सेवा सेतु पोर्टल से महज 5 दिन में मिला स्थायी जाति प्रमाण पत्र, आम नागरिकों को मिल रही सुविधा
बिलासपुर/शासकीय सेवाओं को सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पोर्टल लोगों के लिए सुविधाजनक साबित हो रहा है। इसी कड़ी में नगर पंचायत बिल्हा के वार्ड क्रमांक 12 निवासी रामसागर साहू को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से महज 5 दिन के भीतर स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
रामसागर साहू ने स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय बिल्हा में सेवा सेतु पोर्टल के जरिए आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें केवल पांच दिनों में प्रमाण पत्र मिल गया। कम समय में प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें अनावश्यक इंतजार और बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से लोगों को सुविधाजनक तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर मिलने से नागरिकों को शैक्षणिक कार्यों, विभिन्न शासकीय योजनाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में सुविधा होती है।
रामसागर साहू को महज पांच दिनों में स्थायी जाति प्रमाण पत्र मिलना इस बात का उदाहरण है कि ऑनलाइन माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ कम समय में प्राप्त किया जा सकता है। इस तरह की व्यवस्था से आम नागरिकों का समय बचता है और शासकीय सेवाओं को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलती है।












.jpg)
Leave A Comment