ब्रेकिंग न्यूज़

 तालपुरी चुनाव में कुबेर को हराकर सुनील बने अध्यक्ष, दत्ता महासचिव

-टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी बी ब्लॉक रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव में स्वाभिमान पैनल के सुनील चौरसिया ने एकता पैनल के कुबेर राम देशमुख को पराजित कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया है। वहीं महासचिव पद पर टाई होने के कारण टॉस किया गया, जिसमें एकता पैनल के रवींद्र कुमार दत्ता विजयी घोषित किए गए। इस दो कोणीय मुकाबले में स्वाभिमान पैनल की झोली में चार पद, जबकि एकता पैनल की झोली में तीन पद आए। इस चुनाव में सिंगल वोट को अवैध घोषित करने के कारण विवाद की स्थिति रही। वैसे आमतौर पर सिंगल वोट को मान्य करने का चलन रहा है। सिंगल वोट को वैधता मिलती तो परणामों में उलटफेर हो सकता था।
 भीषण गर्मी में भी बंपर वोटिंग 
रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक हुए मतदान में भीषण गर्मी के बावजूद 83 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह चुनाव एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्षों, एक महासचिव, दो उप महासचिवों एवं एक कोषाध्यक्ष पद के लिए था। एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में उतरे कुबेर राम देशमुख और सुनील चौरसिया के बीच एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। जहां चौरसिया के पक्ष में 214  मत पड़े, वहीं देशमुख को 148 मतों से तसल्ली करनी पड़ी। उपाध्यक्ष पद पर अपनी किस्मत आजमा रहे स्वाभिमान पैनल के डॉ लक्षप्रद को 159 तथा एकता पैनल के जितेंद्र सिंह को 145 मत मिले। दोनों ही विजेता घोषित किए गए, जबकि दूसरी ओर इसी पद पर एकता पैनल के महेश विश्वकर्मा (142) तथा स्वाभिमान पैनल के भीमराव फुसे (134) को हार का सामना करना पड़ा।
 महासचिव पद का फैसला टॉस से 
महासचिव पद पर रवींद्र कुमार दत्ता और के आर देशमुख के बीच हार-जीत का फैसला सिक्का उछालकर किया गया, जिसमें दत्ता विजयी हुए। दत्ता और देशमुख को 145-145 मत मिले, इस पद के लिए खड़े एक स्वतंत्र प्रत्याशी रूपेंद्र कुमार वर्मा को महज 64 मत ही मिले। उप महासचिव पद पर दोनों पैनलों के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इन पदों पर स्वाभिमान पैनल की महिला प्रत्याशी पायल सिंह पवार और एकता पैनल के उम्मीदवार श्यामलाल साहू ने जीत हासिल की। पायल को 170 वोट, जबकि साहू को 153 वोट मिले। दूसरी ओर स्वाभिमान पैनल के सत्यनारायण महाराणा के पक्ष में151मत तथा एकता पैनल के टी सहदेव के पक्ष में 129 मत पड़े। टी सहदेव ने अपने पक्ष में भारी संख्या में पड़े सिंगल वोटों को चुनाव अधिकारी द्वारा अवैध घोषित करने के कारण अपना तीव्र विरोध जताया। कोषाध्यक्ष पद का नतीजा स्वाभिमान पैनल के पक्ष में आया। स्वाभिमान पैनल के रामनारायण साहू को 204 और अमल कुमार दास को 158 वोट मिले।
 टेंट लगाने और रैली को लेकर विवाद 
क्लबहाउस में चुनाव को लेकर सुबह से ही काफी गहमागहमी रही। वोटिंग से लेकर मतगणना तक भीड़ जुटी रही। इस चुनाव में 439 लोगों को ही मताधिकार प्राप्त था। इससे पहले मतदान की पूर्व संध्या पर टेंट लगाने को लेकर विवाद की स्थिति रही। स्वाभिमान पैनल का टेंट मतदान केंद्र के ठीक सामने ठीक था, जबकि एकता पैनल का टेंट मतदान केंद्र से काफी दूर था। जिसे लेकर एकता पैनल ने चुनाव अधिकारी संदीप नंदनवार के सामने अपना विरोध दर्ज किया था। इसके अलावा स्वाभिमान पैनल द्वारा मतदान की पूर्व संध्या पर चुनावी रैली निकाली गई, जिस पर भी एकता पैनल ने कड़ी आपत्ति दर्ज की।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english