कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने भेजामैदानी में किया वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ
-कार्यक्रम की सराहना करते हुए रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा
बालोद ।भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 01 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू ’विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ग्रामीण’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के अंतर्गत आज जनपद पंचायत गुरूर के ग्राम पंचायत भेजामैदानी में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर श्रीमती मिश्रा को विकास कार्यों के संबंध में आवेदन भी सौंपा। कलेक्टर ने ग्रामीणों के मांगों का प्राथमिकता के साथ पूरा करने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान योजना के तहत प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि भेजामैदानी के इस कार्यस्थल पर पूर्व में 05 एकड़ जमीन पर वृक्षारोपण किया गया था, जिसमें वर्तमान में 760 पौधे जीवित हैं। उल्लेखनीय है कि भेजामैदानी में कुल 554 पौधे रोपे जाएंगे। इन पौधों में मुख्य रूप से आम, अमरूद, जामुन, कटहल सहित अन्य फलदार व उपयोगी पौधे शामिल हैं। इस अवसर पर एसडीएम श्री आरके सोनकर, जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पन्नालाल धु्रव, जनपद सदस्य श्रीमती कौशल्या चंद्रवंशी, सरपंच श्रीमती रूद्राणी नेताम सहित पंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।













Leave A Comment