ब्रेकिंग न्यूज़

करीब 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी हुए शामिल

-रिमझिम बारिश में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से सराबोर हुआ रायगढ़
-भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साह से लिया हिस्सा
 रायपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत  गुरुवार को रायगढ़ जिला मुख्यालय में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बारिश की फुहारों के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
 तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मार्ग में शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल नागरिकों के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई।
 तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लिए स्कूली विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक और संदेशपरक बनाया।
 बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच नागरिक कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ और ‘ये देश है वीर जवानों का’ जैसे गीतों पर युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। तिरंगे की छांव में उमड़ा जनसैलाब रायगढ़ में राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का जीवंत संदेश देता नजर आया।
 सिदूर पार्क में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने परिसर में स्थापित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान लगातार बढ़ा है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को तेजी से मजबूत बनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग करें। देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर ऐसा सशक्त भारत बनाएं, जिसे दुनिया की कोई ताकत कमजोर न कर सके।
श्री चौधरी ने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों और युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
मंचीय कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर रहा।वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कथक सहित अन्य प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। जिले में नागरिकों को तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तिरंगा वितरण, जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english