ब्रेकिंग न्यूज़

शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय में छह ‘दीक्षारंभ’ इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन

- मुख्य अतिथि डॉ. तृप्ति नगरिया ने विद्यार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र; कहा – फिजियोथेरेपी प्रभावी उपचार के साथ मरीजों का विश्वास एवं आशीर्वाद अर्जित करने वाला महत्वपूर्ण चिकित्सा क्षेत्र है।
दुर्ग/ 
शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, दुर्ग के बी.पी.टी. (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय ‘दीक्षारंभ’ – इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन 21 नवंबर 2026 को गरिमामय समारोह के साथ हुआ। 16 से 21 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली, व्यावसायिक नैतिकता, क्लिनिकल कार्यप्रणाली एवं भविष्य की व्यावसायिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।
समापन समारोह में डॉ. तृप्ति नगरिया, अधिष्ठाता, चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, दुर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चिकित्सा से जुड़े सभी व्यवसायों में फिजियोथेरेपी एक महत्वपूर्ण एवं संतोष प्रदान करने वाला पेशा है, जिसमें मरीजों से मिलने वाला धन्यवाद और आशीर्वाद सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपने क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करता है, तब वह मरीजों को प्रभावी एवं त्वरित लाभ पहुँचाने में सक्षम होता है। फिजियोथेरेपी भी ऐसा ही प्रभावी उपचार माध्यम है, जिसके सकारात्मक परिणाम उन्होंने स्वयं अनुभव किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञान एवं कौशल विकसित करने तथा समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, संवादात्मक गतिविधियाँ एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए गए। प्रथम दिवस विद्यार्थियों के साथ फिजियोथेरेपी विषय पर समूह चर्चा डॉ. खुशबू मेहरा (पीटी) द्वारा आयोजित की गई। महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली एवं एंटी-रैगिंग नीति की जानकारी प्राचार्य डॉ. चानन गोयल ने दी।
फिजियोथेरेपी व्यवसाय का परिचय, भारत में कार्यक्षेत्र, स्वास्थ्य सेवाओं में भूमिका एवं एनसीएएचपी अधिनियम पर डॉ. प्रिया देशमुख (पीटी) ने व्याख्यान दिया। विद्यार्थियों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए तैयार करने हेतु बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण डॉ. मनीष कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, निश्चेतना विभाग द्वारा दिया गया। इसमें सीपीआर, एईडी, बीवीएम एवं अन्य जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण शामिल रहा। संक्रमण नियंत्रण, हैंड हाइजीन, पीपीई एवं बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट पर डॉ. निजा मोंगा, एसोसिएट प्रोफेसर, माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने जानकारी दी।
व्यावसायिक नैतिकता, चिकित्सकीय मूल्यों, रोगियों के अधिकार एवं गोपनीयता पर डॉ. यमंक साहू (पीटी) एवं डॉ. अंजुम समनानी (पीटी) ने व्याख्यान दिए। मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पर डॉ. ममता साहू ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
भारतीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में फिजियोथेरेपी की भूमिका पर डॉ. विवेक शर्मा, प्रोफेसर एवं डॉ. सौरभ के. साहू, एसोसिएट प्रोफेसर, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ने जानकारी दी। सामुदायिक पुनर्वास, दिव्यांगता रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन पर डॉ. प्रेरणा यादव (पीटी) ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
अध्ययन कौशल एवं स्व-निर्देशित अधिगम पर डॉ. हिमांशु कोशले (पीटी), चिकित्सा शब्दावली पर डॉ. अंशु सलामे (पीटी) तथा प्रोस्थेसिस एवं ऑर्थोसिस पर सुश्री फिजा रजा हुसैन ने सत्र लिए। मेडिटेशन एवं सकारात्मक जीवनशैली पर डॉ. स्वाति हिवाले, प्रोफेसर, बायोकेमिस्ट्री विभाग ने मार्गदर्शन दिया। बहुविषयक स्वास्थ्य सेवा दल में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका एवं टीमवर्क पर श्रीमती श्वेता श्रोत्री (ऑक्यूपेशनल थेरेपी) ने व्याख्यान दिया। प्रभावी संचार कौशल पर भी डॉ. स्वाति हिवाले ने विद्यार्थियों को जानकारी दी।
कार्यक्रम में क्लिनिकल एक्सपोजर के अंतर्गत फिजियोथेरेपी ओपीडी, एक्सरसाइज थेरेपी, इलेक्ट्रोथेरेपी उपकरणों एवं रोगी देखभाल की जानकारी डॉ. पूजा चंद्राकर (पीटी) ने दी। अंतिम दिवस बी.पी.टी. पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक संरचना से संबंधित जानकारी डॉ. देवश्री ध्रुव (पीटी) ने प्रदान की।
समापन समारोह में कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. यमंक साहू (पीटी) एवं सुश्री फिजा रजा हुसैन ने किया।
महाविद्यालय का प्रथम बैच संस्थान की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यावसायिक नैतिकता एवं मानवीय मूल्यों के साथ एक सक्षम, संवेदनशील एवं समर्पित फिजियोथेरेपिस्ट बनने की दिशा में प्रेरित किया गया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english