निगम सभागार कक्ष में पट्टा सर्वे से संबंधित बैठक आयोजित, अधिकारी एवं कर्मचारियों को दी गई जिम्मेदारी
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर नागरिकों को उनकी भूमि की पहचान एवं स्वामित्व संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पट्टा सर्वे अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों के पट्टों का सर्वे कर किया जाएगा।
नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार पट्टा सर्वे कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न जोनों में ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त दल अपने-अपने जोन क्षेत्र में पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर पट्टों का सर्वे करेंगे। उपायुक्त सह नोडल अधिकारी दिनेश कोसरिया की उपस्थिति में मंगलवार को नगर निगम सभागार में पट्टा सर्वे अभियान के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पट्टा सर्वे की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, हितग्राहियों तक पहुंचने की कार्ययोजना तथा सर्वे के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पट्टा सर्वे का कार्य पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य नागरिकों को उनकी भूमि से संबंधित अधिकारों को सुदृढ़ करना तथा प्रशासनिक सेवाओं को उनके घर-घर तक पहुंचाना है।












Leave A Comment