एग्रीस्टैक और बकेटिंग पूर्ण कराने वाले किसान ही बेच सकेंगे धान
0- कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर किसानों को हो सकती है धान बेचने में परेशानी
0- धान खरीदी को सुगम बनाने 18 नई उपार्जन केंद्र समितियों का गठन, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश
बालोद. धान खरीदी की तैयारियों और किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा के लिए आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बैठक में डीसीएस, एग्रीस्टैक और बकेटिंग सहित धान खरीदी से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एग्रीस्टैक एवं बकेटिंग के लंबित कार्यों में तेजी लाने और किसानों को समय पर इसकी जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हहें लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टैक और बकेटिंग कराना जरूरी
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार धान बेचने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन और आवश्यक बकेटिंग प्रक्रिया पूर्ण होना जरूरी है। जिन किसानों की यह प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उन्हें धान बेचने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इसकी जानकारी समय रहते उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकें।
गांव-गांव मुनादी कर किसानों को दी जाएगी जानकारी
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जिन गांवों में एग्रीस्टैक और बकेटिंग का कार्य अभी अधूरा है, वहां कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराकर किसानों को इसकी जानकारी दी जाए। सूचना चस्पा करने सहित अन्य माध्यमों से भी किसानों को जागरूक किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों का एग्रीस्टैक और बकेटिंग पूरा हो चुका है, उनके परिवार के सह-खातेदारों की बकेटिंग भी समय पर कराई जाए, ताकि धान खरीदी के समय किसी प्रकार की समस्या न हो।
किसानों की सुविधा के लिए 18 नई उपार्जन केंद्र समितियां गठित
बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को धान बेचने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष 18 नई उपार्जन केंद्र समितियों का गठन किया गया है। इससे किसानों को धान बेचने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होंगे और उपार्जन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश
धान खरीदी के दौरान बारदाने की कमी न हो, इसके लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सहकारिता विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सारथी पोर्टल सहित अन्य विषयों की भी समीक्षा
बैठक में सारथी पोर्टल, समितियों में चावल की उपलब्ध मात्रा, राशन चावल वितरण की स्थिति, डूबान क्षेत्र की स्थिति सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय विषयों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।









.jpeg)

.jpg)
Leave A Comment