सुशासन तिहार 2026: पहले दिन बड़ी संख्या में पहुंचे लोग,163 आवेदन
-नगर निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार के तहत आयोजित किए जा रहें शिविर
-विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा जनहित के कार्य और जन जन का सर्वांगीण विकास,हमारी प्राथमिकता
-निगम कमिश्नर ने भी लिया शिविर का जायजा
बिलासपुर- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश में पूरे प्रदेश में 1 मई से शुरू हुए सुशासन तिहार 2026 के तहत शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे,जिन्होंने आवेदन दिया। सुशासन तिहार के पहले दिन बिलासपुर नगर निगम के जोन क्रमांक एक के अंतर्गत वार्ड 1 एवं 2 के लिए मिनीमाता सांस्कृतिक भवन सकरी में शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह शामिल हुए। इस दौरान विधायक श्री सिंह ने कहा कि राज्य में जनहित के कार्य और जन जन का सर्वांगीण विकास,हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। छ.ग.,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में संवर रहा है। जनता के हित,समस्या और समाधान के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा की प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय द्वारा लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है। अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिले और समस्याओं का समाधान हो इसके लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सकरी में लगाए गए शिविर का निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों से बातचीत की।
विदित है की बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों के लिए 1 मई से 10 जून तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से आमजन के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। तिहार के पहले दिन वार्ड 1 एवं 2 के लिए मिनीमाता सांस्कृतिक भवन सकरी में आयोजित शिविर में 163 आवेदन प्राप्त किए गए जिसमें से 21 आवेदन अलग-अलग शिकायतों से संबंधित है और 142 आवेदन विभिन्न मांगों को लेकर है। यह तिहार प्रदेश में सुशासन की सशक्त स्थापना, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और जन संवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सरकार शासन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, प्रभावशीलता और जन-हितैषी प्रशासन की स्थापना को लेकर कटिबद्ध है। इस तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे आम जनता से जुड़कर, उनकी समस्याओं को समयबद्ध ढंग से सुलझाने का कार्य करेगा।












Leave A Comment