- Home
- देश
-
नई दिल्ली। घना कोहरा और दृश्यता कम होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से मंगलवार को पांच उड़ानों पर असर पड़ा। एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक रियाद, कुवैत और बैंकॉक की तीन उड़ानों में देरी हुई। काबुल और बहरीन की दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। घने कोहरे के कारण उत्तर भारत की 22 ट्रेनें भी देरी से चल रही है। बताया जाता है कि दिल्ली एयरपोर्ट से रियाद जाने वाली फ्लिनास एक्सवाई 329, कुवैत के लिए जजीरा एयरवेज फ्लाइट जे9409 और बैंकॉक के लिए थाई एयरवेज फ्लाइट टीजी 323 को उड़ान भरने में देरी हुई। काबुल से आने वाली अफगान एयरलाइंस की फ्लाइट एफजी311 और बहरीन से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 940 को डायवर्ट किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बुधवार को घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया। पटियाला, बीकानेर, चुरू, हिसार, दिल्ली, बहराइच, गोरखपुर और पटना की दृश्यता का स्तर 25 मीटर रहा जबकि लखनऊ में दृश्यता का स्तर 50 मीटर रहा। - नई दिल्ली। कश्मीर में श्रीनगर सहित कुछ इलाकों में कल रात फिर हिमपात हुआ। गुलमर्ग और पहलगाम सहित कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों और कुछ मैदानी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने घाटी में अगले दो दिनों तक शुष्क ठंड बने रहने की संभावना व्यक्त की है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आज घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। घने कोहरे के कारण कई रेल गाडिय़ां देर से चल रही है।वायु गुणवत्ता और मौसम भविष्यवाणी और अनुसंधान प्रणाली (सफर) संस्था के अनुसार दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब बना हुआ है। अनुमान है कि कल दिल्ली में तेज हवाएं चलने से प्रदूषण का स्तर कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।उधर पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में तेज ठंड के कारण आज तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हरियाणा के कुछ इलाकों रोहतक, भिवाड़ी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, अंबाला, हिसार, करनाल और नारनौल में आज सवेरे बहुत अधिक कोहरा था।हिसार का तापमान सबसे कम चार दशमलव चार डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि सिरसा में कल रात पांच डिग्री तापमान रहा। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान छह दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पंजाब के अमृतसर, आदमपुर, हलवाड़ा, बठिंडा, लुधियाना और पटियाला भी ठंड की चपेट में हैं।
- नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2020 प्रदान किये। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करने वाले बच्चों को प्रतिवर्ष दिये जाते हैं।बच्चों को ये पुरस्कार नवाचार, समाज सेवा , कला - संस्कृति तथा खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने और वीरता के लिए दिये जाते हैं। राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए चुने गये 22 बच्चों को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया।वीरता पुरस्कार पाने वाले बच्चों में छत्तीसगढ़ की भामेश्वरी निर्मलकर और कांति सिंह भी शामिल हैं। कांति सिंह सरगुजा जिले के मोहनपुर गांव की बेटी हैं। कांति ने अपनी बहादुरी की बदौलत छोटी बहन को हाथियों के चंगुल से बचाया था। वहीं धमतरी जिले के कानीडबरी गांव की भामेश्वरी निर्मलकर ने दो बच्चों को अपने गांव के तालाब में डूबने से बचाया था। आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों वीरता पुरस्कार प्राप्त करने के बाद भामेश्वरी निर्मलकर ने कहा कि सभी बच्चों को दूसरों की मदद करने का प्रयास करना चाहिए।---
- बेंगलुरु। भारत के पहले अंतरिक्ष उड़ान प्रशिक्षण सिम्युलेटर केंद्र और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण केंद्र बेंगलुरु में स्थापित होंगे और भारत 2022 तक बाहरी अंतरिक्ष में मानवयुक्त गगनयान मिशन सम्पन्न करने में सक्षम हो जायेगा।भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्यक्ष डॉ के सिवन ने आज बेंगलुरु में आयोजित मानव अंतरिक्ष यान और अन्वेषण पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के उ द्घाटन अवसर पर यह बात कही।भारत के पहले मानवयुक्त मिशन गगनयान के बारे में उन्होंने कहा कि मिशन के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी इसरो द्वारा विकसित की गई है और अब जमीनी स्तर, जीवन रक्षक प्रणाली और बाहरी अंतरिक्ष के लिए प्रासंगिक जीवन विज्ञान पर काम किया जा रहा है।इसरो इन सभी महत्वपूर्ण तकनीकों का परीक्षण करने के लिए अगले साल दिसंबर और जून में दो मानवरहित अभियानों का संचालन करेगा। इसरो द्वारा तैयार क्रू कैप्सूल, तीन अंतरिक्ष यात्रियों को सात दिनों के लिए बाहरी स्थान पर ले जाने और उन्हें वापस लाने में सक्षम है।इस अवसर पर भारत सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. के. विजया राघवन ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की सामाजिक प्रासंगिकता है और भारतीय अंतरिक्ष यान में जाने वाले भारतीय यात्री आने वाले वर्षों में युवा पीढ़ी को प्रेरित करेंगे। संगोष्ठी में आठ देशों की अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख और आठ अंतरिक्ष यात्री भाग ले रहे हैं।संगोष्ठी में चालक दल के प्रशिक्षण, जीवन रक्षा प्रणाली और मानव अंतरिक्ष उड़ान प्रणाली से संबंधित पांच विषयों पर 10 तकनीकी सत्र होंगे।
-
नई दिल्ली। हिमाचल के ऊंचाई वाले भागों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे दुश्वारियां फिर बढ़ गई हैं। चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर, सिरमौर, कांगड़ा जिले के ऊपरी भागों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे राज्य में शीतलहर बढ़ गई है। बर्फबारी वाले भागों में यातायात ठप हो गया है।बर्फबारी से हिमाचल के विभिन्न भागों में 100 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। चंबा जिले के डलहौजी, खज्जियार, लक्कड़मंडी, आहला, सलूणी, किहार, तीसा, भरमौर और पांगी में ताजा बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला मुख्यालय चंबा में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश से आधा दर्जन मार्गों पर वाहनों के पहिये थमे रहे। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता होने के बाद कुल्लू व लाहौल-स्पीति में एक बार फिर ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद कुल्लू जिला की पहाडिय़ों के साथ ग्रामीण क्षेत्र हिमपात से लकदक हो गए हैं। रोहतांग दर्रा में 40 सेंटीमीटर, जलोड़ी दर्रा 30, कोकसर में 30 सेंटीमीटर, केलांग 6, मनाली में 10 सेंटीमीटर, सोलंगनाला 25 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। दूसरी ओर ताजा बर्फबारी के बाद बिजली-पानी को लेकर ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कुल्लू जिला में 50 से अधिक सड़कें बर्फबारी व बारिश के बाद अवरुद्ध हो गई हैं। जबकि जनजातीय क्षेत्रों के लिए मंगलवार को होने वाली प्रस्तावित उड़ानें भी बर्फबारी के कारण रद्द हो गई हैं। -
मुंबई। महाराष्ट्र में भक्ति और आस्था का एक अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है। मुंबई में स्थित लोकप्रिय सिद्धिविनायक मंदिर में एक श्रद्धालु ने 35 किलो सोना दान में दिया है। जिसकी बाजार में कीमत लगभग 14 करोड़ रुपए है। जानकारी के अनुसार मंदिर को यह दान पिछले हफ्ते मिला है। सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आदेश बांदेकर ने 35 किलो सोना दान में मिलने की खबर की पुष्टि की लेकिन उन्होंने दान करने वाले श्रद्धालु की पहचान बताने से मना कर दिया। उनका कहना है कि दान में मिले सोने का इस्तेमाल मंदिर के दरवाजे और छत बनाने में किया जाएगा। सोने की परत चढ़ाने का कार्य जनवरी 15 से 19 के बीच पूरा हो गया है। जब मंदिर को वार्षिक निर्धारित कार्यक्रम के लिए बंद किया गया था। इस दौरान मूर्ति को केसरिया रंग में रंगा गया और प्राण प्रतिष्ठा की गई। 2017 तक मंदिर को 320 करोड़ रुपये का दान मिला था। जिसका उपयोग सामाजिक कार्यों में किया गया था। यह दान राशि अब बढ़कर 410 करोड़ रुपए हो गई है। बांदेकर ने कहा, इस फंड के जरिए हम ऐसे लोगों की मदद करना जारी रखेंगे जो मंदिर का दरवाजा खटखटाते हैं। हमने अब तक 20,000 लोगों की मदद की है जिन्हें 25,000 रुपए तक की मदद मिली है। इसपर हम अब तक 38 करोड़ रुपए खर्च कर चुके हैं।
-
नागौर। राजस्थान के जिले के ईनाणा में सोमवार देर रात कार और ट्रक की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। 2 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त कार में अर्जुन राम (35), प्रताप सिंह (38), सांवर सिंह (23), भरत सिंह (30) और सरवण गिरी (45) सवार थे। सभी नागौर जिले के ही कुचेरा थाने के पालड़ी जोधा के निवासी बताए जा रहे हैं। जिनकी कार देर रात मुंडवा थाने के पास अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। जिससे अर्जुन, प्रताप सिंह और सांवर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भरत और सरवण गिरी का अस्पताल में भर्ती कराया गया। -
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार तड़के कोतवाली इलाके में एक ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शख्स को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार अमेठी कोतवाली क्षेत्र के लाला का पुरवा भरेथा निवासी छह लोग सोमवार देर रात बोलेरो से गौरीगंज थाना क्षेत्र के संभावा गांव रिश्तेदारी आए थे। देर शाम संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज का हालचाल लेने के बाद सभी लोग बोलेरो से वापस लाला का पुरवा के लिए निकले थे। गौरीगंज- अमेठी मार्ग पर अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बारहमासी कस्बे के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो में सवार सुरेंद्र कश्यप, श्रीचंद, कल्पनाथ, धीरज और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। सीओ ने बताया कि बोलेरो में 6 लोग सवार थे। एक व्यक्ति को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मंगवा कर किसी तरह बोलेरो सवार लोगों को बाहर निकाला और संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय बैजनाथ को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
-
प्रधानमंत्री ने परीक्षा पे चर्चा की
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को परीक्षा पे चर्चा की। तालकटोरा स्टेडियम में पीम मोदी ने छात्रों को परीक्षा के तनाव से बचने के कई टिप्स दिए, जिनमें उन्होंने चंद्रयान-2 से लेकर क्रिकेट तक का जिक्र किया। पीएम मोदी ने चंद्रयान-2 का उदाहरण देकर छात्रों को बताया कि कैसे विफलता से निपटा जाए। इससे पहले पीएम मोदी ने परीक्षा पे चर्चा से पहले प्रदर्शनियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम का मकसद यह सुनिश्चित करना था कि छात्र तनावमुक्त होकर आगामी बोर्ड एवं प्रवेश परीक्षाएं दें। इस कार्यक्रम में करीब 2,000 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 1,050 छात्रों का चयन निबंध प्रतियोगिता के जरिए किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि हम विफलताओं में भी सफलता की शिक्षा पा सकते हैं। हर प्रयास में हम उत्साह भर सकते हैं और किसी चीज में आप विफल हो गए तो उसका मतलब है कि अब आप सफलता की ओर चल पड़े हो।
पीएम मोदी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस देश में अरुणाचल ऐसा प्रदेश है, जहां एक दूसरे से मिलने पर जय-हिंद बोला जाता है। ये हिंदुस्तान में बहुत कम जगह होता है। वहां के लोगों ने अपनी भाषा के प्रचार के साथ हिंदी और अंग्रेजी पर भी अच्छी पकड़ बनाई है। हम सभी को नॉर्थ ईस्ट जरूर जाना चाहिए। क्या हम तय कर सकते हैं कि 2022 में जब आजादी के 75 वर्ष होंगे तो मैं और मेरा परिवार जो भी खरीदेंगे वो मेक इन इंडिया ही खरीदेंगे। मुझे बताइये ये कर्तव्य होगा या नहीं, इससे देश का भला होगा और देश की इकोनॉमी को ताकत मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछली शताब्दी के आखरी कालखंड और इस शताब्दी के आरंभ कालखंड में विज्ञान और तकनीक ने जीवन को बदल दिया है। इसलिए तकनीक का भय कतई अपने जीवन में आने नहीं देना चाहिए। तकनीक को हम अपना दोस्त माने, बदलती तकनीक की हम पहले से जानकारी जुटाएं, ये जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि स्मार्ट फोन जितना समय आपका समय चोरी करता है, उसमें से 10 प्रतिशत कम करके आप अपने मां, बाप, दादा, दादी के साथ बिताएं। तकनीक हमें खींचकर ले जाए, उससे हमें बचकर रहना चाहिए। हमारे अंदर ये भावना होनी चाहिए कि मैं तकनीक को अपनी मर्जी से उपयोग करूंगा। पीएम मोदी ने कहा कि आज की पीढ़ी घर से ही गूगल से बात करके ये जान लेती है कि उसकी ट्रेन समय पर है या नहीं। नई पीढ़ी वो है जो किसी और से पूछने के बजाए, तकनीक की मदद से जानकारी जुटा लेती है। इसका मतलब कि उसे तकनीक का उपयोग क्या होना चाहिए, ये पता लग गया।
पढ़ाई के साथ एक्ट्रा एक्टिविटी के बीच कैसे तालमेल बैठाए?
पीएम मोदी ने कहा कि अगर आप एक्स्ट्रा एक्टिविटी नहीं करेंगे तो रोबोट बन जाएंगे। क्या हम चाहते हैं कि हमारा यूथ रोबोट बन जाए? नहीं, वे ऊर्जा और सपनों से लबरेज हैं।
सिर्फ परीक्षा के अंक ही जिंदगी नहीं हैं, बस पड़ाव है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ परीक्षा के अंक जिंदगी नहीं हैं। कोई एक परीक्षा पूरी जिंदगी नहीं है। ये एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। लेकिन यही सब कुछ है, ऐसा नहीं मानना चाहिए। मैं माता-पिता से भी आग्रह करूंगा कि बच्चों से ऐसी बातें न करें कि परीक्षा ही सब कुछ है।
क्रिकेट का किया जिक्र
पीएम मोदी ने क्रिकेट से भी छात्रों को उदाहरण दिया। पीएम मोदी ने कहा कि 2002 में भारत वेस्टइंडीज में खेलनी गई थी। अनिल को चोट लगी। लोग सोचने लगे। वो बालिंग कर पाएंगे या नहीं। लेकिन उन्होंने तय किया वो खेलेंगे। पट्टी लगाकर वो खेले। उसके बाद लारा का विकेट लिया। इमोशन को मैनेज करने का तरीका सीखना होगा। -
निर्भया केस
नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप के दोषी पवन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। जस्टिस आर भानुमति की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ मामले की सुनवाई करेगी। पीठ के अन्य सदस्य जस्टिस अशोक भूषण और जस्टिस बोपन्ना हैं। पवन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने घटना के समय उसके नाबालिग होने का दावा करने वाली याचिका खारिज कर दी थी। अब पवन का कहना है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने उसकी दलीलों और सबूत को अनदेखा कर फैसला दिया है, लिहाजा उसके साथ इंसाफ किया जाए, क्योंकि न्याय प्रक्रिया में थोड़ी सी भी चूक उसे फांसी के फंदे तक पहुंचा देगी। ट्रायल कोर्ट पवन सहित चार दोषियों को निर्भया से रेप और निर्मम हत्या करने के जुर्म में फांसी की सजा सुना चुका है। दो बार फांसी की तारीख भी तय की जा चुकी है। उसके साथी मुजरिम मुकेश के पास बचाव के अंतिम विकल्प के रूप में राष्ट्रपति से रहम की गुहार का विकल्प भी खत्म हो चुका है।
इनके पास ये विकल्प
दो दोषियों अक्षय और पवन के पास क्यूरेटिव याचिका दाखिल करने का भी विकल्प है। अक्षय, पवन और विनय के पास दया याचिका दाखिल करने का संवैधानिक विकल्प भी बचा है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से बातचीत करेंगे। उनके साथ ‘मूल्यवान सुझाव' साझा करेंगे। दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘परीक्षा पे चर्चा' के तीसरे सत्र में मोदी छात्रों और शिक्षकों से परीक्षा के तनाव को दूर करने पर संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में कुल 2,000 छात्र एवं अध्यापक भाग लेंगे, जिनमें से 1,050 छात्रों का चयन निबंध प्रतियोगिता के जरिए किया गया है। कार्यक्रम पूर्वाह्न करीब 11 बजे आरंभ होगा और ‘यूट्यूब' पर भी इसका प्रसारण किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।. सीबीएसई परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो जाएगी। 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी जबकि 12वीं की परीक्षाएं 30 मार्च को खत्म होंगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
-
मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ में मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर शनिवार हुई सड़क दुर्घटना में अभिनेत्री शबाना आजमी घायल हो गईं। उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। अभिनेत्री शबाना आजमी के एक्सीडेंट मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। रायगढ़ पुलिस ने शबाना आजमी के ड्राइवर पर तेज गाड़ी चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ पुलिस ने शबाना आजमी के ड्राइवर के खिलाफ धारा 279 (सार्वजनिक रास्ते पर तेज गाड़ी चलाना) और 337 (आईपीसी और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत दूसरों की जान को खतरा/ दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने के कारण) के तहत के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि यह जमानती अपराध है और उसे गिरफ्तार करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, उसे एक नोटिस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल परासकर ने बताया कि यह हादसा मुंबई से 60 किलोमीटर दूर खालापुर में उस समय हुआ जब पुणे जा रही शबाना आजमी और जावेद अख्तर की टाटा सफारी कार ट्रक से भिड़ गई। शबाना आजमी को पहले नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मुंबई के अंधेरी स्थित कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल में भेज दिया गया। कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल के कार्यकारी निदेशक और सीईओ डॉक्टर संतोष शेट्टी ने देर शाम को जारी बयान में कहा कि शबाना की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। -
नई दिल्ली। रूस ने भारत के लिए सतह से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली का निर्माण शुरू कर दिया है। इस प्रणाली की सभी पांच इकाइयों की वर्ष 2025 तक आपूर्ति कर दी जाएगी। रूसी मिशन उप प्रमुख रोमन बाबुश्किन ने कहा कि भारत के लिए हल्के सैन्य हैलीकॉप्टर कामोव के संयुक्त निर्माण के लिए जल्दी ही अनुबंध को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। श्री बाबुश्किन कल रूस के राजदूत निकोलइ कुदाशेव के साथ नई दिल्ली में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को इस वर्ष पांच हजार क्लाश्निकोव राइफलों का पहला बैच उपलब्ध करा दिया जाएगा। इन्हें संयुक्त उपक्रम के तहत भारत में तैयार किया जाएगा। एस-400 वायु रक्षा मिसाइल प्रणाली को विश्व की सर्वोत्तम प्रणालियों में एक बताते हुए उन्होंने कहा कि इनसे भारत का वायु रक्षा तंत्र और मजबूत होगा। भारत ने अक्तूबर, 2018 में इस मिसाइल प्रणाली की खरीद के लिए पांच अरब डॉलर के सौदे पर हस्ताक्षर किए थे।
-
गिरिडीह। झारखंड के सरिया थाना क्षेत्र स्थित निमाटांड के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस ने मारुती वैन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वैन सवार दो लोगों की मौत हो गई। वैन सवार मिठाई दुकान के कर्मचारी थे और वे मिठाई सप्लाई कर वापस घर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस को पकड़ लिया। हालांकि आरोपी बस ड्राइवर और कंडक्टर भागने में सफल रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक निजी ट्रैवल्स की यात्री बस कोलकाता से यात्रियों को लेकर राजधनवार जा रही थी। इसी दौरान रांची दुमका मुख्यमार्ग पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बस ने सामने से आ रही मारुती वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार 25 वर्षीय रोहित राणा और 22 वर्षीय सूरज राणा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों का शव मारुती वैन में फंस गया जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक सूरज राणा के परिजनों ने बताया कि मार्च में उसकी शादी होने वाली थी। उधर, हादसे की सूचना के बाद सरिया थाना प्रभारी बिंदेश्वरी दास, स्थानीय विधायक विनोद सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मृतक डुमरी के जामताड़ा गांव के रहने वाले थे। दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही यात्री बस को कब्जे में लेकर यात्रियों को दूसरी गाड़ी से रवाना कर दिया गया है। आरोपी बस चालक और कंडक्टर फरार हैं। -
कटक। ओडिशा के कटक में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। गुरुवार सुबह भारी कोहरे की वजह से हुए भुवनेश्वर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन हादसे में 16 लोग घायल हो गए। मुंबई से भुवनेश्वर जाने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें कटक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह 7 बजे के करीब सलागांव और निरगुंडी के बीच हुआ। गाड़ी नंबर 12879 लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस मालगाड़ी के गार्ड वैन से टकरा गई जिससे ट्रेन के 8 कोच पटरी से उतर गए। हादसे के बाद हर ओर चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदने लगे। इस दौरान आस-पास के लोगों ने घायलों को ट्रेन से निकालने में मदद की। मुंबई से भुवनेश्वर जा रही ट्रेन में कुल 22 कोच थे। हादसा कटक से करीब 15 किमी दूर हुआ है।
गौरतलब है कि उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक कोहरे का कहर जारी है। उत्तर भारत में लगातार कोहरे की वजह से ट्रेनें रद्द हो रही हैं। इसके अलावा कुछ लेट भी चल रही हैं। कोहरे की वजह से दिल्ली में फ्लाइट पर भी असर पड़ रहा है।
-
वाराणसी। उज्जैन के महाकाल मंदिर की तर्ज पर अब वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है। निर्धारित ड्रेस कोड के मुताबिक मंदिर में काशी विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन के लिए अब पुरुषों को धोती कुर्ता और महिलाओं को साड़ी पहनना होगा। इन्हीं पारंपरिक वस्त्रों के धारण करने के बाद ही काशी विश्वनाथ को स्पर्श किया जा सकेगा। काशी विश्वनाथ मंदिर को लेकर तय की गई नई व्यवस्था के तहत अब जींस, पैंट, शर्ट और सूट पहने लोग दर्शन तो कर सकेंगे लेकिन उन्हें स्पर्श दर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के लिए स्पर्श दर्शन का समय भी एक घंटे से बढ़ाकर सात घंटे करने का निर्णय लिया गया है। 15 जनवरी यानी मकर संक्राति से नई व्यवस्था लागू होगी। रविवार को प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी की अध्यक्षता में हुई मंदिर प्रशासन और काशी विद्वत परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। यह नई व्यवस्था मकर संक्रांति के बाद लागू होगी और मंगला आरती से लेकर दोपहर की आरती तक प्रतिदिन यह व्यवस्था लागू रहेगी।
ऐसा होगा ड्रेस कोड
विद्वानों की सहमति से तय हुआ कि विग्रह स्पर्श के लिए पुरुषों को धोती-कुर्ता और महिलाएं को साड़ी पहननी होगी। पैंट शर्ट, जींस, सूट, कोट पहने श्रद्धालु स्पर्श करने की बजाए सिर्फ दर्शन कर सकेंगे। ऐसी व्यवस्था उज्जैन के महाकाल समेत दक्षिण भारत के कई मंदिरों में लागू है। -
उत्तरप्रदेश कैबिनेट की मंजूरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था के लिहाज से एक अहम फैसला लिया है। अब राजधानी लखनऊ और नोएडा में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है। लखनऊ में सुजीत पांडेय की कमिश्नर पद पर तैनाती की गई है। वहीं, आलोक सिंह नोएडा के पहले पुलिस कमिश्नर बनाए गए हैं। बता दें कि देश के 15 राज्यों के 71 शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली पहले से लागू है।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 50 वर्षों में पुलिस सुधार का सबसे बड़ा कदम उठाया है। लखनऊ और नोएडा में हम पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू कर रहे हैं। समय समय पर विशेषज्ञों ने सुझाव दिए गए थे, लेकिन कार्रवाई न होने से न्यायपालिका सरकारों को कठघरे में खड़ा करती थी। पुलिस एक्ट में भी 10 लाख से ऊपर की आबादी पर कमिश्नर प्रणाली लागू करने की बात है लेकिन राजनीतिक इच्छा शक्ति न होने के चलते ऐसा न हो सका। हमारी सरकार ने इस प्रणाली को स्वीकृति दी है। उत्तरप्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने इस फैसले का स्वागत किया है और ऐसा साहसिक कदम उठाने के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी है।
महिला सुरक्षा के लिए महिला आईपीएस
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ की आबादी आज करीब 40 लाख है और नोएडा में 25 लाख से अधिक आबादी है। इनमें महिलाओं की तादाद भी अच्छी खासी है। ऐसे में महिला सुरक्षा के लिए महिला आईपीएस की तैनाती की जा रही है। उसके साथ एक महिला एएसपी की भी तैनाती होगी। इसके अलावा नोएडा में दो नए थाने बनाए जाएंगे।
-
ताईपेई। डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की प्रत्याशी साई इंग-विन ने ताइवान के राष्ट्रपति चुनाव में दूसरे कार्यकाल के लिए जीत हासिल कर ली है। शनिवार को उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हॉन कू-यू को 80 लाख से ज्यादा वोटों से हराया। हम चीन की विस्तारवादी नीतियों से लड़ने के लिए खड़े हैं। चीन में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
-
नई दिल्ली। गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने और वीआईपी सुरक्षा में व्यापक कटौती लागू करने के बाद केंद्र सरकार ने अब एनएसजी कमांडो को इस काम से पूरी तरह मुक्त करने का फैसला किया है। करीब दो दशक बाद ऐसा होगा कि आतंकवाद निरोधी विशिष्ट बल के ब्लैक कैट कमांडो को वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी से हटाया जाएगा। इस बल का जब 1984 में गठन हुआ था तब इसके मूल कामों में वीआईपी सुरक्षा शामिल नहीं थीं। यह बल ‘जेड-प्लस' श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त 13 ‘उच्च जोखिम' वाले वीआईपी को सुरक्षा देता है।
-
नई दिल्ली। विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित 200 से अधिक शिक्षाविदों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर देश में बिगड़ते अकादमिक माहौल के लिए ‘वामपंथी कार्यकर्ताओं के एक छोटे समूह' को जिम्मेदार ठहराया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है, हमारा मानना है कि छात्र राजनीति के नाम पर एक विध्वंसकारी धुर वाम एजेंडा को आगे बढ़ाया जा रहा है। जेएनयू से लेकर जामिया तक, एएमयू से लेकर यादवपुर (विश्वविद्यालय) तक परिसरों में हुई हालिया घटनाएं हमें वामपथी कार्यकर्ताओं के एक छोटे से समूह की शरारत के चलते बदतर होते अकादमिक माहौल के प्रति चौकन्ना करती हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति आर पी तिवारी, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति एचसीएस राठौर और सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिरीष कुलकर्णी सहित अन्य शामिल हैं। इसे ‘शैक्षणिक संस्थानों में वामपंथी अराजकता के खिलाफ बयान' शीर्षक दिया गया है। दो सौ आठ शिक्षाविदों के इस बयान को अकादमिक जगत में समर्थन जुटाने का शासन का प्रयास माना जा रहा है। दरअसल, संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में हुए हालिया हमले सहित कई मुद्दों को लेकर कुछ विश्वविद्यालयों में हुए प्रदर्शनों को लेकर विद्वानों के एक हिस्से द्वारा सरकार आलोचना का सामना कर रही है। वामपंथ की ओर झुकाव रखने वाले समूहों को आड़े हाथ लेते हुए बयान में कहा गया है कि वामपंथी राजनीति द्वारा थोपे गए सेंसरशिप के चलते जन संवाद आयोजित करना या स्वतंत्र रूप से बोलना मुश्किल हो गया है। मोदी को लिखे पत्र में कहा गया है कि वाम के गढ़ों में हड़ताल, धरना और बंद आम बात हो गई है तथा वाम विचारधारा के अनुरूप नहीं होने पर लोगों को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना, सार्वजनिक छींटाकशी और प्रताड़ना बढ़ रही है। बयान में कहा गया है कि इस तरह की राजनीति से सबसे बुरी तरह से गरीब छात्र और हाशिये पर मौजूद समुदायों के छात्र प्रभावित हो रहे हैं।
भविष्य बनाने का अवसर खो देंगे छात्र
पत्र में कहा गया है, ये छात्र सीखने और अपने लिए बेहतर भविष्य बनाने का अवसर खो देंगे। वे अपने विचारों को प्रकट करने और वैकल्पिक राजनीति की स्वतंत्रता खो देंगे। वे खुद को बहुसंख्यक वाम राजनीति के अनुरूप करने के प्रति सीमित पाएंगे। हम सभी लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने और अकादमिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा विचारों की बहुलता के लिए खड़े होने की अपील करते हैं।
-
रेलवे ने यात्रियों को दी बड़ी राहत
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इमरजेंसी यात्रा या वेटिंग टिकट को लेकर चिंतित रहने वाले यात्रियों के लिए यह खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने रिजर्वेशन चार्ट को ऑनलाइन दिखाना शुरू कर दिया है। यात्री अब रिजर्वेशन चार्ट बनने के बाद खाली, बुक्ड और आंशिक रूप से बुक्ड बर्थ की जानकारी इसके जरिए ले सकते हैं। इसके लिए रेलवे नया नियम लाया है। अब चार्ट बनने के बाद ऐन वक्त पर रद्द हुए रिजर्वेशन यानी खाली बची सीट की जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर देख सकेंगे। आप यह जान सकते हैं कि स्लीपर या अलग-अलग एसी क्लास में कितनी सीटें खाली हैं। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर टिकट भी बुक करा सकेंगे। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट किया है कि 'बिना परेशानी रेल यात्रा' यात्री अब महज एक क्लिक पर चार्ट बनने के बाद खाली, बुक्ड और आंशिक रूप से बुक्ड सीटों की जानकारी पा सकते हैं। इससे चार्ट बनने के बाद ट्रेन में कोई सीट खाली है या नहीं इसके बारे में यात्रियों को जानकारी मिल सकेगी।
ऐसे मिलेगी जानकारी
पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन खुलने के 4 घंटे पहले ऑनलाइन देखा जा सकता है, जबकि दूसरे चार्ट को ट्रेन प्रस्थान करने के आधे घंटे पहले देखा जा सकता है। दूसरे चार्ट में सीटों के आवंटन में बदलाव प्रदर्शित होगा।
वेब-मोबाइल पर होगा उपलब्ध
नया फीचर आईआरसीटीसी के ई-टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के वेब तथा मोबाइल दोनों ही वर्जन पर उपलब्ध होगा। नए इंटरफेस में इंडियन रेलवे के रिजर्व्ड ट्रेन में इस्तेमाल होने वाले सभी नौ श्रेणियों का लेआउट नजर आएगा।
टीटीई की मनमानी नहीं चलेगी
ट्रेन में सीट कंफर्म होने के बाद भी बहुत लोगों की ट्रेन छूट जाती है। जिससे कि वो सीट खाली रह जाती है। अब तक ये जानकारी सिर्फ टीटीई को होती है। अब रेल मंत्रालय ऐसी व्यवस्था लाने जा रहा है जिसकी वजह से यात्री भी ये जानकारी ऑनलाइन देख पाएंगे।
-
कोलकाता। पश्चिम बंगाल का कोलकाता पोर्ट अब डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट कहलाएगा। इसका ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। पश्चिम बंगाल के कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का यह दिन कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के लिए, इससे जुड़े लोगों के लिए, यहां काम कर चुके साथियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। भारत में पोर्ट डेवलपमेंट को नई ऊर्जा देने का इससे बड़ा कोई अवसर नहीं हो सकता। मां गंगा के सानिध्य में गंगासागर के निकट देश की जलशक्ति के इस ऐतिहासिक प्रतीक पर इस समारोह का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कोलकाता पोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए आज सैकड़ों करोड़ रुपए के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल और देश की इसी भावना को नमन करते हुए मैं कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट का नाम भारत के औद्योगीकरण के प्रणेता, बंगाल के विकास का सपना लेकर जीने वाले और एक देश, एक विधान के लिए बलिदान देने वाले डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने की घोषणा करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के सपूत डॉक्टर मुखर्जी ने देश में औद्योगीकरण की नींव रखी थी। चितरंजन लोकोमोटिव फैक्ट्री, हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट फैक्ट्री, सिंदरी फर्टिलाइजर कारखाना और दामोदर वैली कॉर्पोरेशन, ऐसे अनेक बड़ी परियोजनाओं के विकास में डॉक्टर मुखर्जी का बहुत योगदान रहा है। मैं बाबा साहेब आंबेडकर को भी याद करता हूं, उन्हें नमन करता हूं। डॉक्टर मुखर्जी और बाबा साहेब दोनों ने स्वतंत्रता के बाद के भारत के लिए नई नीतियां दी थीं, नया विजन दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के लोथल पोर्ट से लेकर कोलकाता पोर्ट तक देखें, तो भारत की लंबी कोस्ट लाइन से पूरी दुनिया में व्यापार-कारोबार होता था और सभ्यता, संस्कृति का प्रसार भी होता था। हमारी सरकार यह मानती है कि हमारे कोस्ट, विकास के गेटवे हैं। इसलिए सरकार ने कोस्ट पर कनेक्टिविटी और वहां के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए सागरमाला कार्यक्रम शुरू किया। इस योजना के तहत करीब 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक के पौने 6 सौ प्रोजेक्ट्स की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के 200 से ज्यादा प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और लगभग सवा सौ पूरे भी हो चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत करीब 6 लाख करोड़ रुपए से अधिक के पौने 6 सौ प्रोजेक्ट्स की पहचान की जा चुकी है। इनमें से 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक के 200 से ज्यादा प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और लगभग सवा सौ पूरे भी हो चुके हैं। नदी जलमार्ग की सुविधाओं के बनने से कोलकाता पोर्ट पूर्वी भारत के औद्योगिक सेंटर्स से तो जुड़ा ही है, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और म्यांमार जैसे देशों के लिए व्यापार और आसान हुआ है। पश्चिम बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव कोशिश की जा रही है। विशेष तौर पर गरीबों, दलितों, वंचितों, शोषितों और पिछड़ों के विकास के लिए समर्पित भाव से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही पश्चिम बंगाल राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए स्वीकृति देगी, यहां के लोगों को इन योजनाओं का भी लाभ मिलने लगेगा। -
देहरादून। उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य के 900 से अधिक गांवों में बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे आवागमन ठहर गया है। करीब 40-45 लोग फिसलन के चलते गिरकर घायल हो गए हैं। प्रशासन सड़कों को ठीक करने में जुटा हुआ है। यहां स्थिति ऐसी है कि लोग बर्फ को पिघलाकर पीने का पानी बना रहे हैं।
राज्य सरकार के अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में छह जनवरी को शुरू हुई बर्फबारी 10 जनवरी तक जारी रही। आठ जनवरी को सबसे अधिक 32.2 मिमी बर्फबारी हुई, जिसने राज्य को बहुत ज्यादा प्रभावित किया। गढ़वाल मंडल के चमोली, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों में करीब 950 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित है। इसके अलावा 450 से अधिक गांवों में पेयजल का संकट बना हुआ है। अधिकांश गांवों में लोग बर्फ पिघलाकर पानी पी रहे हैं। औली में बर्फबारी के बाद जोशीमठ-औली मार्ग बंद है। 20 से अधिक पर्यटक वाहन लौट नहीं पा रहे हैं। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में लगातार पहाड़ी से पत्थर बरस रहे हैं। कुमाऊं मंडल के नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा के दूरदराज इलाकों में बारिश से परेशानी बढ़ी है।
पुलिस के अनुसार पौड़ी जनपद के पाटीसैंण बाजार के पास सड़क पर पाले के कारण एक कार फिसलकर खड्ड में गिर गई, जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। नई टिहरी में अलग-अलग इलाकों में 32 लोग घायल हो चुके हैं। उत्तरकाशी में दो छात्रों के घायल होने की सूचना है। प्रभावित इलाकों में प्रशासन रास्तों पर चूना व मिट्टी डलवाकर सुरक्षित आवाजाही कराने के प्रयास में जुटा है। -
अहमदाबाद। वडोदरा के पादरा कस्बे में एम्स ऑक्सीजन कंपनी में एक जोरदार धमाका हुआ जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई है। कंपनी के भीतर कई लोगों के फंसे होने की जानकारी मिल रही है जिन्हें फायर ब्रिगेड व पुलिस सुरक्षित बाहर लाने का प्रयास कर रही है। पादरा पुलिस ने बताया कि पादरा के गवासद गांव पास स्थित एम्स आक्सीजन कंपनी में यह घटना हुई है। गुजरात के वड़ोदरा के पादरा क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में ब्लास्ट होने से पांच मजदूरों की मौत हो गई। घटना में 15 मजदूर घायल हो गये है। घटना के बाद फायर ब्रिगेड सहित का काफिला पहुंच गया है। फिलहाल स्थिति काबू में है।
जानकारी के अनुसार आक्सीजन के सिलेंडर भरते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। घटना के समय कंपनी में भारी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। इसकी चपेट में कुल 20 मजदूर आ गये। जिसमें पांच की मौत हो गई है। जबकि 15 मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए निकट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड घटना स्थल पर पहुंच गया है। फायर ब्रिगेड टीम ने बताया कि ब्लास्ट होने से आग नहीं लगी लेकिन चारों तरफ धुंआ-धुंआ हो गया। इसकी चपेट में 20 मजदूर आ गये। जिसमें पांच की मौत हो गई। फिलहाल ब्लास्ट की वजह सामने नहीं आयी है। पुलिस मामले की जांच की रही है।