कुम्हारी में सिलेंडर ब्लास्ट : एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले
भिलाईनगर । दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी रोड पर मंगलवार को भीषण आग और सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार खपरी रोड स्थित एक झोपड़ीनुमा मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अचानक तेज धमाके के साथ घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान आग की चपेट में आ गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग तथा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
जिला सेनानी अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग प्रभारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल मौके से चार शव बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













Leave A Comment