राजस्व अधिकारियों को एग्रीस्टैक परियोजना अंतर्गत डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण
0- कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी कृषकों का शत प्रतिशत एवं त्रुटिरहित ढंग से डिजिटल फसल सर्वेक्षण करने के दिए निर्देश
बालोद. खरीफ वर्ष 2026 में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य के संबंध में सोमवार 20 जुलाई को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में जिले के सभी कृषकों का शत प्रतिशत एवं त्रुटिरहित ढंग से डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने डिजिटल सर्वेक्षण कार्य को शासन के विशेष प्राथमिकता वाले एवं अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए राजस्व अधिकारियों को इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के संबंध में आवश्यक जानकारियां भी दी।
इस मौके पर प्रशिक्षकों के द्वारा जिले के राजस्व अधिकारियों को एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अलावा जिले के राजस्व अधिकारियों को कृषकों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने हेतु उनका शत प्रतिशत एवं त्रुटिरहित ढंग से फसल सर्वेक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित जिले के सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख एवं राजस्व निरीक्षक, जिले के सभी तहसीलों के डाटा एंट्री आॅपरेटरों के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार खरीफ वर्ष 2026-27 में जिले के सभी किसानों का शत प्रतिशत एवं त्रुटिरहित डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य 17 अगस्त 2026 से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को 30 सितम्बर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाएगा। ज्ञातव्य हो कि बालोद जिले में डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक संपन्न करने केे उद्देश्य से ग्राम स्तर पर बैनर पोस्टर एवं ग्राम कोटवारों के द्वारा मुनादी के माध्यम से इस योजना का समुचित प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिससे कि बालोद जिले के कृषकों के सभी खसरों का त्रुटिरहित ऑनलाईन डिजिटल फसल सर्वेक्षण किया जा सके।









.jpg)



Leave A Comment