बारसूर साप्ताहिक बाजार में चला स्वच्छता जागरूकता अभियान
- ठोस अपशिष्ट पृथक्करण और ‘स्टॉप डायरिया अभियान’ पर दिया गया जोर
दंतेवाड़ा । नगर पंचायत बारसूर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं जनस्वास्थ्य संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा जलजनित एवं वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के दौरान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित ‘स्टॉप डायरिया अभियान’ के तहत भी लोगों को स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता तथा साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता की आदतें अपनाकर डायरिया सहित कई संक्रामक बीमारियों की प्रभावी रोकथाम की जा सकती है।
इस अवसर पर नगर पंचायत की टीम एवं स्वच्छता दीदियों ने बाजार क्षेत्र तथा आसपास के इलाकों में जनसंपर्क कर लोगों को गीले, सूखे, सैनिटरी तथा विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट को अलग-अलग डस्टबिन में संग्रहित करने की जानकारी दी। नागरिकों को बताया गया कि बचा हुआ भोजन, सब्जियों के छिलके और अन्य जैविक कचरे को हरे डस्टबिन, कागज, प्लास्टिक, गत्ता एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को नीले डस्टबिन, मास्क, डायपर एवं सैनिटरी पैड जैसे अपशिष्ट को लाल डस्टबिन तथा कांच, ई-वेस्ट, बैटरी एवं रसायन युक्त अपशिष्ट को पीले डस्टबिन में डालकर स्वच्छता दीदियों को सौंपें।
इस अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा उसके स्थान पर कपड़े, कागज और जूट के थैलों जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील भी की गई। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण, परिवहन, आपूर्ति एवं उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके पालन में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। नगर पंचायत ने नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित शिकायतों के लिए निदान-1100 तथा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 8519009090 का उपयोग करने की अपील की। साथ ही बताया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षद अपने-अपने वार्डों में लीड फैसिलिटेटर के रूप में लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जन-जागरूकता अभियान में मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, अध्यक्ष, पार्षदगण, वार्ड नोडल एवं स्वच्छता दीदियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त बारसूर के निर्माण का संदेश दिया गया।










.jpg)


Leave A Comment