प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में बालोद जिले की बड़ी उपलब्धि, प्रदेश में तीसरा स्थान
54 हजार से अधिक आवास स्वीकृत, 50 हजार 668 पक्के मकानों का निर्माण पूर्ण
बालोद/प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में बालोद जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में अब तक 50 हजार 668 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ बालोद जिला पूरे छत्तीसगढ़ में तीसरे स्थान पर है।
स्वीकृत आवासों में 93.57 प्रतिशत निर्माण पूरा
योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक जिले में कुल 54 हजार 151 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 50 हजार 668 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जो कुल स्वीकृत आवासों का 93.57 प्रतिशत है। शेष 3 हजार 483 आवास निर्माणाधीन हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार निर्माण कार्यों में लाई जा रही तेजी
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास निर्माण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि जिन हितग्राहियों ने अभी तक आवास निर्माण शुरू नहीं किया है, उनसे संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए समझाइश दी जा रही है। निर्माण सामग्री, राजमिस्त्री और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
हर पात्र परिवार को मिले पक्की छत
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सुविधायुक्त पक्का आवास उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना के सभी स्वीकृत आवास निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और कोई भी पात्र हितग्राही पक्के मकान के लाभ से वंचित न रहे। बालोद जिले की यह उपलब्धि ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










.jpg)
Leave A Comment