तालपुरी में रैंप पर दिखा राजपूताना जलवा, महिमा, इंदु और रीता तीज क्वीन चुनी गईं

- जजों ने बताईं सौदर्य प्रतियोगिता की बारीकियां
-फिल्मी धुनों पर नृत्य का शानदार प्रदर्शन
टी सहदेव
भिलाई नगर। तालपुरी में रविवार को महिला समिति के तत्वावधान में इंद्रधनुषी रंगों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और राजपूताना शान के अनूठे संगम ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही राजपूताना थीम पर आधारित सौंदर्य प्रतियोगिता, जिसमें 28 महिलाओं ने पारंपरिक राजसी वेशभूषा में सुसज्जित होकर रैंप पर अपनी अदाओं, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण से समां बांध दिया। समिति की अध्यक्ष एवं अधिवक्ता रेखा सिंह की अगुवाई में आयोजित प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया था।
प्रतिभागियों ने दिखाया राजपूताना शौर्य
प्रतिभागियों ने हाथों में तलवार, कृपाण और कटार थामकर राजपूताना शौर्य और नारी गरिमा का शानदार प्रदर्शन किया। रैंप पर उनकी शाही वेशभूषा और आत्मविश्वास ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में नारायण ई-टेक्नो स्कूल की शिक्षिका महिमा ढोबले, सीनियर वर्ग में इंदु देवांगन तथा मोस्ट सीनियर वर्ग में रीता चौहान को तीज क्वीन चुना गया। जूनियर वर्ग में वंदना कुशवाहा फर्स्ट रनरअप और दीया साहू सेकंड रनरअप रहीं। सीनियर वर्ग में अनीता सोनी फर्स्ट रनरअप तथा जयश्री फुले सेकंड रनरअप बनीं। वहीं मोस्ट सीनियर वर्ग में वकुला राव ने द्वितीय और जी पद्माराव ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जजों ने बताईं सौदर्य प्रतियोगिता की बारीकियां
प्रतियोगिता की जूरी में भरतनाट्यम नृत्यांगना खुशी जैन, छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेत्री जागेश्वरी मेश्राम, डॉ. ममता राय और कलाकार रूपा साहू शामिल थीं। जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों को हाव-भाव, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रस्तुतीकरण की बारीकियां बताईं। समिति की अध्यक्ष रेखा सिंह ने कहा कि तीज मिलन केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा, संस्कृति, प्रेम, अपनत्व और महिला शक्ति का सुंदर उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। सौंदर्य प्रतियोगिता में प्रियंका, पूजा कश्यप, रोशनी, अमिता, रेणुका, अनीता सिंह, भावना मणि, बबीता, गौरी, सुशीला सूर्यवंशी, नीलू, मीरा, विजया, निर्मला, आशा, शकुंतला और गेंदा साहू सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
फिल्मी धुनों पर नृत्य का शानदार प्रदर्शन
कार्यक्रम में महिलाओं ने फिल्मी धुनों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिए। नृत्य प्रस्तुत करने वाली महिलाओं में श्रद्धा बैतुले, सुनीता ठाकुर, ट्विंकल साहू, सरस्वती सिंह, आशा वर्मा, मंजू, सत्यभामा, किरण, अनुराधा, ममता, चेतना, ऊर्वशी, रूपा, हिमानी, रंजना, मीनाक्षी, अनीता दत्ता, आभा देशमुख, भावना साकुरे, मनीषा हाडगे और रेणुका पटेल शामिल थीं। कार्यक्रम का संचालन आशा जानी एवं डॉ. नीतू साहू ने किया। समारोह को सफल बनाने में उपाध्यक्ष मनोरमा सिंह, मोना सिंह, धनेश्वरी शर्मा, रेखा मालवीय, माला यादव, ममता शुक्ला एवं श्यामली मुखर्जी का विशेष योगदान रहा। तीज मिलन समारोह में राजपूताना परिधान, शाही अंदाज, नृत्य, संगीत और महिलाओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।









.jpeg)



Leave A Comment