- Home
- देश
- त्रिशूर। 80 साल की उम्र में कोई इंसान 4500 किमी साइकिल चलाकर अपने लक्ष्य तक पहुंचे, तो सुनकर जरा आश्चर्य होता है, लेकिन यह सच है और इसे कर दिखाया है केरल के त्रिशूर निवासी जोसेटन ने। हौसले के आगे उम्र हार गई और वे अपने 80 वें जन्मदिन पर केरल से इतना लंबा सफर तय करके लद्दाख पहुंचे। .सच कहें तो केरल के त्रिशूर निवासी जोसेटन के लिए शनिवार का दिन यादगार रहा जब वह पहली गिरती बर्फ के बीच लद्दाख में हिमालय की पहाडिय़ों पर पहुंचे। जीवन के 80 साल पूरे कर चुके जोस ने केरल से लद्दाख तक 4500 किलोमीटर तक की यात्रा साइकल से पूरी की। अपने 80वें जन्मदिन पर की गई इस ऐतिहासिक यात्रा में उनके सहयोगी गोकुल पी.आर. ने साथ दिया।जोसेटन ने बताया कि वह दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल रोड खारदुंगला से 34 किलोमीटर दूर हैं। शनिवार को अचानक से शुरू हुई बर्फबारी की वजह से वह अभी आगे की यात्रा पूरी नहीं कर सके हैं। उनके साथ आए गोकुल 2013 में भी एक बार ऐसी यात्रा कर चुके हैं। गोकुल की पत्नी और 14 साल की बेटी फ्लाइट से लद्दाख पहुंची और फिर आगे की यात्रा उन्होंने जॉइन किया।त्रिशूर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल से प्लंबर की पोस्ट से रिटायर हुए जोसेटन ने बताया कि उन्हें साइकिलिंग ट्रिप के दौरान स्वास्थ्य की कोई बड़ी समस्या नहीं हुई। हां, लेह पहुंचने पर ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई। लेकिन सहयोगियों ने उन्हें ऑक्सीजन की आर्टिफिशल सप्लाई मुहैया कराई। जोस ने बताया कि वह पहले भी इस तरह की यात्राएं कर चुके हैं। लेकिन यह उनके जीवन की अभी तक की सबसे लंबी यात्रा है। वे पांचवी क्लास से ही साइकल चला रहे हैं।साइक्लिंग के अलावा जोस मैराथन और स्विमिंग में भी हिस्सा लेते रहते हैं। जोस की पत्नी और 3 बच्चों में उनकी इस अचीवमेंट को लेकर उत्साह तो है, लेकिन उन्हें उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी है। जोस के साथ गए गोकुल के भाई भारतीय सेना में ब्रिगेडियर हैं, जिनकी मदद से जोस को खतरों से भरे इलाकों और दुर्गम जगहों को पार करने में मदद मिली।
- प्रयागराज। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि केंद्र और राज्य सरकारें देश में न्यायिक व्यवस्था की बेहतरी के लिए न्यायपालिका के साथ मिलकर काम कर रही हैं। राष्ट्रपति आज प्रयागराज में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के नए भवन परिसर के शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में प्रधान न्यायाधीश एन वी रमना, कई वरिष्ठ न्यायाधीश, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि देश की न्यायपालिका में लोगों का अटूट विश्वास है, इसके बावजूद लोग अदालतों में जाने से हिचकिचाते हैं। यह स्थिति बदलनी चाहिए और यह तभी संभव होगा जब सभी हितग्राही संवेदनशील होकर मिलजुल कर कार्य करें।उच्चतम न्यायालय में हाल ही में महिला न्यायाधीशों को शामिल किये जाने के बारे में राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं में आमतौर पर न्यायिक विवेक के साथ अपनी गतिविधियों को करने की भी प्रवृत्ति होती है, इसलिए हमें अदालतों में महिलाओं की संख्या बढ़ानी होगी।केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार न्यायपालिका के साथ मिलकर काम करना चाहती है और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी के लिए न्याय बहुत महत्वपूर्ण है और अदालतों तथा आम आदमी के बीच की दूरी खत्म होनी चाहिए ताकि लोगों का देश की न्यायपालिका पर विश्वास बना रहे।
- अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था कोविड-19 महामारी से पड़े प्रभाव की तुलना में कहीं अधिक मजबूती से उबरी है।उन्होंने कहा कि जब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं महामारी के दौरान खुद को बचाने में लगी थी, तब भारत सुधारों में जुटा रहा।प्रधानमंत्री ने नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए यहां एक परिसर ‘सरदारधाम भवन’ का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए यह कहा।उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 ने भारत सहित पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित किया। लेकिन हमारी अर्थव्यवस्था महामारी के कारण रूकने के बजाए कहीं अधिक मजबूती से उबरी है।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाएं महामारी के दौरान खुद को बचाने में लगी हुई थी, तब हम सुधार कर रहे थे। जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई, तब हमने देश में नए अवसर आरंभ करने के लिए पीएलआई (उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन) योजना शुरू की।’’मोदी ने कहा कि इस योजना का अब कपड़ा क्षेत्र में विस्तार कर दिया गया है। साथ ही कहा कि कपड़ा क्षेत्र और सूरत जैसे शहर इस योजना का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं।राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार भारत की आर्थिक वृद्धि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 20.1 प्रतिशत हो गई....वर्ष 2020-21 की अप्रैल-जून तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 24.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।केंद्र द्वारा कपड़ा और ऑटोमोबाइल सहित 10 प्रमुख क्षेत्रों के लिए घोषित पीएलआई योजना का उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को महामारी के बाद तेजी से ठीक करने में मदद करना है।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमें खुद को वैश्विक आर्थिक नेता के रूप में देखना चाहिए क्योंकि 21वीं सदी में भारत के पास इसे बड़ा बनाने के अवसरों की कमी नहीं है।’’
-
अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। अगले साल दिसंबर में गुजरात में चुनाव होने हैं। नए मुख्यमंत्री की रेस में मनसुख मांडविया, नितिन पटेल, सीआर पटेल, पुरुषोत्तम रुपाला के नाम आगे चल रहे हैं।
विजय रुपाणी ने शनिवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि अब पार्टी जो जिम्मेदारी देगी मैं उसे निभाऊंगा। उन्होंने जनता की सेवा करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। रुपाणी ने कहा कि मुझे कार्यकर्ता से सीएम बनाया। अब गुजरात का विकास नए नेतृत्व में हो। पिछले महीने ही विजय रुपाणी ने मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल पूरे किए हैं। साल 2016 में तत्कालीन सीएम आनंदी बेन पटेल ने इस्तीफा दिया था, उनकी जगह 7 अगस्त 2016 को विजय रुपाणी सीएम बने थे।
-
गुरुग्राम। ग्ररुगाम के सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में एक मकान में एक महिला का शव मिला है। कमरे में हलचल नहीं होने के कारण जब पड़ोस में रह रही महिला की बहन ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-40 थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र ने बताया कि मृतक की चचेरी बहन के अनुसार मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी रेजिना बीबी (27) अपने पति के साथ साउथ सिटी-1 स्थित बंगाली मार्केट के पास राधे श्याम के मकान में पति हंसामुनुज के साथ रहने आई थी। हंसामुनुज राज मिस्त्री है, जबकि मृतक रेजिना बीबी सेक्टर-40 के फ्लैट में घरेलू सहायिका थी। मृतक रेजिना की चचेरी बहन ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले हंसामुनुज से शादी की थी, लेकिन इस बारे में उसने तीन महीने पहले परिवार वालों को बताया था। करीब 15 दिन पहले वह राधेश्याम के मकान में पति के साथ रहने आई थी। इससे पहले वह गुरुग्राम में ही दूसरे स्थान पर रह रही थी। दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक की चचेरी बहन ने बताया कि गत गुरुवार से रेजिना के कमरे में कोई हलचल नहीं थी। जब वह कमरे पर गई तो उसने रेजिना को मृत अवस्था में पाया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र ने बताया कि रेजिना के मुंह से खून आया हुआ था। उसे देखकर लग रहा था कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। इस पर उसने रेजिना के पति हंसामुनुज का पता लगाया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मौके पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मौके से सबूत जुटाकर जांच के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
-
बरेली। यूपी के बरेली जिले में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की गला रेतकर मर्डर कर दिया। शीशगढ़ थाना पुलिस ने महफूज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी शमशुल को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते हुई हत्या के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया कि उसका दोस्त मृतक महफूज मेरी पत्नी से अवैध संबंध बनाना चाहता था। यही वजह है कि आरोपी शमशुल ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और हत्या के बाद फरार हो गया लेकिन कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी दोस्त शमशुल को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि बीते 6 सितंबर की रात में हाईवे के किनारे एक 30 वर्षीय युवक की डेड बॉडी मिली थी। प्रथम दृष्टया घटना सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही थी लेकिन परिजन हत्या का भी आरोप लगा रहे थे। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो संज्ञान में आया कि मृतक महफूज आलम के एक महिला से संबंध है और वह वीडियो और फोटो के जरिए महिला को शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। इस बिंदु पर जांच करते हुए पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर शीशगढ़ निवासी आरोपी शमसुल को पूछताछ के लिए बुलाया तो हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई।
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि पुलिसिया पूछताछ में आरोपी शमसुल ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। शादी से पहले उसकी पत्नी के संबंध मृतक महफूज आलम से थे। उसी दौरान महफूज ने उसकी पत्नी से अश्लील फोटो खींच लिए थे। शादी के बाद भी मृतक आरोपी शमशुल की पत्नी से संबंध बनाने का दबाव बना रहा था लेकिन शादी के बाद आरोपी शमशुल की पत्नी ने इनकार कर दिया तो मृतक महफूज ने अपने दोस्त की जरिये महिला के पति आरोपी शमशुल से दोस्ती कर ली और घर आना जाना शुरू कर दिया। अब जब आरोपी शमसुल को यह जानकारी हुई उसका ही दोस्त उसके साथ चैटिंग कर रहा है तो उसमें महफूज की हत्या की प्लानिंग कर ली और 6 सितंबर की रात को बहेडी रोड पर हत्या कर दी। हत्या को एक्सीडेंट दिखाने के लिए मृतक की बाइक भी मौके पर ही गिरा दी थी। - नई दिल्ली। देश में टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 73 करोड़ पांच लाख से अधिक कोविड टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान 65 लाख 27 हजार से अधिक टीके लगाये गये।मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान 32 हजार 198 मरीज ठीक हुए हैं। स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 97.49 प्रतिशत है। अब तक तीन करोड़ 23 लाख लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 33 हजार 376 नये मामलों की पुष्टि हुई है। इस समय 3 लाख 91 हजार 516 लोगों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 54 करोड़ से अधिक कोविड नमूनों की जांच हो चुकी है। कल 15 लाख 92 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई।--
- गोपेश्वर (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार तड़के 4.7 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने यह जानकारी दी। केंद्र ने बताया कि भूकंप तड़के पांच बजकर 58 मिनट पर आया और इसका केंद्र गोपेश्वर से 13 किलोमीटर दूर पांच किलोमीटर की गहराई में था। अधिकारियों ने बताया कि लोग घबराहट में अपने घरों से निकल आए। अब तक जान-माल की क्षति की कोई खबर नहीं है।
-
कानपुर। नौबस्ता से लापता बैंक कर्मी का शव उन्नाव के शारदा नहर में सीलबंद प्लास्टिक के ड्रम में मिला है। उन्नाव दही चौकी थाना पुलिस ने सीलबंद ड्रम को खोला तो शव देखकर दंग रह गई। शव की पहचान कानपुर नौबस्ता मछरिया एचडीएफसी बैंक कर्मी विशाल अग्रवाल (26) के रूप में हुई है। अब हत्याकांड का खुलासा करने के लिए कानपुर की नौबस्ता और उन्नाव पुलिस लगी हुई है। कॉल डिटेल के आधार पर चार दोस्त और गर्लफ्रेंड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
नौबस्ता थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि उन्नाव के सराय कटियान के करीब पुरवा गांव में एलॉय फैक्ट्री के पीछे नहर में झाडिय़ों के बीच फंसा हुआ एक ड्रम मिला। ग्रामीणों की सूचना पर दही चौकी थाने की पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। ड्रम निकालकर खोला तो उसमें युवक का शव निकला। जांच-पड़ताल के दौरान शव की शिनाख्त नौबस्ता मछरिया संजय नगर कॉलोनी निवासी विष्णु अग्रवाल के बेटे एचडीएफसी बैंक कर्मी विशाल अग्रवाल के रूप में हुई है। पिता और भाई ने उन्नाव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की है। नौबस्ता थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि विशाल की आखिरी लोकेशन माल रोड पर 7 सितंबर को रात की मिली है। कॉल डिटेल के आधार पर उनके चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक गर्लफ्रेंड को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा होगा।
नौबस्ता थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि हत्याकांड को सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया है। इसी के चलते हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के ड्रम का इस्तेमाल किया गया। शव रखने के बाद बकायदा ड्रम को सील कर दिया गया था। ड्रम में शव रखकर ले जाने से पकड़े जाने की भी आशंका कम हो जाती है। इससे एक बात तो साफ है कि हत्याकांड को प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया है। -
देव दर्शन करके गांव जा रहे 18 लोगों से भरी बोलेरो को बस ने मारी टक्कर, पिछला हिस्सा 200 फीट दूर गिरा, कई घायल
बाड़मेर। बाड़मेर में शुक्रवार देर रात कुशल वाटिका से पहले गोलाई में रोडवेज बस और बोलरो की भिडंत में चार महिलाओं की मौत हो गई। 10 लोग घायल हो गए। भिड़ंत इतनी तेज थी बोलेरो का पीछे का हिस्सा करीब 200 फीट दूर जाकर गिरा और बाकी हिस्सा पेड़ में जा घुसा। दुर्घटन में घायल 10 लोगों में से एक गंभीर घायल को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात को सुदाबेरी निवासी बोलेरो से लोहावट देवी-देवता के दर्शन कर अपने गांव जा रहे थे। चौहटन चौराहे से कुछ ही किलोमीटर की दूर सामने से आ रही रोडवेज बस की गोलाई में आमने-सामने से भिड़ गई। बस से टकराने के बाद बोलेरो के हिस्से टूट-टूटकर गिर गए। बस में चार-पांच लोग ही सवार थे उनको मामूली चोटे आई हैं। बोलेरो कैंपर में बच्चे, महिलाओं सहित 18 लोग सवार थे। जिन चार महिलाओं की मौत हुई है, वे सभी बोलेरो में सवार थीं।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि बोलेरो में सवार महिला के अनुसार हम सब लोहावट जात (धार्मिक रीतियां) देने के लिए गए हुए थे। वहां से वापस अपने गांव जा रहे थे। सब लोग राजी-खुशी थे। गाड़ी में बैठे बाते कर रहे थे। इस दौरान जोर से धमाका हुआ फिर कुछ पता ही नहीं चला, जब होश आया तो अस्पताल में थे। पता नहीं कैसे हादसा हो गया।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि बोलेरो के पीछे का हिस्सा करीब 200 फीट दूर जाकर गिरा। इसमें करीब 10 लोग बैठे थे। इसमे अधिकांश महिलाएं थी। पीछे बैठी महिलाओं में से ही 4 महिला सरिता (20) पत्नी ओमप्रकाश निवासी सदराम की बेरी, वालीदेवी (45) पत्नी मोहनराम, भंवरीदेवी (22) पत्नी श्रवण निवासी सांवा, पप्पू देवी (40) पत्नी बाबूलाल की मौके पर मौत हो गई। 10 लोग बाबूलाल पुत्र जगमाल, ओमप्रकाश (21) पुत्र सुजानाराम, प्रवीण (22) पुत्र सुजानाराम, सिणगारी (45) पत्नी मालाराम, हीरादेवी (40) पत्नी सुजानाराम, बुधाराम (40) पुत्र केसाराम, रामेश्वरी (30) पत्नी बाबूलाल, मीरा (70) पत्नी अन्नाराम, भजनलाल (35) पुत्र सुखराम, श्रवण (25) पुत्र सुजानाराम निवासी सांवा घायल हो गए।
सड़क हादसे की सूचना मिलने पर एडीएम ओपी विश्नोई, एएसपी नरपतसिह जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद कलेक्टर लोक बंधु और एसपी आनंद शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होने घायलों से मिले और डॉक्टरों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि हादसा बड़ा ही दर्दनाक हुआ है। शनिवार को सुबह हम लोग घटनास्थल देखेंगे कि कहीं रोड़ में कोई डिफॉल्ट या कोई कमी तो नहीं है। कलेक्टर लोक बंधु ने कहा कि मरीजों का सीटी स्केन भी करवाया गया है। सीनियर डॉक्टरों को बोला है कि घायलों का अच्छा इलाज करें। - रांची। महिलाएं अब हर क्षेत्र में पुरूषों से कंधा-से-कंधा मिलाकर काम करने लगीं हैं। कोयला खानों में काम करने में भी अब वह पीछे नहीं हैं। आईआईटी जोधपुर से छात्र रही शिवानी मीना कोल इंडिया की इकाई सीसीएल के एक खुले खदान में काम करने वाली पहली महिला उत्खनन इंजीनियर बनी हैं।वह सेंट्रल कोलफील्ड लि. (सीसीएल) की रजरप्पा परियोजना में काम करेंगी। यह कोयला खनन कंपनी के महत्वपूर्ण उद्यमों में से एक है। अब तक इस क्षेत्र में पुरुषों का ही वर्चस्व रहता आया है। इससे पहले, हाल ही में आकांक्षा कुमारी झारखंड की उत्तरी करनपुरा क्षेत्र में सीसीएल की चूरी भूमिगत खदान में काम करने वाली कोल इंडिया की पहली महिला खनन इंजीनियर बनी थी।केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्विटर पर लिखा है, ''नारी शक्ति सर्वत्र। सीसीएल रांची को बधाई। उम्मीद है कि यह और महिला पेशेवरों के लिये खनन क्षेत्र से जुडऩे का रास्ता खोलेगा।'' केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सीसीएल को लिखा है, '' महिला शक्ति सफलता के पथ पर। कोल इंडिया में पहली महिला भूमिगत खदान में खनन इंजीनियर के बाद अब सीसीएल में पहली महिला खुले खदान क्षेत्र में उत्खनन इंजीनियर बनी हैं।''सीसीएल ने बयान में कहा कि मीना ने सीसीएल के रजरप्पा परियोजना में एक उत्खनन इंजीनियर के रूप में कार्यभार संभाला है। यह मशीनीकृत खुला खदान क्षेत्र है। कंपनी ने कहा, ''यह अभूतपूर्व है क्योंकि शिवानी एक खुली खदान में काम करने वाली उत्खनन क्षेत्र की पहली महिला इंजीनियर हैं।'' उन्हें भारी मशीनरी (हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी) के रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्थान के भरतपुर की रहने वाली शिवानी मीना ने सीसीएल में शामिल होने से पहले आईआईटी जोधपुर से अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।
- नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने राज्यों से उनकी सीमाओं पर स्थित जांच चौकियों को हटाने को कहा है क्योंकि वाहनों एवं चालकों से संबंधित ऑनलाइन डेटा 'वाहन' और 'सारथी' मंचों के जरिए मजबूत हो चुका है। मंत्रालय ने राज्यों को लिखे पत्र में कहा है कि जुलाई 2017 में जीएसटी आने के बाद राज्यों की सीमाओं पर नियमित जांच चौकियों की कोई आवश्यकता नहीं है। इसमें कहा गया है, ''...इसलिए आग्रह किया जाता है कि राज्यों की सीमाओं पर जांच चौकियां हटाने के संबंध में मौजूदा स्थिति की सूचना मंत्रालय को जल्द से जल्द दी जाए।'
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को गाजियाबाद के जिला समाज कल्याण अधिकारी नदीम सिद्दीकी को अधीनस्थ महिला कर्मी से छेड़छाड़ के आरोप में निलंबित कर दिया।समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव के रविंद्र नायक ने शुक्रवार को सिद्दीकी को निलंबित करने का आदेश जारी किया। नायक द्वारा जारी आदेश में आरोपी अधिकारी पर अधीनस्थ महिला कर्मी के लिए द्विअर्थी शब्दों के प्रयोग, रात में फोन कर अनावश्यक रूप से परेशान करने, मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और महिलाओं के प्रति दुव्र्यवहार कर उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने के आरोप का उल्लेख किया गया है। प्रमुख सचिव ने आरोपी अधिकारी को निलंबित करते हुए उन्हें निलंबन की अवधि में निदेशालय, समाज कल्याण लखनऊ से संबद्ध कर दिया है। उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही भी की जाएगी।
- नयी दिल्ली। नैनो यूरिया की सफल पेशकश के बाद केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को इफ्को और अन्य उर्वरक विनिर्माताओं को नैनो डीएपी (डाय-अमोनियम फास्फेट) का वाणिज्यिक उत्पादन एक साल के भीतर शुरू करने का निर्देश दिया। इससे देश की आयात निर्भरता को कम किया जा सकेगा। एक सरकारी सूत्र के अनुसार, मंत्री द्वारा शुक्रवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में, इस अपेक्षा के बारे में इफ्को सहित अन्य उर्वरक विनिर्माताओं को बताया गया। इस साल की शुरुआत में इन विनिर्माताओं ने तरल रूप में नैनो यूरिया पेश किया था और अब वे नैनो डीएपी के लिए भी परीक्षण कर रहे हैं। बैठक में मंत्री ने 2,000 खेतों में 24 फसलों पर अग्रणी उर्वरक सहकारी संस्था, इफ्को द्वारा किए जा रहे नैनो डीएपी के खेत परीक्षण के मामले में अब तक की प्रगति की समीक्षा की। इफ्को के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि खेत परीक्षण के परिणाम अब तक उत्साहजनक हैं, क्योंकि फसल की जड़ें बेहतर विकसित हुई हैं। नैनो यूरिया के व्यावसायिक उत्पादन की सफल शुरुआत के बाद सरकार नैनो डीएपी की पेशकश पर ध्यान केंद्रित कर रही है। भारत व्यावसायिक रूप से नैनो यूरिया का उत्पादन करने वाला पहला देश है। बैठक में, मंडाविया ने जोर देकर कहा कि देश को इस दूसरे सबसे अधिक खपत वाले उर्वरक के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नैनो डीएपी को समयबद्ध तरीके से विकसित करने की जरूरत है। बैठक में रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री भगवंत खुबा, उर्वरक सचिव आरके चतुर्वेदी, इफ्को, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड और राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
- जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 करोड़ रुपये कीमत का सांप का जहर बरामद किया गया। एक वन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दक्षिण दिनाजपुर जिले के रहने वाले आरोपी को गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान में सांप के जहर वाले तीन जार के साथ पकड़ा गया, जिसे तस्करी कर चीन भेजा जा रहा था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के लिए वन विभाग की हिरासत में भेज दिया गया। file photo
- नयी दिल्ली। नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबएसई) के साथ मिलकर देश के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए ‘स्पेस चैलेंज' (अंतरिक्ष चुनौती) पेश की है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस चुनौती को देश के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों, संरक्षकों और शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें एटीएल (अटल टिंकरिंग लैब) लैब वाले स्कूलों के साथ गैर एटीएल स्कूल भी जुड़े हैं। बयान में कहा गया है, ‘‘अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के साथ मिलकर देश के सभी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए एटीएल अंतरिक्ष चुनौती पेश की है।'' इसमें यह सुनिश्चित किया जाना है कि कक्षा 6 से 12 के छात्रों को एक खुला मंच उपलब्ध कराया जाए। जहां वे नवोन्मेष कर सकें और खुद डिजिटल युग की अंतरिक्ष तकनीक से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सक्षम हो सकें। एटीएल अंतरिक्ष चुनौती 2021 को विश्व अंतरिक्ष सप्ताह 2021 के साथ जोड़ा गया है। यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के योगदान को याद करने को लेकर वैश्विक स्तर पर हर साल 4 से 10 अक्टूबर को मनाया जाता है। कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए अटल इनोवेशन मिशन के मिशन निदेशक चिंतन वैष्णव ने कहा कि इस चुनौती का उद्देश्य अंतरिक्ष क्षेत्र में कुछ निर्माण के लिए युवा स्कूली विद्यार्थियों को नवोन्मेष में सक्षम बनाना है। इससे न सिर्फ उन्हें अंतरिक्ष के बारे में सीखने का मौका मिलेगा बल्कि कुछ ऐसा तैयार करने में सहायता मिलेगी जिसे अंतरिक्ष कार्यक्रम में उपयोग किया जा सकता है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने ओडिशा से मादक पदार्थ की तस्करी कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आपूर्ति करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच क्विंटल गांजा बरामद किया है जिसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जाती है।पुलिस मुख्यालय से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया कि एसटीएफ टीम ने राजस्थान पुलिस के सहयोग से पांच आरोपियों-राकेश कुमार यादव निवासी मधुबनी-बिहार, प्रमोद सिंह निवासी मथुरा, अखिलेश शर्मा निवासी सदर, मथुरा, रिंकू निवासी गाजियाबाद और लाखन सिंह मूल निवासी जेवर, गौतम बुद्ध नगर को शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले से गिरफ्तार किया। एसटीएफ के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 98 बोरियों में भरा 25 क्विंटल गांजा, एक ट्रक, एक कार, नौ मोबाइल फोन, दो फर्जी ई-वे बिल, 17,200 रुपये नकद और जीपीएस उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एक दल ने श्रीगंगानगर के विजयनगर तहसील के एक प्रबोधक (सरकारी अध्यापक) को एक व्यक्ति से एक लाख 50 हजार रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी कि उसके विरूद्ध जैतसर थाने में दर्ज मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगाने की एवज में थानाधिकारी का रीडर रमेश कुमार मीना अपने दलाल प्रबोधक (सरकारी अध्यापक) भीमसैन के माध्यम से दो लाख रूपये रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा था। उन्होंने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद दल ने शुक्रवार को आरोपी भीमसैन को परिवादी से एक लाख 50 हजार रूपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी जैतसर के रीडर रमेश कुमार मीना की भूमिका की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को बताया कि इस वर्ष अगस्त में पिछले 12 साल में सबसे कम बारिश हुई। अगस्त माह में बारिश में 24 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, कमजोर मानसून के दो प्रमुख दौर देशभर में नौ से 16 अगस्त और 23 से 27 अगस्त के बीच सक्रिय रहे, जब भारत के उत्तर-पश्चिम, मध्य तथा आसपास के प्रायद्वीपीय और पश्चिमी तट पर कम बारिश दर्ज की गई।आईएमडी ने कहा, '' अगस्त 2021 में, देशभर में बारिश दीर्घावधि औसत (एलपीए) से कम से कम 24 प्रतिशत कम थी, जो 2009 से यानी पिछले 12 साल में सबसे कम रही।'' इससे पहले अपने बयान में विभाग ने बताया था कि वर्ष 2002 के बाद से पिछले 19 सालों में इस साल अगस्त माह में सबसे कम बारिश दर्ज की गई। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आधिकारिक तौर पर एक जून को आता है और 30 सितंबर तक सक्रिय रहता है। जून के महीने में 10 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, लेकिन जुलाई और अगस्त दोनों में बारिश में क्रमश: सात और 24 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, अगस्त में देश में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश हुई। आईएमडी के चार मौसम विभाग संभागों में से मध्य भारत में 39 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। देश के इस हिस्से में महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा का एक बड़ा क्षेत्र शामिल है। उत्तर-पश्चिम भारत, जिसमें उत्तरी भारतीय राज्य शामिल हैं, वहां 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
- नयी दिल्ली। देश में खेती-बाड़ी करने वाले आधे से अधिक परिवार कर्ज के बोझ तले दबे हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के एक सर्वे के अनुसार 2019 में 50 प्रतिशत से अधिक कृषक परिवार कर्ज में थे और उन पर प्रति परिवार औसतन 74 हजार 121 रुपये कर्ज था। सर्वे में कहा गया है कि उनके कुल बकाया कर्ज में से केवल 69.6 प्रतिशत बैंक, सहकरी समितियों और सरकारी एजेंसियों जैसे संस्थागत स्रोतों से लिये गये। जबकि 20.5 प्रतिशत कर्ज पेशेवर सूदखोरों से लिये गये। इसके अनुसार कुल कर्ज में 57.5 प्रतिशत ऋण कृषि उद्देश्य से लिये गये।सर्वे में कहा गया है, ''कर्ज ले रखे कृषि परिवारों का प्रतिशत 50.2 प्रतिशत है। वहीं प्रति कृषि परिवार बकाया ऋण की औसत राशि 74,121 रुपये है।'' एनएसओ ने जनवरी-दिसंबर 2019 के दौरान देश के ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार की भूमि और पशुधन के अलावा कृषि परिवारों की स्थिति का आकलन किया। सर्वे के अनुसार कृषि वर्ष 2018-19 (जुलाई-जून) के दौरान प्रति कृषि परिवार की औसत मासिक आय 10,218 रुपये थी। इसमें से मजदूरी से प्राप्त प्रति परिवार औसत आय 4,063 रुपये, फसल उत्पादन से 3,798 रुपये, पशुपालन से 1,582 रुपये, गैर-कृषि व्यवसाय 641 रुपये तथा भूमि पट्टे से 134 रुपये की आय थी। इसमें कहा गया है कि देश में कृषि परिवार की संख्या 9.3 करोड़ अनुमानित है। इसमें अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) 45.8 प्रतिशत, अनुसूचित जाति 15.9 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति 14.2 प्रतिशत और अन्य 24.1 प्रतिशत हैं।सर्वे के अनुसार गांवों में रहने वाले गैर-कृषि परिवार की संख्या 7.93 करोड़ अनुमानित है। इससे यह भी पता चला कि 83.5 प्रतिशत ग्रामीण परिवार के पास एक हेक्टेयर से कम जमीन है। जबकि केवल 0.2 प्रतिशत के पास 10 हेक्टेयर से अधिक जमीन थी। इस बीच, एक अन्य रिपोर्ट में एनएसओ ने कहा कि 30 जून, 2018 की स्थिति के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कर्ज लेने वाले परिवार का प्रतिशत 35 था (40.3 प्रतिशत कृषक परिवार, 28.2 प्रतिशत गैर-कृषि परिवार) जबकि शहरी क्षेत्र में यह 22.4 प्रतिशत (27.5 प्रतिशत स्व-रोजगार से जुड़े परिवार, 20.6 प्रतिशत अन्य परिवार) थे।एनएसओ ने राष्ट्रीय नमूना सर्वे (एनएसएस) के 77वें दौर के तहत अखिल भारतीय कर्ज और निवेश पर ताजा सर्वे जनवरी-दिसंबर, 2019 के दौरान किया। सर्वे में यह भी पाया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कर्ज ले रखे परिवारों में से 17.8 प्रतिशत परिवार संस्थागत एजेंसियों से (जिनमें 21.2 प्रतिशत कृषक परिवार और 13.5 प्रतिशत गैर-कृषक परिवार) जबकि शहरी क्षेत्रों में 14.5 प्रतिशत परिवार संस्थागत कर्जदाताओं से (18 प्रतिशत स्व-रोजगार करने वाले तथा 13.3 प्रतिशत अन्य परिवार) कर्ज ले रखे थे। इसके अलावा ग्रामीण भारत में करीब 10.2 प्रतिशत परिवारों ने गैर- संस्थागत एजेंसिंयों से कर्ज लिया जबकि शहरी भारत में यह संख्या 4.9 प्रतिशत परिवार थी। वहीं ग्रामीण भारत में सात प्रतिशत परिवार ऐसे थे जिन्होंने संस्थागत कर्ज और गैर-संस्थागत दोनों तरह से कर्ज लिया था जबकि शहरी क्षेत्र में ऐसे परिवारों की संख्या तीन प्रतिशत थी।
- नयी दिल्ली। संवत्सरी पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि दयालु होना, क्षमा करना और एक-दूसरे के खिलाफ दुर्भावना नहीं रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। क्षमा, अहिंसा और मैत्री का पर्व संवत्सरी जैन धर्म से संबद्ध है। इस पर्व पर समुदाय के लोग जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘क्षमा करना बड़े दिल के महत्व को दर्शाता है। दयालु होना और साथ ही माफ कर देना तथा एक-दूसरे के खिलाफ कोई दुर्भावना नहीं रखना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। मिच्छामी दुक्कड़म।'' प्रधानमंत्री ने इस ट्वीट के साथ आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘‘मन की बात'' की एक कड़ी का छोटा हिस्सा भी साझा किया, जिसमें उन्होंने संवत्सरी के बारे में अपने विचार व्यक्त किये थे।
- अनूपपुर (मप्र)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पौड़ी गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक सुरेश अहिरवार ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर हुई। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान खेमकरण सिंह गौड़ (21) एवं रूप सिंह (19) के रूप में की गई है। ये दोनों मजदूर थे और ईंट-भट्टे पर काम करते थे। अहिरवार ने बताया कि जब इन पर आकाशीय बिजली गिरी, उस वक्त ये दोनों ईंट के भट्टे के पास एक पेड़ के नीचे खड़े थे।
- केंद्रपाड़ा। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में ब्राह्मणी नदी में मछली पकड़ने गए एक मछुआरे को दुर्लभ और लुप्तप्राय प्रजाति का कछुआ मिला है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची के तहत संरक्षित कछुआ गुरुवार को भीतरकनिका वन्यजीव अभयारण्य के नजदीक जयकुंडा गांव के पास एक मछुआरे के जाल में फंसा। दुर्लभ प्रजाति के कछुए को वन विभाग को सौंपने के लिए कैलाश बारिक नामक मछुआरे को एक हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। राजनगर मैंग्रोव के संभागीय वन अधिकारी जे डी पति ने कहा कि दुर्लभ प्रजाति के कछुए को बाद में नदी में छोड़ दिया गया। इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) ने कछुए की इस प्रजाति को विलुप्त होती प्रजातियों की अपनी सूची में रखा है। इस कछुए के मांस और इसकी कठोर बाहरी परत के लिए बड़े पैमाने पर इसका शिकार किया जाता है। आईयूसीएन के मुताबिक यह कछुआ प्रमुख रूप से उत्तरी और मध्य भारत, बांग्लादेश, नेपाल और पूर्वी पाकिस्तान में पाया जाता है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदारधाम भवन का वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से लोकार्पण करेंगे और साथ ही इस परियोजना के दूसरे चरण का भूमि पूजन कर शिलान्यास भी करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में शुक्रवार को दी गई। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। परियोजना के दूसरे चरण में कन्या छात्रालय बनना है। इसमें 2000 कन्याओं के लिए छात्रावास की सुविधा होगी। पीएमओ के मुताबिक सरदारधाम शैक्षिक और सामाजिक बदलाव के साथ ही समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। सरदारधाम में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। अहमदाबाद में वैष्णोदेवी सर्कल के पास सरदारधाम परिसर में यह भवन बना है।
- कोलकाता। संगीतकार देबोज्योति मिश्रा ने फिल्म निर्माता हरि विश्वनाथ की फिल्म ‘बांसुरी: द फ्लूट' में अपने काम के लिए स्पेन में आयोजित 20वें ‘इमेजिन इंडिया फिल्म फेस्टिवल' में सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार जीता है। इस महोत्सव की शुरुआत इस महीने के अंत में होगी लेकिन सात सितंबर को विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा कर दी गई। सर्वश्रेष्ठ संगीत श्रेणी में मिश्रा का नामांकन ‘ब्लाइंड फोल्ड' के लिए तारस द्रोण और ‘चारकोल' के लिए इस्माइल मोनसेफ के साथ किया गया था। मिश्रा ने कहा कि सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार जीतना फिल्म की पूरी टीम के लिए ‘बड़ा सम्मान' है। उन्होंने कहा कि वह पुरस्कार के लिए काम नहीं करते हैं लेकिन अगर वह मिलता है तो वह पहचान पूरी टीम की है। ‘चोखेर बाली', ‘रेनकोट', ‘हजार चौरासी की मां' और ‘रामचंद पाकिस्तानी' जैसी फ़िल्मों में उनके संगीत की खूब सराहना हुई है।








.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






