नवनिर्मित सिटी बस डिपो का सेंट्रल टीम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
भिलाईनगर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संचालक भानुप्रताप सिंह भदौरिया ने निगम आयुक्त सुरुचि सिंह एवं केंद्रीय टीम की उपस्थिति में डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन सिटी बस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी बसों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सिटी बसों के ड्राइवर एवं कंडक्टरों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए बनाए गए भवन का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण भवन में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई। इसके साथ ही डिपो परिसर में बसों की पार्किंग व्यवस्था, चार्जिंग प्वाइंट तथा प्रकाश व्यवस्था का भी विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। उन्होंने डिपो परिसर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बसों के संचालन से संबंधित आवश्यक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा यात्रियों एवं बस संचालन से जुड़े कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संयुक्त टीम ने डिपो परिसर में उपलब्ध संसाधनों एवं वर्तमान व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की। सिटी बस सेवा को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आधारभूत सुविधाओं की स्थिति को भी देखा गया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा एवं पलाश वैद्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave A Comment