'मैं अनिकेत हूं' अब ओडिशा में तहलका मचाने को तैयार
- शशि वरवंडकर निर्देशित नाटक का मंचन 15 को महाराष्ट्र मंडल रायपुर, 16 को राउरकेला में मंचन
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल का सुपरहिट नाटक ‘मै अनिकेत हूं’ अब मई महीने तहलका मचाने के लिए तैयार है। लगातार दो दिनों में दो राज्यों छत्तीसगढ़ और ओडिशा के दो शहरों रायपुर और राउरकेला में यह हिंदी नाटक अपने दो मंचन के साथ रंगप्रेमियों को प्रभावित करेगा। इससे पहले महाराष्ट्र मंडल और एम्स रायपुर, बालाघाट (मध्य प्रदेश), धमतरी और कोरबा में ‘मैं अनिकेत हूं’ अपने मंचन के साथ धूम मचा चुका है।
वरिष्ठ रंगसाधक रंजन मोड़क ने बताया कि नाटक ‘मैं अनिकेत हूं की प्रस्तुति महाराष्ट्र मंडल रायपुर के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में कुमुदिनी वरवंडकर स्मृति रंगमंच पर 15 मई को शाम साढ़े छह बजे होगा। संस्कार भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के तीन दिवसीय अशोक चंद्राकर स्मृति रंग संस्कार महोत्सव 2026 में उद्घाटन पर यह नाटक मंचित किया जाएगा। रायपुर में अक्टूबर माह में इस नाटक के दो सुपरहिट मंचन के बाद महीनों से इसकी एक और प्रस्तुति का आग्रह रंगप्रेमी दर्शकों किया जा रहा था।
निर्देशक शशि वरवंडकर ने बताया कि रायपुर में नाटक 'मैं अनिकेत हूं' की प्रस्तुति के तुरंत बाद पूरी टीम विभिन्न साधनों से राउरकेला के लिए रवाना होगी। वहां रोटरी क्लब राउरकेला रॉयल और रोटरी क्लब राउरकेला क्वींस के संयुक्त तत्वावधान में सिविक सेंटर, अंबागन में नाटक की प्रस्तुति 16 मई को शाम सात बजे होगी।
रायपुर में संस्कार भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष हेमंत माउलीकर के अनुसार हमारी टीम तीन दिवसीय नाट्य समारोह की तैयारियां करने के साथ प्रचार- प्रसार में व्यस्त है। समारोह का उद्घाटन नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ के मंचन से होगा, तो जाहिर है, इस नाट्य समारोह के साथ इस नाटक का भी प्रचार हो रहा है। इधर रोटरी क्लब ऑफ राउरकेला रॉयल के चेयरमैन अजय अग्रवाल, अध्यक्ष राकेश अग्रवाल और रोटरी क्लब ऑफ राउरकेला क्वींस की अध्यक्ष गरिश्मा परमार के अनुसार नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का प्रचार- प्रसार राउरकेला में जारी है।
इस बार भी एक बदलाव
इधर महाराष्ट्र मंडल में नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ की रिहर्सल शुरू हो गई है। कोरबा में नाटक की प्रस्तुति के दौरान एक फेरबदल डॉ. प्रीता लाल की जगह सुमीता रायजादा को डॉ. सुधा कुमारी गुप्ता का अह्म किरदार देकर किया गया था। इस बार आनंद चौधरी का फनी रोल कर रहे समीर टल्लू की अनुपलब्धता के कारण यह किरदार नाटक में वार्ताकार की भूमिका निभा रहे विनोद राखुंडे को सौंपा गया है। ऐसे में वार्ताकार की भूमिका डॉ. शुचिता देशमुख करेंगी। बताते चलें कि पिछले साल चार अक्टूबर को महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में पहली बार मंचित किए गए हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का आज तक दो राज्यों छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के चार शहरों में पांच मंचन किया जा चुका है।
नाटक के कलाकार:-
'मैं अनिकेत हूं' में अनिकेत की केंद्रीय भूमिका नाटक के निर्देशक शशि वरवंडकर ने स्वयं साकार करेंगे। इसी तरह चेतन गोविंद दंडवते, दिलीप लांबे, प्रकाश खांडेकर, रंजन मोड़क, डाॅ. अनुराधा दुबे, डॉ. प्रीता लाल, डॉ. अभया जोगलेकर, डॉ. शुचिता देशपांडे, रविंद्र ठेंगड़ी, भारती पलोसकर, विनोद राखुंडे, पंकज सराफ अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। नेपथ्य में अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर, प्रकाश गुरुव होंगे।











Leave A Comment