एनएचईसी को फिर से चालू करने की पहल, दिसंबर 2027 से पहले उत्पादन शुरू होगा: शाह
पुणे. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को नेशनल हेवी इंजीनियरिंग कोऑपरेटिव लिमिटेड (एनएचईसी) को फिर से चालू करने के लिए भूमि पूजन किया। शाह ने कहा कि इस संस्थान में दिसंबर 2027 से पहले उत्पादन शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अमूल, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी), राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी), इफको, कृषक भारती को-ऑपरेटिव लिमिटेड (केआरआईबीएचसीओ) और नाफेड जैसे प्रमुख सहकारी संगठनों को साथ लाकर पुणे के तलेगांव स्थित इस संस्थान को फिर से शुरू करने की पहल की है। उन्होंने कहा, ''एक समय दुनिया भर की चीनी मिलों को मशीनरी की आपूर्ति करने वाला यह संस्थान कांग्रेस शासन के दौरान बंद हो गया था। इसकी 110 एकड़ जमीन पर धीरे-धीरे अतिक्रमण हो रहा था। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय ने इसे फिर से चालू करने की पहल की।'' शाह ने कहा कि एनएचईसी और एनडीडीबी की भागीदारी से इस संस्थान का अधिग्रहण किया गया। इसके लंबित लेखा परीक्षण पूरे किए गए, निदेशक मंडल का पुनर्गठन किया गया और प्रमुख सहकारी संगठनों ने इसे फिर से शुरू करने के लिए निवेश किया। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को निदेशक मंडल की बैठक में पारित प्रस्ताव के बाद आज इसके पुनर्निर्माण के लिए आधारशिला रखी जा रही है। शाह ने कहा कि दोबारा शुरू होने वाले इस संस्थान में चीनी मिलों की मशीनरी, बिजली उत्पादन इकाइयों, एथनॉल और संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्रों के साथ ही डेयरी उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। यहां निर्यात के लिए कंटेनर भी बनाए जाएंगे। दूसरे चरण में रेलवे, रक्षा और हवाई अड्डों से जुड़े कंटेनर बनाने की योजना है।








.jpeg)

Leave A Comment