ब्रेकिंग न्यूज़

बालाजी मंदिर की कर्ताधर्ता आंध्र साहित्य समिति का चुनाव 23 को

टी सहदेव
भिलाई नगर। आंध्र साहित्य समिति के चुनाव का बिगुल फूंक दिया गया है। चुनाव अधिकारी एमडी रेड्डी तथा सहायक चुनाव अधिकारी बी सुधाकर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मतदान 23 मार्च को होगा। चुनाव की सुगबुगाहट के बीच प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। यह समिति मंदिर के प्रशासनिक कार्य के अलावा धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का दायित्व भी संभालती है। इस लिहाज से यह चुनाव आंध्रवासियों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इसी दिन मतगणना होगी और उसके बाद चुनाव परिणामों की घोषणा भी कर दी जाएगी। 
यह चुनाव एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्षों, एक सचिव, दो संयुक्त सचिवों, एक कोषाध्यक्ष, एक सहायक कोषाध्यक्ष तथा सात कार्यसमिति सदस्यों के लिए हो रहा है। मतदान के दिन ही सुबह अध्यक्ष पीवी राव के नेतृत्व में वार्षिक आमसभा भी होगी, जिसमें सचिव पीएस राव समिति के 2023-24 के कार्यों का लेखाजोखा पेश करेंगे, वहीं कोषाध्यक्ष टीवीएन शंकर आय-व्यय का ब्यौरा देंगे। कोरम के अभाव में सभा आधे घंटे के लिए स्थगित हो सकती है। आय-व्यय के ब्यौरे की कॉपी 18 मार्च की शाम को उपलब्ध होगी। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 15 मार्च को होगी और इसके अगले दिन नामांकन पत्रों की वापसी होगी। जबकि अंतिम सूची का प्रकाशन 17 मार्च को किया जाएगा।
मालूम रहे कि समिति का कार्यकाल तीन वर्षों का होता है। मताधिकार सिर्फ उन्हीं आजीवन सदस्यों को होगा, जो किसी संगठित क्षेत्र में कार्यरत हों या फिर सेवानिवृत्त हों। पिछली बार के चुनाव में अध्यक्ष पीवी राव के नेतृत्व वाली टीम ने सभी शीर्ष पदों पर इकतरफा जीत दर्ज की थी। जिसमें पीएस राव सचिव, बी अकमु नायडु एवं एनएस राव ने संयुक्त सचिव के रूप में जीत का परचम लहराया था। जबकि के सुब्बाराव उपाध्यक्ष एवं टीवीएन शंकर कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा कार्यकारिणी के 18 में से 16 स्थानों पर भी पीवी राव की टीम का ही दबदबा था। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english