भिलाई निगम क्षेत्र में जी.आई.एस. सर्वे का कार्य शुरू, संपत्तियों का होगा डिजिटल रिकॉर्ड तैयार
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत शहर के सुव्यवस्थित विकास एवं कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जी.आई.एस. (जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम) सर्वे का कार्य प्रारंभ किया गया है। सर्वे के माध्यम से निगम क्षेत्र की सभी संपत्तियों, भवनों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य परिसंपत्तियों का डिजिटल डाटा तैयार किया जाएगा।
निगम प्रशासन द्वारा नियुक्त सर्वे टीम वार्डों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित कर रही है। सर्वे के दौरान संपत्ति का माप, उपयोग, निर्माण की स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारियां संकलित की जा रही हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि सर्वे कार्य में सहयोग प्रदान करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराएं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जी.आई.एस. सर्वे पूर्ण होने के बाद संपत्ति कर निर्धारण में पारदर्शिता आएगी तथा शहर की विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा। निगम प्रशासन ने बताया कि सर्वे कार्य चरणबद्ध तरीके से सभी जोन एवं वार्डों में कराया जा रहा है तथा कार्य पूर्ण होने के बाद निगम की सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं डिजिटल बनाया जाएगा।













Leave A Comment