अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला जेल एवं डाइट परिसर में हुआ विशेष कार्यक्रम
-बंदियों को शिक्षा के महत्व की जानकारी देकर आगे की पढ़ाई के लिए किया गया प्रोत्साहित
दंतेवाड़ा । कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला जेल दंतेवाड़ा एवं डाइट परिसर में साक्षरता एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एम. भार्गव थे।
जिला पंचायत सीईओ श्री भार्गव ने परिरुद्ध बंदियों को शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाती है। उन्होंने पढ़ाई छोड़ चुके बंदियों को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहंती ने बताया कि भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप सभी के लिए शिक्षा पर केंद्रित उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन किया गया। जिले के सभी विकासखंडों के विद्यालयों में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बंदियों ने हिंदी एवं स्थानीय गोंडी भाषा में साक्षरता गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जेल में बंदियों को साक्षर बनाने के लिए संचालित साक्षरता कार्यक्रम में सहयोग करने वाले बंदियों सोमू पुनेम, लक्ष्मण ताती, सामू पोयाम, संतु कुंजाम, ककैम मुन्ना एवं मेटा को उत्साहवर्धन हेतु विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जेल अधीक्षक श्री निर्मल सिंह ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एम. भार्गव एवं जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहंती का बंदियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्री भार्गव ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों को अन्य लोगों को भी साक्षर बनाने के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जेल एवं जिला साक्षरता मिशन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



.jpg)


.jpg)




Leave A Comment