ब्रेकिंग न्यूज़

 सुशासन तिहार के दूसरे दिन जिले में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में हितग्राहियों को मिले अनेक सौगात

0- बालोद विकासखण्ड के ग्राम खपरी एवं दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर में ग्रामीणों और आम नागरिकों का उमड़ा हुजुम 
0- जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आला अधिकारी हुए शामिल
0- ग्राम खपरी में आयोजित शिविर में 3938 एवं राजहरा में आयोजित शिविर में 98 आवेदनों का किया गया निराकरण 
बालोद. सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन निरंतर जारी है। इसके अंतर्गत आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम खपरी के अलावा नगर पालिका परिषद कार्यालय दल्लीराजहरा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिले के ग्रामीण एवं नगरीय निकायों के अंतर्गत आज दोनों स्थानों में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान हितग्राहियों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी लाभान्वित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खपरी में आज आयोजित शिविर में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री नूतन कंवर सहित जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया एवं अन्य अतिथियों के द्वारा 05 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरण के अलावा 04 हितग्राहियों को मनरेगा जाॅब कार्ड, मत्स्य पालन प्रचार योजना के अंतर्गत 01-01 हितग्राहियों को मछली जाल एवं आइस बाॅक्स का वितरण किया गया। 
इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 04 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं 13 स्कूली बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें वितरण किया गया। इसके अलावा शिविर में अतिथियों के द्वारा श्रवण बाधितों को श्रवण यंत्र एवं दिव्यांगजनों को छड़ी भी प्रदान किया गया। ग्राम खपरी एवं नगर पालिका कार्यालय दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर के दौरान गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनका गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। शिविर में कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट प्रदान करने के अलावा किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी नेपकीन एवं स्वच्छता किट भी वितरण किया गया। इसके अलावा नगर पालिका कार्यालय दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर में हितग्राहियों को नया राशन कार्ड, आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान करने के अलावा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत हितग्राहियों को श्रवण यंत्र एवं छड़ी भी प्रदान किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने शिविर में उपस्थित बीमार व्यक्ति श्री रामलाल से मुलाकात कर खण्ड चिकित्सा अधिकारी को तत्काल इसका समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम खपरी में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 04 हजार 505 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 03 हजार 938 आवेदनों को मौके पर निराकृत किया गया। इसी तरह नगर पालिका दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 501 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 98 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। 
ग्राम खपरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सुशासन तिहार के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला आम जनता के बीच पहुँचकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पड़ताल के साथ-साथ उनके मांगों एवं वास्तविक समस्याओं से रूबरू होने का प्रयास करता है। उन्होंने आम जनता से सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर शासन के जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। इस अवसर पर श्रीमती चंद्राकर ने बाल विवाह को एक सामाजिक अपराध बताते हुए शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने सुशासन तिहार के आयोजन को शासन-प्रशासन के प्रतिनिधियों के लिए आम जनता के बीच पहुँचकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का बहुत ही कारगर माध्यम बताया। उन्होंने जिला प्रशासन के द्वारा ग्राम खपरी में सुशासन तिहार के बेहतरीन आयोजन की भूरी-भूरी सराहना भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आम नागरिकों को सुशासन तिहार के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं को सभी वर्गों के लोगों तक पहुँचाकर उनका समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार बालोद जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के अंतर्गत आम जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना से लाभ लेने हेतु बड़ी संख्या में महिला बहनों ने आवेदन किया है। लेकिन वर्तमान में राज्य स्तर से इसका पोर्टल बंद है। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि राज्य स्तर से महतारी वंदन योजना का पोर्टल प्रारंभ होने पर इस योजना से पात्रतानुसार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी कृषकों को एग्रीस्टेक पोर्टल में अनिवार्य रूप से एंट्री कराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि शासन के सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सभी किसानों को एग्रीस्टेक पोर्टल में एंट्री कराना अनिवार्य है। इस अवसर पर कलेक्टर ने हितग्राहियों को आयुष्मान योजना एवं वय वंदन कार्ड योजना से लाभ लेने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने को कहा। शिविर में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले में खाद, बीज की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालोद जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज का भण्डारण कर लिया गया है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने तेजी से घटते भूजल के स्तर के फलस्वरूप भविष्य में आने वाली पानी की समस्या के संबंध में जानकारी देते हुए पानी के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने की अपील भी की। उन्होंने समय रहते इस भीषण समस्या की रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने हेतु पानी के एक-एक बूंदों का सदुपयोग करने की समझाईश भी दी। कलेक्टर ने किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बदले अन्य फसल का उत्पादन करने तथा अधिक से अधिक जल संरचनाओं के निर्माण करने के अलावा अपने-अपने घरों में अनिवार्य रूप से सोख्ता गड्ढा का निर्माण करने को कहा। 
नगर पालिका कार्यालय परिसर दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्य एथेलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य की बागडोर संभालने के बाद सरकार आम जनता के बीच सीधे पहुँचने का प्रयास कर रही है। राज्य सरकार के उसी मंशा के अनुरूप आम जनता के बीच पहुँचकर उसके वास्तविक हालातों से वाकिफ होने तथा उसका समुचित निराकरण सुनिश्चित करने सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री तोरण साहू ने सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में जानकारियां दी। श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा पिछले ढाई वर्षों के कार्यालय के दौरान पूरे राज्य एवं जिले की भांति दल्लीराजरा नगर में भी विकास की अनवरत गंगा बहाई जा रही है। जिसके फलस्वरूप दल्लीराजहरा शहर को निरंतर विकास कार्यों का सौगात मिल रहा है। उन्होंने शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आम जनता से प्राप्त मांगों एवं समस्याओं का समुचित निराकरण हेतु पूरी संवदेनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया ने नीर चेतना अभियान के अंतर्गत संपूर्ण जीव, जगत के लिए पानी के महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए शिविर में उपस्थि लोगों को पानी के संरक्षण एवं संवर्धन के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। शिविर में लगाए गए स्वास्थ्य विभाग के स्टाॅल में चिकित्सकों के द्वारा आम नागरिकों निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां भी वितरित की गई। 
शासकीय हाई स्कूल मैदान खपरी में आयोजित शिविर में  टेकापार, नेवारीकला, अरौद, भोईनापार, खपरी, लाटाबोड़, लोंडी, भेंगारी, पीपरछेड़ी, निपानी, तमोरा, चारवाही, बिरेतरा, भें. नवागांव, बोड़की, बेलमाण्ड, पोण्डी, चिचबोड़, अंगारी और बोरी सहित 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जन शामिल हुए थे। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कुल 3176, खाद्य विभाग से संबंधित 285, श्रम विभाग से संबंधित 186, राजस्व विभाग से 122, परिवहन विभाग से संबंधित 340, समाज कल्याण विभाग से संबंधित 17, कृषि विभाग से 15, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित 164, जल संसाधन विभाग से संबंधित 10, शिक्षा विभाग से संबंधित 12, आवेदनों को मिलाकर खपरी शिविर में आज कुल 4505 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें से 3938 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। इसी तरह नगर पालिका दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर में लोक निर्माण विभाग से कुल 130, राजस्व 42, सामाजिक पेंशन के 15, प्रधानमंत्री स्वनिधि 12, स्वच्छता 19, पीएम आवास योजना 31, राशन कार्ड 29, पेयजल से संबंधित 19, महिला बाल विकास से 11, विद्युत 26, श्रम 03 एवं शिक्षा विभाग से संबंधित 04 आवेदनों को मिलाकर कुल 501 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें से 98 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। ज्ञातव्य हो कि नगर पालिका कार्यालय दल्लीराजहरा में आयोजित शिविर में नगर पालिका के सभी 27 वार्डों के नागरिकगण शामिल हुए। 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english