ब्रेकिंग न्यूज़

 जशपुर जिले में 49 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी जारी, किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए 3 नए केंद्र

-समर्थन मूल्य पर धान बेचने जिले के 53,378 किसानों ने कराया पंजीयन, पिछले वर्ष की तुलना में 2,474 किसानों की हुई वृद्धि
-कुदमुरा, कोरंगामाल और चम्पा में नए उपार्जन केंद्र शुरू होने से किसानों को मिलेगी राहत
-‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन प्राप्त कर रहे किसान, धान खरीदी प्रक्रिया हुई आसान
 रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जशपुर जिले में तीन नए धान उपार्जन केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्रों में धान बेचने की सुविधा मिलने के साथ ही आवागमन में लगने वाले समय और खर्च की बचत होगी।
जशपुर जिले के कुल 49 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उन्हें टोकन प्राप्त करने, धान की तौल और विक्रय सहित किसी भी प्रक्रिया में परेशानी न हो।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले के कुल 53,378 किसानों ने पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों की संख्या 50,904 थी। इस प्रकार इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में 2,474 अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 91,515.12 हेक्टेयर है।पंजीकृत किसानों की संख्या में वृद्धि से स्पष्ट है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था से अधिक किसान जुड़ रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिले के किसानों को धान विक्रय में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष तीन नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुदमुरा, कोरंगामाल और चम्पा शामिल हैं। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ उपार्जन केंद्रों तक जाने की आवश्यकता कम होगी।नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को नजदीक में धान विक्रय की सुविधा मिलने के साथ ही परिवहन व्यय और समय की बचत होगी। इसके अलावा अन्य उपार्जन केंद्रों पर किसानों का दबाव कम होने से धान खरीदी की प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए किसानों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है। किसान ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं।
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को बार-बार उपार्जन केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। किसान अपनी निर्धारित तिथि के अनुसार धान विक्रय की तैयारी कर सकते हैं। इससे समय की बचत होने के साथ ही खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहायता मिल रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में नए उपार्जन केंद्रों की स्थापना, पंजीकृत किसानों की बढ़ती संख्या और तकनीक आधारित टोकन व्यवस्था से धान खरीदी की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बन रही है। जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों को सुगम और व्यवस्थित धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english