ब्रेकिंग न्यूज़

सुदूर वनांचल के ग्राम हितेकसा में  आयोजित किया गया जनसमस्या निवारण शिविर

-ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के विभिन्न  जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया
-शिविर में बड़ी संख्या में शामिल हुए ग्रामीण, मौके पर 300 आवेदनों का किया गया निराकरण 
बालोद । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गुरूर विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम हितेकसा में गुरुवार को  जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम हितेकसा में आज आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत हितेकसा सहित हितेकसा कलस्टर में शामिल आसपास के 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अंतर्गत आज हितेकसा में आयोजित शिविर में उपस्थित जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, उपाध्यक्ष श्री दुर्गानंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री तेजराम साहू, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर, तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम सहित जनपद सदस्य श्री हेमंत गुरूपंच, श्री अजीत कुंजाम, श्री डालेन्द्र साहू, श्री तानसिंह देहारी एवं सरपंच श्री भूपेश हिरवानी सहित अन्य अतिथियों के द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल एवं आईस बाॅक्स का वितरण किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र एवं छड़ी, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र का वितरण किया गया। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र एवं केसीसी कार्ड का वितरण किया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। ग्राम हितेकसा में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 492 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 300 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया। 
जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने सुशासन तिहार 2026 के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा समाज के सभी वर्गों के विकास हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। श्रीमती साहू ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से राज्य सरकार के द्वारा आम जनता के बीच पहुँचकर उनके वास्तविक आवश्यकताओं को जानने एवं समझने के अलावा उसका समुचित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर श्रीमती साहू ने संपूर्ण जीव जगत के लिए पानी की आवश्यकता के संबंध में प्रकाश डालते हुए सभी लोगों से पानी के सदुपयोग तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नीर चेतना अभियान के अंतर्गत शिविर में उपस्थित लोगों को पानी के एक-एक बूंद का सदुपयोग करते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने एवं जल संरक्षण के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागता सुनिश्चित करने की अपील भी की। जनपद उपाध्यक्ष श्री दुर्गानंद साहू को सुशासन तिहार 2026 के आयोजन को राज्य शासन के अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं जनहितैषी कार्य बताते हुए इसकी भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विभाग के अधिकारियों को आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवदेनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्री तेजराम साहू ने सुशासन तिहार के उद्देश्यों के संबंध में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की पड़ताल की जा रही है। जिससे कि आम जनता को उनके कल्याण हेतु संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को आम जनता के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने विभागों के द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के जानकारी देने के अलावा शिविर में प्राप्त कुल आवेदन एवं उनके निराकरण के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन करते हुए ग्राम पंचायत हितेकसा के सरपंच श्री भूपेश हिरवानी ने शिविर में बड़ी संख्या में उपस्थिति के लिए अतिथियों ग्रामीणों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। 
उल्लेखनीय है कि हितेकसा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत हितेकसा सहित सोनडोंगरी, कन्हारपुरी, बोहारडीह, दरगहन, मोखा, मुजगहन, धानापुरी, नारागांव, बड़भूम, पोंड, कर्रेझर, भेजामैदानी और कोचवाही ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। हितेकसा शिविर में आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 256 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग के 23 आवेदन, खाद्य विभाग के 54, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 25, श्रम विभाग के 10, स्वास्थ्य विभाग के 04, जल संसाधन विभाग के 07, समाज कल्याण विभाग के 05, तहसील गुरूर को 42 कृषि के 15, शिक्षा विभाग के 06, सहकारिता विभाग के 03, एवं स्वास्थ्य विभाग के 04 सहित विभिन्न विभागों से कुल 492 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 300 आवेदनों का निराकरण किया गया। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english