श्रद्धालुओं को दी गई कानूनी जानकारियां
0- गंगा मैय्या एवं सियादेवी मंदिर में स्थापित किए विधिक जागरूकता स्टॉल
बालोद. नवरात्रि पर्व के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालोद के द्वारा आगंतुक नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गंगा मैय्या मंदिर एवं सियादेवी मंदिर में स्थापित विधिक जागरूकता स्टॉल का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निरीक्षण किया गया।
इस दौरान दोनों मंदिरों में बड़ी संख्या में आगंतुक श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए विधिक जागरूकता स्टॉल के माध्यम से आमजनों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने स्टॉल में उपलब्ध विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया तथा वहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजनों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने लोगों को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संजय कुमार सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री भारती कुलदीप, वरिष्ठ पैरालीगल वालेंटियर श्री रमेश कुमार शर्मा एवं अन्य पैरालीगल वालेंटियर उपस्थित रहे।
इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों में आगंतुक श्रद्धालुओं एवं आमजन तक न्याय एवं विधिक सहायता संबंधी जानकारी पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को उनके अधिकारों और कानूनी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
--








.jpg)
Leave A Comment