गणित के सूत्रों को याद करने बनाएं 'फॉर्मूला नोटबुक'... बार-बार लिखकर करें याद
-माध्यमिक शिक्षा मंडल के हेल्प लाइन नंबर पर संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के शिक्षक अखिल खरे ने बच्चों को दिए टिप्स
रायपुर। गणित के सूत्रों को बार-बार लिखकर याद करना चाहिए। इससे यह दिमाग में गहराई से बैठ जाते हैं। गणित के सूत्रों के लिए अलग से नोट बुक बनाएं, जिसे 'फॉर्मूला नोटबुक' का नाम दें। यह नोटबुक आपको आगे भी काम आएगी। गणित के सूत्रों को रटने के बजाए यह समझें कि यह कैसे बना है। इससे आप उसे लंबे समय तक याद रख पाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल के हेल्प लाइन में गणित से संबंधित सवालों के जवाब में इस आशय के टिप्स संत ज्ञानेश्वर स्कूल के गणित के वरिष्ठ शिक्षक अखिल खरे ने दिए।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच परीक्षा को लेकर बच्चों के मन में व्याप्त भय को दूर करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से हेल्प लाइन सेंटर शुरू किया गया है। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रदेश भर के बच्चे और अभिभावक फोन कर रहे हैं। अखिल खरे ने हेल्प लाइन नंबर पर आए बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें गणित के सूत्रों को याद करने का फार्मूला भी बताया। गणित को लेकर बच्चों के मन में काफी भय देखा है।
खरे ने बताया कि हर सूत्र से संबंधित कम से कम 10 प्रश्नों को हल करके अभ्यास कर लें। ऐसा करने से वह सूत्र आपको हमेशा के लिए याद हो जाएगा। अति महत्वपूर्ण सूत्रों को चार्ट पेपर पर लिखकर अपनी स्टडी टेबल या कमरे की दीवार पर चस्पा करें। बार-बार देखने से यह सूत्र याद हो जाता है। गणित के सूत्रों को जोर-जोर से बोलकर पढ़ें।
अखिल खरे ने बच्चों से कहा कि परीक्षा के समय सभी प्रश्नों को गंभीरता से और अच्छे से पढ़ना जरूरी होता है। कई बार हम जल्दबाजी में पढ़ते हैं और उत्तर भी जल्दबाजी में ही लिखने लगते हैं। प्रश्न पत्र देखने के बाद जो जो सूत्र याद आ रहा हैं, उसे पीछे रफ पर लिख लें। कई बार बाद में भूल जाते हैं और बाद में अफसोस होता है कि मुझे यह सूत्र याद था, लेकिन बाद में मैं भूल गया। स्टेप मार्किंग पद्धति होने के कारण किसी भी प्रश्न का हल अकारण नहीं छोड़े, क्योंकि सही सूत्र लिखने पर कुछ अंक तो मिलते ही हैं।








.jpg)
Leave A Comment