बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम
0- मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति एवं विधिक प्रावधानों की विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत जानकारी
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा के मार्गदर्शन में विकासखंड डौण्डीलोहारा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझार में बच्चों की बेहतर देखरेख, सुरक्षा, संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके वैधानिक अधिकारों, सुरक्षा उपायों और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के प्रति संवेदनशील व जागरूक बनाना रहा।
बाल अधिकारों एवं संरक्षण कानूनों पर हुआ सारगर्भित संवाद
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा, बालिकाओं की शिक्षा एवं समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका से अवगत कराया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं सहित ’मिशन वात्सल्य’ अंतर्गत एकीकृत बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम 2012 तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति और तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा ’मिशन शक्ति’ अंतर्गत महिला हेल्पलाइन 181 के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक (चाइल्ड लाइन) श्री वेद प्रकाश साहू, जिला मिशन समन्वयक डॉ. एस. कुमार, काउंसलर श्री अनिल साहू, मिशन वात्सल्य के मास्टर ट्रेनर श्री मनीष देशमुख, केस वर्कर श्री कैलाश निषाद सहित शाला के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
--












.jpg)
Leave A Comment