ब्रेकिंग न्यूज़

 ग्राम छटेरा को आदर्श कृषि ग्राम के रूप में किया जाएगा विकसित

*0- कृषि उत्पादन बढ़ाने, फसल विविधीकरण और किसानों की आय में वृद्धि के लिए बनेगी कार्ययोजना*
*0- सरसों तेल प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, कृषि पर्यटन और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा*
*0- जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन ने ली समीक्षा बैठक, विभागों को समन्वय से कार्य करने के दिए निर्देश*
रायपुर. रायपुर जिले के विकासखंड आरंग अंतर्गत ग्राम छटेरा को समग्र एवं आत्मनिर्भर आदर्श कृषि ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग और किसानों की आय में वृद्धि पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने ग्राम छटेरा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं किसानों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम छटेरा में सरसों उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर सरसों तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर सहमति बनी। इससे किसानों को अपनी उपज का मूल्य संवर्धन करने के साथ अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकेंगे।
बैठक में क्षेत्र की जलवायु एवं भूमि की उपयुक्तता के आधार पर परंपरागत खेती के साथ नकदी फसलों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। चना, मखाना एवं पाम ऑयल की व्यावसायिक खेती की संभावनाओं पर विचार किया गया। साथ ही चना उत्पादन बढ़ाने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों को किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम छटेरा को आदर्श कृषि ग्राम बनाने के साथ ही कृषि पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने, उद्यानिकी फसलों का विस्तार करने तथा ग्रामीण जल स्रोतों में वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इन गतिविधियों से ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।
जिला पंचायत सीईओ ने बैठक के दौरान ग्रामीण किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बंदरों एवं जंगली सूअरों के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या बताई। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री बिश्वरंजन ने कहा कि ग्राम छटेरा को आदर्श कृषि ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, आजीविका संवर्धन सहित अन्य गतिविधियों को एकीकृत कर समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशु चिकित्सा सेवाएं संयुक्त संचालक श्री शंकर लाल उईके सहित कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जनपद पंचायत आरंग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।
-- 
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english