ब्रेकिंग न्यूज़

 वेदांता प्लांट में बॉयलर हादसा:  11 लोगों की मौत, 22 अन्य घायल

-घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
 रायपुर ।सक्ति जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर हादसे  में  11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली। प्रशासन ने एम्बुलेंस, चिकित्सा दल और आवश्यक संसाधनों को तत्काल सक्रिय कर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। 
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर की ट्यूब में विस्फोट हो गया। ठाकुर ने बताया कि घटना के समय वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे।उन्होंने बताया कि कम से कम 11 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए।अधिकारी ने बताया कि चार श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर हुई तथा सात अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और मजदूरों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि 22 मजदूरों को रायगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है।
 वेदांता विद्युत संयंत्र के प्रवक्ता ने बताया, ''आज दोपहर हमारे सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले।'' उन्होंने कहा, ''हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ हैं।''  

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english