जवाहर मार्केट के उन्नयन कार्य को लेकर व्यापारियों एवं निगम अधिकारियों की बैठक
भिलाईनगर। जवाहर मार्केट के समुचित एवं व्यवस्थित उन्नयन को लेकर आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को मार्केट के व्यापारियों एवं नगर पालिक निगम भिलाई के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जवाहर मार्केट के विकास एवं उन्नयन कार्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल, नगर निगम भिलाई आयुक्त सुरुचि सिंह, जोन 3 अध्यक्ष जालंधर सिंह, वार्ड क्रमांक 38 पार्षद पियूष मिश्रा, वार्ड क्रमांक 37 के पार्षद मन्नान गफ्फार खान, परियोजना कार्यपालन अभियंता नितेश मेश्राम एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अजय भसीन, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता रीमा जामुलकर, व्यापारी संघ पदाधिकारी सहित निगम के अधिकारी तथा जवाहर मार्केट के व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मार्केट के वर्तमान स्वरूप, व्यापारियों की आवश्यकताओं तथा नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्नयन कार्य को बेहतर एवं व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के संबंध में सुझाव लिए गए। व्यापारियों से उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए गए।
जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने कहा कि जवाहर मार्केट के उन्नयन का उद्देश्य व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मार्केट में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, सुव्यवस्थित आवागमन एवं बेहतर वातावरण को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं के आधार पर जवाहर मार्केट के उन्नयन कार्य को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।













Leave A Comment