तालपुरी में मदर्स डे पर दिखा भावना एवं संस्कृति का अनूठा सामंजस्य
टी सहदेव
- सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मन मोहा
भिलाई नगर।। तालपुरी में महिला समिति ने मां के निस्स्वार्थ प्रेम, त्याग एवं समर्पण का सम्मान करने के लिए क्लब हाउस में रविवार को मदर्स डे का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। यह आयोजन मातृशक्ति की गरिमा से ओतप्रोत और हृदयस्पर्शी रहा, जिसमें भावना, संस्कृति और संगठनात्मक ऊर्जा का अनूठा सामंजस्य देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर समाज में मातृशक्ति के योगदान को सम्मान देते हुए 65 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं लता बाथरे, कृतिका साव, किरण परिहार, प्रेमा सिंह, निर्मला चंद्राकर, इंदु साहू, सीमा देबनाथ एवं बी बसवम्मा का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मन मोहा
इस अवसर पर जहां पारंपरिक भारतीय परिधान में महिलाओं ने भजन, नृत्य और गीत प्रस्तुत कर सभी श्रोताओं का मन मोह लिया, वहीं शरबत प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें रिंकू पात्रो ने प्रथम एवं कृतिका साव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कंचन सक्सेना एवं अनीता दत्ता ने जजों की भूमिका निभाई। समिति की अध्यक्ष एडवोकेट रेखा सिंह ने मातृशक्ति को सलाम करते हुए अपने संबोधन में कहा कि मां निस्स्वार्थ प्रेम, ममता, त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति होती हैं, उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। उनके भावनात्मक शब्दों ने सभी उपस्थित महिलाओं को भावुक एवं प्रेरित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन की सह सचिव पायल पवार का स्वागत किया गया। साथ ही अध्यक्ष रेखा सिंह द्वारा पूर्व पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को प्रतीक चिह्न भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अगले सत्र के लिए शपथग्रहण
कार्यक्रम के दौरान नवीन सत्र 2026-28 के लिए महिला समिति की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह भी संपन्न हुआ। इसमें अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रेखा सिंह, उपाध्यक्ष मनोरमा सिंह एवं सरला श्रीवास्तव, सचिव डॉ. नीतू साहू, सहसचिव डॉ. सरोज तिवारी एवं अनीता दत्ता, कोषाध्यक्ष मोना सिंह एवं धनेश्वरी शर्मा, मीडिया प्रभारी रेखा मालवीय, सांस्कृतिक प्रभारी माला यादव एवं वकुला राव, गेम प्रभारी ममता शुक्ला एवं सुशीला सूर्यवंशी, सलाहकार आशा जानी तथा कार्यकारिणी सदस्य कृतिका साव, अनीता सिंह, श्यामली मुखर्जी, भावना मणि एवं सीमा देवांगन ने पद की शपथ ली।














Leave A Comment