जोनल रेलवे बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 72वीं बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
बिलासपुर। क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 72वीं बैठक महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर श्री तरूण प्रकाश की अध्यक्षता में आज दिनांक 21 मार्च 2025 को जोनल सभाकक्ष, महाप्रबंधक कार्यालय में संपन्न हुई । बैठक के प्रारंभ में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक - ।, श्री शिवशंकर लकड़ा ने अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, सभी विभागाध्यक्षों तथा मंडलों/कारखानों के सभी सदस्यों और पुरस्कार विजेता अधिकारियों/कर्मचारियों का स्वागत किया । इस अवसर पर क्षेत्रीय हिंदी प्रतियोगिता 2024 के पुरस्कार विजेता 18 कर्मचारियों एवं रेलवे बोर्ड व्यक्तिगत नगद पुरस्कार योजना के 04 अधिकारियों/कर्मचारियों को महाप्रबंधक श्री तरूण प्रकाश के करकमलों से पुरस्कृत किया गया । तत्पश्चात क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के उपाध्यक्ष श्री शिवशंकर लकड़ा ने 72वीं बैठक की कार्यसूची की प्रस्तुति दी जिस पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विस्तारपूर्वक चर्चा की ।
अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक, श्री तरूण प्रकाश ने सभी पुरस्कार विजेताओं तथा रेल मंत्री राजभाषा रजत पदक से सम्मानित श्री ए.के.सूर्यवंशी, मुख्य परियोजना प्रबंधक, नागपुर मंडल को बधाई दी । उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी भारत की पहचान है और हमारे जीवन मूल्यों, संस्कृति व संस्कारों की सच्ची संवाहक और परिचायक भी है । हमारा कर्तव्य है कि हम हिंदी भाषा का प्रयोग बढ़ाएं ताकि वह भारत की सामासिक संस्कृति की अभिव्यक्ति का माध्यम बन सके । महाप्रबंधक ने कहा कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले दस्तावेजों का हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में होना अनिवार्य है । अतः फाइलों पर टिप्पणियां मूल रूप से हिंदी में लिखे जाएं और अधिकाधिक पत्राचार हिंदी में ही किया जाए । उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुस्तकालयों में उपलब्ध हिंदी पुस्तकें पढ़ने तथा हिंदी प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के निदेश दिए ताकि राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार बढ़ सके ।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू ने कहा कि भाषा किसी भी राष्ट्र की पहचान होती है जिसके अभाव में संपूर्ण राष्ट्र मूक हो जाता है । उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती उपयोगिता पर ज़ोर देते हुए माईक्रोसाफ्ट कोपाईलट एवं ग्रोक जैसे एआई टूल्स की त्वरित और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की क्षमता पर भी चर्चा की । उन्होंने इस बात पर सभी का ध्यान आकर्षित किया कि राजभाषा के बेहतर प्रचार-प्रसार के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस प्रकार मददगार हो सकता है ।
इस अवसर पर श्री शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक - । ने कहा कि राजभाषा अधिनियम एवं नियमों में दिए गए निदेशों का समुचित अनुपालन करना हमारा संवैधानिक दायित्व है । हमारे रेलवे में हिंदी के प्रयोग-प्रसार हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं । इस दिशा में प्रत्येक तिमाही में अधिकारियों/कर्मचारियों को राजभाषा में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि हिंदी के कामकाज में वृद्धि हो सके । उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए सभी स्तरों पर सार्थक पहल की जाए ।
क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 72 वीं बैठक का संचालन श्री शिवशंकर लकड़ा, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य सामग्री प्रबंधक -। ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव एवं वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री राजेश कुमार तिवारी ने किया ।


.jpeg)







.jpg)

.jpg)
.jpg)
Leave A Comment