ब्रेकिंग न्यूज़

 महाराष्‍ट्र मंडल में शिवाजी प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को भव्‍य बनाने की तैयारियां शुरू

0- छत्रपति शिवाजी राज्‍याभिषेक दिवस पर शनिवार शाम को राज्‍यपाल रमेन डेका शिवराया प्रतिमा का करेंगे अनावरण
रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में शनिवार, 6 जून को छत्रपति शिवाजी महाराज की सिंहासनास्‍थ प्रतिमा का अनावरण राज्‍यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम की विशेष अतिथि महापौर मीनल चौबे होंगी। मंडल के कार्यकारिणी सदस्‍यों व विभिन्‍न समितियों के पदाधिकारियों व महिला केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं की तैयारी बैठक में अनेक समितियां गठित की गईं। कार्यक्रम को गरिमामय और भव्‍य बनाने के लिए पदाधिकारियों के सुझाव भी बैठक में लिए गए। 
बैठक का संचालन करते हुए सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि राजनीतिक जन प्रतिनिधियों की तुलना में राज्‍यपाल का डेकोरम बिल्‍कुल अलग और सख्‍त रहता है। ऐसे में हमारा पहला दायित्‍व लोक भवन (राज भवन) की ओर से आने वाली सुरक्षा व प्रशासनिक टीम के साथ हमें पूरा सहयोग करना है और उनके बताए हर एक दिशा- निर्देश का पालन करना है। चूंकि राज्‍यपाल सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर स्मृति रंगमंच पर होंगे, ऐसे में हमारे सभी सांस्‍कृतिक कार्यक्रम मंच के सामने रिक्‍त रखे गए स्‍थान पर ही होंगे। इस मौके पर दंडवते ने स्‍वागत समिति, बैठक व्‍यवस्‍था समिति, स्‍टेज समिति, प्रतिमा अनावरण समिति, चित्र प्रदर्शनी समिति, रंगोली समिति, नाश्‍ता समिति, पार्किंग- ट्रैफिक समिति सहित अनेक समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को उनकी जिम्‍मेदारी सौंपी गई। 
अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले ने जोर देकर कहा कि पदाधिकारियों की जिम्‍मेदारी है कि वे अपने साथ कम से कम 20 लोगों को साथ लेकर आएं। 600 सीटों की क्षमता का हमारा संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह पूरी तरह पैक होना चाहिए। चेतन दंडवते ने कहा कि सभागृह में आने वाले हमारे अतिथि न केवल प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम अटैंड करें बल्कि उसके बाद अभिषेक विद्याधर बक्षी द्वारा निर्देशित हिंदी नाटक ‘शिव शौर्य’ के मंचन में भी उपस्थित रहें और शिवाजी के जीवन, खासकर शौर्य पर आधारित इस नाटक का लुत्‍फ लें। 
बैठक में अंत में उपाध्‍यक्ष गीता श्‍याम दलाल ने आभार व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि हमारी सबसे अहम जिम्‍मेदारी है कि हम कार्यक्रम शुरू होने से आधे घंटे पहले पहुंचकर अपनी जिम्‍मेदारियां संभाल लें। बैठक व्‍यवस्‍था के दौरान हमें पूरे धैर्य के साथ विनम्र बने रहना है और किसी भी दशा में विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होने देना है। गीता ने सभी पदाधिकारियों से सिर्फ सोशल मीडिया के भरोसे कार्यक्रम का प्रचार करने से बचने और व्‍यक्तिगत रूप से फोन करने का आग्रह किया। बैठक में बड़ी संख्‍या में उपस्थित कार्यकारिणी सदस्‍यों व समितियों के पदाधिकारियों, महिला केंद्रों की संयोजिकाओं- सह संयोजिकाओं ने शिवाजी महाराज प्रतिमा अनावरण समारोह को सफल बनाने दृढ़ इच्‍छा जताई।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english