ब्रेकिंग न्यूज़

 जनगणना 2027 हेतु प्रथम चरण का प्रशिक्षण आयोजित

राजनांदगांव । आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (हाउस लिस्टिंग) के सफल संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह की उपस्थिति में प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों तथा समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी। जनगणना का संपूर्ण कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना देश और जिले की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करती है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण होता है। इसलिए यह दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे निर्वाचन कार्य की तरह गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ करने के लिए कहा।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने बताया कि यह कार्य पूर्णत: समयबद्ध है तथा निर्धारित अवधि में ही पूर्ण करना होगा। भारत सरकार के निर्देशानुसार इसमें किसी प्रकार का विस्तार नहीं दिया जाएगा।  जनगणना की समस्त प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना के संबंध में संपूर्ण जानकारी एवं डाटा पूर्णत: गोपनीय होती है तथा किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी का प्रत्यक्ष उपयोग नहीं किया जाता है। इसका उपयोग केवल समग्र जनसांख्यिकीय आंकड़ों के रूप में योजना निर्माण एवं नीति निर्धारण के लिए किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों को जागरूक करें कि वे सही एवं सटीक जानकारी दें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचा जा सके।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा जनगणना 2027 में जनगणना पदाधिकारियां की भूमिका और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में जनशक्ति और प्रचार गतिविधियां, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति, जनगणना में उपयोग की जाने वाली प्रक्रियाएं, डेटा नैतिकता, गोपनीयता, सुरक्षा और मोबाईल और वेब ऐप से जुड़ी समस्याओं का निराकरण, समय-सीमा, मोबाईल एप्प और पोर्टल के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्व-गणना प्रक्रिया, डेमो, उत्तरदाता, प्रगणक और पर्यवेक्षकों की भूमिका की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम श्री एम भार्गव, एसडीएम श्री श्रीकांत कोर्राम, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित तहसीलदार, सीएमओ, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english