प्रधानमंत्री ने कोंडातराई में भाजपा की विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया
रायगढ़। अपने छत्तीसगढ़ प्रवास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को रायगढ़ के कोड़ातराई में भाजपा की विजय शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों के बाद छत्तीसगढ़ की पहचान आज विकास कार्यों की वजह से हो रही है। दिल्ली की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि वंचितों को वरीयता देना ही आज के भारत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में ही तेरह करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं।
श्री मोदी ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार गरीब कल्याण के बजाय सिर्फ भ्रष्टाचार और घोटाले करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार के कारण केन्द्र द्वारा लोगों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं जनता तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है, वे सारी परियोजनाएं छत्तीसगढ़ को नई ऊर्जा व और ताकत देगी। छत्तीसगढ़ के गरीबों का कल्याण करने की ताकत देगी। कुछ साथियों को सिकलसेल काउंसलिंग कार्ड भी दिया गया। सिकलसेल एनीमिया एक ऐसी बीमारी है जो माता-पिता से बच्चों तक जाती है। आदिवासी परिवारों में यह बहुत बड़ी चुनौती रही है। आदिवासी युवाओं के स्वास्थ्य, वैवाहिक जीवन को प्रभावित करता है। इसलिए भाजपा सरकार ने पहली बार इससे मुक्ति के लिए सिकलसेल सेफ्टी के लिए हर आदिवासी भाइयों-बहनों, बच्चों को मदद करने के लिए एक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है। इसके तहत आने वाले तीन वर्षों में 7 करोड़ लोगों को इस योजना से लाभ पहुँचाने का हमने संकल्प लिया है। आदिवासी माता और बहनों को सिकलसेल से मुक्ति दिला कर रहेंगे। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता छोटे किसान, आदिवासी किसान हैं। भाजपा का निरंतर प्रयास है कि छोटे किसानों की उपज और वनोपज को उसकी वाजिब कीमत मिले, उन्हें अधिक-से-अधिक दाम मिले। अभी दिल्ली में जी-20 के लिए जो मेहमान आए हुए थे, उनको हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रात्रि भोज दिया था जिसमें दुनिया के बड़े-बड़े नेता भोजन के लिए पधारे थे और हमारी राष्ट्रपति ने उन्हें कोदो, कुटकी, रागी के बने व्यंजन खिलाए, जो हम अपने परिवारों में खाते हैं। जिसे मोटा अनाज कहा जाता है, जिसे आजकल श्री अन्न कहते हैं, वह जो हमारे छोटे-छोटे किसान छोटे-छोटे जमीन के टुकड़ों में उगाते हैं, जो मेरे आदिवासी भाई-बहन उगाते हैं, हमने इन मोटे अनाजों से बड़े-बड़े नेताओं का स्वागत किया। भारत का श्री अन्न, आज के खेतों में उगने वाला श्री अन्न विश्व की पोषण और पौष्टिक सुरक्षा का ब्रांड बने, यह मोदी का मिशन है। हमारे आदिवासी भाई बहन जंगल से जो उत्पाद इकट्ठा करते हैं, ऐसे उत्पादों के लिए भी भाजपा प्रतिबद्ध है। इसलिए बीते 9 वर्षों में दर्जनों वनोपजों को समर्थन मूल्य के दायरे में लाया गया। सैकड़ों वन धन केंद्र बनाए गए। इससे इन वन उत्पादों को भी अधिक कीमत मिलनी तय हुई। मुझे खुशी है कि वन धन केंद्रों में बड़ी संख्या में आदिवासी बहन-भाइयों को रोजगार मिल रहा है। आदिवासी बहनों के सैकड़ों स्वयं सहायता समूह वन धन योजना से जुड़े हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह भूमि भगवान श्री राम का ननिहाल है। आज इस पवित्र भूमि पर मैं आप सभी को हमारी आस्था, हमारे देश के खिलाफ हो रही साजिश के प्रति जागरूक करना चाहता हूं। श्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास अपार संपदा है। हमें इसे भाजपा का कमल खिलाकर समर्पण और संकल्प से जोड़ना है। आप इतनी बड़ी संख्या में आए हैं, बारिश के बावजूद भी हम सबको आशीर्वाद देने के लिए आए, इसके लिए हम सभी आप सभी का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करते हैं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आप सभी इतनी बारिश के बीच इतनी असुविधा होते हुए भी दूर-दूर से हमें आशीर्वाद देने आए हैं और कई साथी तो शायद सुबह-सुबह घर से निकले होंगे। यह जो प्यार, यह जो स्नेह छत्तीसगढ़ के हर कोने में मुझे मिलता है, यह मेरे लिए यह बहुत बड़ा आशीर्वाद है और यही आशीर्वाद आपकी सेवा करने की शक्ति देता है। पूरे देश में आजकल उत्सव का माहौल है और आज मैं यहां छत्तीसगढ़ में भी यही भाव, यही उमंग, यही उत्साह, यही उत्सव देख रहा हूं। उत्सव के इस मौसम में हर खुशी इस बार डबल हो गई है। इस बार भारत अपनी उपलब्धियों का उत्सव भी मना रहा है। कुछ दिन पहले हमारे वैज्ञानिकों ने भारत को चांद पर पहुंचा दिया। भारत का चंद्रयान वहां पहुंचा जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच पाया। जैसे हमारे छत्तीसगढ़ के लोग कहते हैं कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया, वैसे ही आज दुनिया के लोग कह रहे हैं भारत का चंद्रयान सबसे बढ़िया। इन सफलताओं के बीच भारत ने जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया। सफल जी-20 शिखर सम्मेलन हर देशवासियों की तपस्या का परिणाम है। 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम का परिणाम है। श्री मोदी ने कहा कि जी-20 की एक और बहुत बड़ी विशेषता और सफलता रही है कि छोटे-छोटे देश की आवाज वैश्विक मंचों तक नहीं पहुंच पाती, उनको पहली बार जी-20 में इतनी बड़ी भागीदारी मिली। अपनी जड़ों से जुड़े रहने की वजह से आज भारत इतना बड़ा काम कर पाया है। जो वंचित है, उसे वरीयता देना, यही आज के भारत की प्राथमिकता है। गरीबों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों की आवाज दबी हुई थी, उनके सपनों को हमने अपने संकल्प में बदला है। मुझे खुशी है जी-20 को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ की जनता की भी भागीदारी रही है। आपने नया रायपुर में जी-20 की बैठक कराई, आपने अच्छी तरह मेहमानों का स्वागत किया व छत्तीसगढ़ की संस्कृति, यहां के खानपान, यहां की विशेषताओं, यहां के सामर्थ्य के बारे में बताया, उसे पूरी दुनिया में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
सभा में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया व भूपेंद्र सिंह सवन्नी, सांसद गोमती साय, गुहाराम अजगले, पूर्व मंत्री ननकीराम कँवर, विधायक सौरभ सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, महासमुंद जिला अध्यक्ष व पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी, भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन, हरीशचंद्र प्रतापसिंह राठिया, महेश साहू आदि उपस्थित थे।मंच संचालन प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने और आभार प्रदर्शन सांसद गोमती साय ने किया।
झलकियाँ
रायगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी ने सभा स्थल में रथ पर सवार होकर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ जनता के बीच से अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच पर पहुंचे।
लाखों की संख्या में उपस्थित जनता ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का मोबाइल की लाइट जलाकर स्वागत किया।
सभा में उमड़ा जन सैलाब भारी बारिश से जैसे प्रतियोगिता कर रहा था कि कौन सबसे ज्यादा उमड़ता है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पोला त्योहार के अवसर पर बैलों का पूजन करके कार्यक्रम की शुरुआत की।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल व सांसद गोमती साय ने पारंपरिक खुमरी पहनाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
भाजपा प्रत्याशी रामविचार नेताम, लखन देवांगन, सरला कोसरिया, महेश साहू, हरिश्चंद्र राठिया ने झारा शिल्प से निर्मित जी-20 मोमेंटो से श्री मोदी का स्वागत किया।
Leave A Comment