सवार की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई से डिजिटल माध्यम से बातचीत की और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी की भारत में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण परिवेश के विस्तार में भाग लेने की योजना पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि मोदी ने भारत में क्रोमबुक्स के विनिर्माण के लिए ‘एचपी' के साथ गूगल की साझेदारी की प्रशंसा की। उसने कहा, प्रधानमंत्री ने गूगल की 100 भाषा पहल की प्रशंसा की और कृत्रिम मेधा से जुड़े समाधानों को भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने गूगल को सुशासन के लिए एआई समाधानों पर काम करने के लिए भी प्रेरित किया।'' मोदी ने गांधीनगर में गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट) में वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र खोलने की गूगल की योजना का स्वागत किया। पीएमओ ने बताया कि पिचाई ने मोदी को ‘गूगल पे' और यूपीआई की पहुंच बढ़ाकर भारत में वित्तीय समावेशन में सुधार लाने की गूगल की योजनाआं के संबंध में जानकारी दी। मोदी ने गूगल को नयी दिल्ली में दिसंबर 2023 में भारत द्वारा आयोजित होने वाले एआई शिखर सम्मेलन पर आगामी वैश्विक साझेदारी में योगदान देने के लिए भी आमंत्रित किया। -
आइजोल/नयी दिल्ली। कांग्रेस ने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। इनमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ललसावता का नाम भी शामिल है। पार्टी की ओर से पहले 39 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई और फिर देर शाम शेष बची एक सीट पर भी उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। उम्मीदवारों की सूची उस दिन जारी की गई, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मिजोरम के दौरे पर थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ललसावता को आइजोल पश्चिम-3 विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। आइजोल पूर्व-1 से ललसंगलरा रातले, आइजोल पश्चिम-1 से आर. ललबियाकथांगा और पलाक से आईपी जूनियर को उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रमुख ललरेमरुता रेंथलेई ने बताया कि पार्टी उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय में औपचारिक रूप घोषित की जाएगी। उम्मीदवारों की इस सूची में चार मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने देर शाम लूंगलेई दखिण सीट से मरियम एल हरंगचल को प्रत्याशी घोषित किया।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने बताया कि भाजपा जल्द अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करेगी। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट और मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट पहले ही सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। मिजोरम की सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए सात नवंबर को मतदान होगा तथा तीन दिसंबर को मतगणना होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट ने 26 सीटें जीती थीं तो जोराम पीपुल्स मूवमेंट को आठ और कांग्रेस को पांच सीटें हासिल हुई थीं। -
नयी दिल्ली। रेलवे बोर्ड ने सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए चलती ट्रेन में चालक को अकेला छोड़कर सहायक चालक द्वारा इंजन डिब्बे के निरीक्षण की सदियों पुरानी प्रथा को बंद करने का निर्णय लिया है। ट्रेन चालकों या लोको पायलट (एलपी) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्नत और आधुनिक केबिन (इंजन) के मद्देनजर इंजन के अंदर अनेक मशीनी कंपार्टमेंट का मानवीय निरीक्षण अप्रचलित प्रक्रिया हो चुकी है। बोर्ड ने सभी रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को लिखे पत्र में कहा, सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सक्षम प्राधिकारी ने फैसला किया है कि एएलपी या सहायक एलपी द्वारा चलती ट्रेन में प्रत्येक न्यूट्रल सेक्शन में मशीन कक्ष/हाई टेंशन कंपार्टमेंट का निरीक्षण रोका जा सकता है।
-
त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में ओल्लुर के समीप एक नदी में नहाने गए चार कॉलेज छात्र सोमवार को डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सैयद हुसैन (20), निवेद कृष्णा (20), एबी जॉन (19) और अर्जुन (20) जिले में मनाली नदी के किनारे कैनूर चीरा पर डूब गए।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन सेंट एलॉयसियस कॉलेज का छात्र था, जबकि तीन अन्य छात्र त्रिशूर के सेंट थॉमस कॉलेज के थे। पुलिस ने बताया, घटना सोमवार दोपहर की है। स्थानीय निवासी घटना के दौरान वहां मौजूद थे और उन्होंने हमें इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि छात्र नदी में नहाने गए थे। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय निवासियों और पुलिस ने खोज अभियान चलाया और छात्रों के शव नदी से बरामद कर लिए। पुलिस ने बताया कि शवों को अस्पताल ले जाया गया है और कल (मंगलवार को) पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। -
जयपुर. राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर को एक ट्रक और क्रूजर जीप के बीच टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बिछीवाड़ा के थाना प्रभारी मदनलाल ने कहा कि दुर्घटना दिल्ली-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर सीमा के पास हुई। उन्होंने कहा कि सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को डूंगरपुर रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से ट्रक ने आगे चल रही क्रूजर जीप में टक्कर मार दी, जिससे जीप पलट गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और शव सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने बताया कि वाहन में फंसे लोगों को पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
जीप में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बताया, ‘‘हम डूंगरपुर से अहमदाबाद जा रहे थे। जैसे ही हमने रतनपुर सीमा पार की, एक ट्रक ने जीप को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके कारण जीप पलट गई। लोग जीप के अंदर और उसकी छत बैठे थे। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई।'' पुलिस ने बताया कि मृतकों में से चार की पहचान धनपाल (24), हेमंत (21), राकेश (25), मुकेश (25) के रूप में हुई। मृतकों में शामिल करीब 14 साल की लड़की और दो अन्य की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि जीप में 21 यात्री सवार थे और मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे थे।
जिला कलेक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री और पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
नयी दिल्ली. कोविड-19 महामारी से बुरी तरह प्रभावित दक्षिण कोरिया के पर्यटन विभाग ने सर्दियों में कई उत्सवों और कार्यक्रमों का आयोजन कर विदेशी पर्यटकों को लुभाने की योजना बनाई है। इन कार्यक्रमों में बुसान के आतिशबाजी महोत्सव से लेकर गैंगवोन की बर्फ संबंधी गतिविधियां शामिल होंगी। कोरिया पर्यटन संगठन (केटीओ) के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि उनका लक्ष्य 2023 के अंत तक एक करोड़ विदेशी पर्यटकों के लक्ष्य को हासिल करना है। केटीओ में अंतरराष्ट्रीय सहयोग टीम के निदेशक जोंगवोंग पार्क ने यहां बताया, "हमारे आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से अगस्त तक 65 लाख विदेशी पर्यटक दक्षिण कोरिया पहुंचे और इस सर्दी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों के साथ इस साल के अंत तक हमें एक करोड़ विदेशी पर्यटकों के लक्ष्य को हासिल करने की उम्मीद है।" केटीओ अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कोरिया और एशिया प्रशांत क्षेत्र में पर्यटन क्षेत्र सामान्य तौर पर महामारी के व्यापक प्रभाव से उबर रहा है और उम्मीद है कि इससे दक्षिण कोरिया और आसपास के अन्य क्षेत्रों में ज्यादा पर्यटक आएंगे। केटीओ के सालभर के कार्यक्रम में नवंबर से अप्रैल 2024 तक गैंगवोन प्रांत में एक ‘स्नो फेस्टिवल' (बर्फ महोत्सव)सहित कई अन्य कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। अधिकारियों ने कहा कि 'गैंगवोन स्नो फेस्टा' बर्फ प्रेमियों और सर्दियों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगा। उन्होंने बताया कि शीतकालीन युवा ओलंपिक खेलों से भी अधिक पर्यटकों के आने की उम्मीद है। जोंगवोंग ने बताया कि दक्षिण कोरिया में जिन देशों से सर्वाधिक विदेशी पर्यटक आते हैं उनमें से एक चीन भी है, लेकिन कोविड-19 के कारण चीन की सरकार द्वारा लंबे समय तक यात्रा संबंधी प्रतिबंध लगाए जाने के कारण पर्यटन क्षेत्र गंभीर रूप से प्रभावित हुआ।
-
जयपुर. राजस्थान के फलौदी के जांबा थाना क्षेत्र में रविवार को एक कुएं की खुदाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से दो सगे भाई और उनके बहनोई की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। थाना प्रभारी सुरेश सारण ने बताया कि देगाबड़ी गांव में खेती के कार्य के लिए 60 फुट गहरे कुएं की खुदाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से लक्ष्मण बावरी (25) उसके भाई रविदास बावरी (21) और बहनोई त्रिलोक (35) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुएं में बोरिंग मशीन से गहराई का काम किया जा रहा था और जहरीली गैस से बेहोश होने पर लक्ष्मण बावरी कुएं में गिर गया उसके बाद त्रिलोक भी बेहोश होकर उसमें जा गिरा और दोनों को देखने गये रविदास सहित तीनों की दम घुटने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में दोनों भाइयों के पिता की ओर से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
-
गुवाहाटी. भारतीय वायुसेना (आईएएफ) अरुणाचल प्रदेश में एक 'एयर शो' आयोजित कर सकती है, जो चीन की सीमा से लगते एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पूर्वोत्तर राज्य में पहला वायुशक्ति प्रदर्शन होगा। एयर मार्शल एस. पी. धारकर ने रविवार को यह जानकारी दी। पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (एओसी-इन-सी) ने संवाददाताओं को बताया कि अरुणाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्र में ‘एयर शो' आयोजित करना बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन वायुसेना के लिए यह एक 'दिलचस्प' विचार है। जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय वायुसेना आमलोगों को अपनी ताकत का प्रदर्शन करने के लिए अरुणाचल प्रदेश में 'एयर शो' करेगी, धारकर ने कहा, ‘‘यह एक दिलचस्प प्रस्ताव है, मुझे यकीन है कि हम इस पर गौर करेंगे।'' धारकर ने कहा, ‘‘हो सकता है कि आप अगला एयर शो कवर करें, जिसे हम निकट भविष्य में अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर आयोजित करेंगे।'' भारतीय वायुसेना ने रविवार को बोरझार स्टेशन पर हवाई करतब का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न हेलिकॉप्टर और सुखोई-30 तथा राफेल जैसे लड़ाकू विमान शामिल थे।
-
मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रविवार को ऑटोरिक्शा और बस की आमने-सामने की टक्कर में ऑटोरिक्शा सवार चार लोगों की मौत हो गई। सकरा थाना प्रभारी राजू कुमार पाल ने बताया कि सुजावलपुर में हुई इस दुर्घटना में ऑटोरिक्शा सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि ऑटोरिक्शा सवार समस्तीपुर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से काठमांडू जा रही थी और एक मोटरसाइकिल सवार से टकराने से बचने की कोशिश में उसके चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है और बस चालक की तलाश की जा रही है जो मौके से फरार हो गया है।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के तेज गति से आ रही एक मिनी बस ने एक कंटेनर को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी तथा 23 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि निजी बस में 35 यात्री सवार थे।
उन्होंने बताया कि यह हादसा जिले में एक्सप्रेसवे के वैजापुर इलाके में देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ, यह स्थान मुंबई से करीब 350 किलोमीटर दूर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप बस ने पीछे से कंटेनर को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गयी। मृतकों में पांच पुरुष, छह महिलाएं और एक नाबालिग लड़की शामिल है। अधिकारी ने बताया कि 23 अन्य यात्री घायल हो गए हैं और उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अमिताभ बच्चन से गुजरात में आगामी रण उत्सव और ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' देखने का आग्रह किया। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने प्रधानमंत्री की हाल ही में उत्तराखंड के जोलिंगकोंग में भगवान शिव के धाम आदि कैलाश शिखर और पार्वती कुंड के दौरे की एक तस्वीर रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की और अफसोस जताया कि दुखद बात यह है कि मैं कभी वहां नहीं जा पाऊंगा।'' प्रधानमंत्री ने बच्चन को जवाब देते हुए उन्हें कच्छ जाने का सुझाव दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स' पर लिखा, पार्वती कुंड और जागेश्वर मंदिरों का मेरा दौरा वास्तव में मंत्रमुग्ध कर देने वाला था। आने वाले हफ्तों में, रण उत्सव शुरू हो रहा है और मैं आपसे कच्छ का दौरा करने का आग्रह करूंगा। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का आपका दौरा भी अभी बाकी है।'' प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे पर थे, जिसकी शुरुआत उन्होंने आदि कैलाश शिखर के दर्शन और पार्वती कुंड में पूजा के साथ की। बाद में, उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा एक जनसभा को संबोधित भी किया। -
मैसूरु. प्रसिद्ध संगीतकार हम्सलेखा ने रविवार को ऐतिहासिक मैसूरु दशहरा उत्सव का उद्धघाटन किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार व मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों के अलावा, सांसद प्रताप सिम्हा और अन्य विधायक उद्धघाटन समारोह के दौरान मौजूद रहे। इस मौके पर सिद्धरमैया ने कहा कि कर्नाटक सरकार इस साल राज्य में सूखे की वजह से सरल तरीके से लेकिन परंपरा को ध्यान में रखते हुए दशहरा उत्सव का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा,‘‘हमने देवी चामुंडेश्वरी से प्रार्थना की है कि कम से कम मानसून के दौरान यहां अच्छी बारिश हो।'' मैसुरु दशहरा के महत्व का उल्लेख करते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि दुनिया भर के लोग यहां इस उत्सव को देखने आते हैं। मैसुरु दशहरा को 'नाडा हब्बा' (राज्य उत्सव) के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से कर्नाटक अपने लोगों को परंपरा, संस्कृति, भाषा और राज्य द्वारा हासिल किए गए विकास से अवगत कराता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा राज्य कला, संस्कृति और संगीत में समृद्ध है। कर्नाटक के लोग सभ्य हैं। कर्नाटक में रहने वाले हर एक व्यक्ति के लिए यह जरूरी है फिर चाहे वह किसी भी जाति या धर्म का ही क्यों न हो, प्रेम और सम्मान के साथ रहे। हमें स्वीकार करना होगा कि यह देश और राज्य दोनों के लिए बहुत जरूरी है।'' संविधान की प्रस्तावना का संकेत देते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि कानून की नजर में हर कोई बराबर है और सभी को समान अवसर मिलने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रस्तावना के उद्देश्यों को हासिल करना हर सरकार की जिम्मेदारी है। संसाधनों और अधिकारों को लोगों के बीच समान रूप से वितरण किया जाना चाहिए। इसे ही हम सामाजिक न्याय कहते हैं।'' दस दिवसीय उत्सव के भव्य उद्धघाटन से पहले अन्य मंत्रियों के साथ सिद्धरमैया ने यहां देवी चामुंडेश्वरी की विशेष पूजा की। दशहरा उत्सव देवी चामुंडेश्वरी को समर्पित है, जिन्हें मैसूरु शहर और मैसूरु वाडियार शाही परिवार की प्रमुख देवी माना जाता है। इस उत्सव को देवी चामुंडेश्वरी की असुर महिषासुर पर जीत के जश्न के रूप में मनाया जाता है।
मान्यता है कि महिषासुर को पराजित करने के बाद देवी ने एक पहाड़ी को अपना निवास बनाया, जिसे चामुंडी पहाड़ी के नाम से जाना जाता है। उत्सव के दौरान अगले 10 दिनों में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे ।
शहर के लोगों को कुश्ती प्रतियोगिता भी देखने को मिलेगी, जिसमें देश भर से पहलवान हिस्सा लेंगे। लोग यहां विजयदशमी वाले दिन मैसूरु दशहरे के भव्य समापन का बेसब्री से इंतजार करते हैं, जब ‘जंबो सवारी' निकाली जाती है। ‘जंबो सवारी' सुसज्जित हाथियों की एक शोभा यात्रा है जिसमें देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा आगे चल रहे हाथी पर स्थापित की जाती है।-file photo
-
जम्मू। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को नवरात्रि के पहले दिन यहां बावे वाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। आरएसएस प्रमुख कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह बाहु किला क्षेत्र में देवी काली को समर्पित मंदिर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की। उन्होंने जम्मू के लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
-
नई दिल्ली। इस्राइल से ऑपरेशन अजेय के अंतर्गत 274 भारतीय नागरिकों को लेकर चौथी उड़ान आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। इससे पहले 197 भारतीय नागरिकों को लेकर तीसरी उड़ान भी आज सुबह दिल्ली पहुंची थी।
केंद्रीय मंत्रियों वी.के. सिंह और कौशल किशोर ने तीसरी और चौथी उड़ान से दिल्ली लौटे भारतीय नागरिकों को तिरंगा झंडा देकर उनका स्वागत किया।18 हजार भारतीयों को इस्राइल से वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ने ऑपरेशन अजेय शुरू किया था। भारतीयों को वापस लाने का निर्णय इस्राइल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बाद लिया गया। विदेश मंत्रालय ने इजरायल और हमास के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए 24 घंटे काम करने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। ये नियंत्रण कक्ष स्थिति पर नजर रख रहा है साथ ही सूचना और सहायता उपलब्ध करा रहा है। भारतीय नागरिक विदेश मंत्रालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष से टोल फ्री नम्बर 1 8 0 0 1 1 8 7 9 7 पर सम्पर्क कर सकते हैं और ईमेल एड्रेस [email protected]. के जरिए सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इसके अतिरिक्त तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने भी 24 घंटे की आपात हेल्पलाइन स्थापित की है। भारतीय नागरिक इस हेल्पलाइन के नम्बर 9 7 2 - 3 5 2 2 6 7 4 8 , 9 7 2 - 5 4 3 2 7 8 3 9 2 और ईमेल [email protected] पर सम्पर्क कर सकते हैं। रामल्ला में भारतीय प्रतिनिधि कार्यालय ने भी 24 घंटे की आपात हेल्पलाइन स्थापित की है। हेल्पलाइन नम्बर 9 7 0 - 5 9 2 9 1 6 4 1 8 और ईमेल - [email protected] के जरिए सम्पर्क किया जा सकता है। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के ‘रत्न भंडार' को खोलने और वहां संग्रहीत बहुमूल्य वस्तुओं की एक सूची बनाने की मांग के बीच, मंदिर के अधिकारियों ने शनिवार को प्रदेश के लोगों को आश्वासन दिया कि मंदिर का खजाना सुरक्षित हैं । मंदिर प्रबंधन समिति ने पहले ओडिशा सरकार को 12वीं सदी के मंदिर का संरक्षण करने वाले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को अगले साल रथ यात्रा के दौरान रत्न भंडार को खोलने और मरम्मत कार्य करने की अनुमति देने की सिफारिश करने का फैसला किया था। श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक रंजन दास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘रत्न भंडार सुरक्षित है और किसी को भी इसके बारे में चिंतित नहीं होना चाहिए।'' वह रत्न भंडार खोलने के लिए एक विशेष समिति बनाने के उड़ीसा उच्च न्यायालय के आदेश पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘विशेष समिति के गठन के मुद्दे पर जल्द ही श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में चर्चा की जाएगी।'' प्रबंध समिति, पुरी राजवंश के प्रमुख की अध्यक्षता में और सरकारी अधिकारियों सहित विभिन्न लोगों को शामिल करते हुए, पुरी मंदिर से संबंधित सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है।
-
नयी दिल्ली. सेना के शीर्ष कमांडर सोमवार से शुरू होने वाले पांच दिवसीय सम्मेलन के दौरान चीन और पाकिस्तान के साथ सीमाओं पर भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और बल की लड़ाकू क्षमता को बढ़ाने के तरीकों की व्यापक समीक्षा करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे की अध्यक्षता में होने वाले कमांडरों के सम्मेलन में चल रही सुधार प्रक्रिया सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 अक्टूबर को सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी उन लोगों में शामिल हैं, जो सेना कमांडरों को संबोधित करेंगे। सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी “राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने” पर एक व्याख्यान देंगे। सेना ने कहा, “शीर्ष नेतृत्व भारतीय सेना की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा करने के अलावा वर्तमान/उभरते सुरक्षा परिदृश्यों पर विचार-मंथन करेगा।” उसने एक बयान में कहा, “वे वर्तमान सुधार प्रक्रिया, प्रशिक्षण मामलों, मानव संसाधन प्रबंधन पहलुओं तथा सेवारत कर्मियों और सेवानिवृत्त सैनिकों को प्रभावित करने वाले विषयों की समीक्षा सहित महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।” इसमें कहा गया है, “सेना के कमांडरों का सम्मेलन, अपने व्यापक क्षेत्र के साथ, यह सुनिश्चित करता है कि भारतीय सेना प्रगतिशील, अग्रगामी, अनुकूलित और भविष्य के लिए तैयार रहे। -
नयी दिल्ली. मध्य दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में एक महिला समेत चार लोगों ने कथित तौर पर एक घर में एक लड़की को बंधक बना कर 12 लाख रुपये लूट लिये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय लड़की घर में अकेली थी। इस मामले में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, सरवन हुसैन अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ कूचा रहमान इलाके में रहते हैं, जहां उनकी लहंगे की दुकान है। पुलिस ने बताया कि जब हुसैन की एक बेटी घर पर अकेली थी तब हमलावर जबरन घर में घुस आए। उन्होंने लड़की को धमकाया और उसके हाथ-पैर बांध कर और मुंह पर टेप लगा दिया एवं उसे एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने बताया कि लुटेरों ने अलमारी से नकदी चुरा ली, लेकिन आभूषण छोड़ गए। जब सरवन की पत्नी घर लौटी तो उसे घटना की जानकारी हुई और उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें कुछ संदिग्ध नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना में पीड़ित के परिचितों के शामिल होने की आशंका है क्योंकि नकदी और आभूषण ऐसी जगह रखे गए थे जहां बिना सटीक जानकारी के कोई नहीं पहुंच सकता था। -
हैदराबाद. तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नौ अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता लागू होने के तहत राज्य में विभिन्न स्थानों पर 48.33 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 37.4 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा जारी किए गए एक बयान के अनुसार, नकदी और सोने के अलावा अधिकारियों ने 365 किलोग्राम चांदी और 42.203 कैरेट हीरे जिनकी कीमत 17.50 करोड़ रुपये है और 4.72 करोड़ रुपये की शराब, 2.49 करोड़ रुपये का गांजा और 1.91 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुएं/मुफ्त चीजें जब्त कीं। बयान में कहा गया है कि नौ अक्टूबर (जब तेलंगाना विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की गई थी) से आज (सुबह) तक कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 75 करोड़ रुपये है। पुलिस और अन्य प्रवर्तन एजेंसियों ने अवैध धन, मादक पदार्थ, शराब, मुफ्त और अन्य प्रलोभनों के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई तेज कर दी है और अन्य कदमों के बीच वाहनों की जांच भी कर रहे हैं। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को रौनक साधवानी को ‘फिडे विश्व जूनियर रैपिड शतरंज चैंपियनशिप 2023' में ‘उल्लेखनीय जीत' हासिल करने पर बधाई दी। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रौनक साधवानी को ‘फिडे विश्व जूनियर रैपिड शतरंज चैंपियनशिप 2023' में उल्लेखनीय जीत हासिल करने पर बधाई।'' उन्होंने कहा कि साधवानी की रणनीतिक प्रतिभा एवं कौशल ने दुनिया को आश्चर्यचकित करने के साथ देश को गौरवान्वित किया है। मोदी ने कहा, ‘‘वह अपनी असाधारण उपलब्धियों से हमारे देश के युवाओं को यूं ही प्रेरित करते रहें। उन्हें भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''

.jpeg)
























.jpeg)

.jpg)