ब्रेकिंग न्यूज़

 दुर्ग में भव्य कलश यात्रा ने रचा आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य, 7 हजार से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा

-कथावाचक पं. युवराज पाण्डेय के साथ मंत्री गजेन्द्र यादव बने सारथी, जय श्रीराम और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा शहर*
 दुर्ग। धर्म, आस्था और भक्ति की त्रिवेणी का अद्भुत नजारा आज दुर्ग शहर में देखने को मिला, जब बैगापारा मिनी स्टेडियम में आयोजित होने जा रही श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शीतला सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस विशाल कलश यात्रा में 7 हजार से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिये। पीली साड़ियों में सजी महिलाओं की विशाल टोली, सिर पर सुशोभित कलश और हाथों में भगवा ध्वज लिए चल रहे युवाओं ने पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
     कलश यात्रा में सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य पं. युवराज पाण्डेय जी विशेष रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने उनके सारथी की भूमिका निभाई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी। यात्रा के दर्शन करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक उमड़ पड़े। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने इस भव्य धार्मिक आयोजन का स्वागत किये।
 कलश यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य एक साथ हजारों महिलाओं का पारंपरिक पीली साड़ियों में शामिल होना रहा। महिलाओं के सिर पर ॐ और स्वस्तिक के चिह्नों से सजे कलश धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर रहे थे। बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच महिलाओं की अलग-अलग मंडलियां भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। कहीं भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंज रही थीं तो कहीं श्रीराम और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा था।
 यात्रा में युवाओं की टोलियां हाथों में भगवा ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं। महिलाओं की विशाल टोली, भजन मंडलियां और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को भव्यता प्रदान की। हजारों महिलाओं का अनुशासित और एक साथ कदमताल करते हुए कलश यात्रा में शामिल होना शहरवासियों के लिए अद्भुत और अविस्मरणीय दृश्य रहा। पूरा मार्ग धर्ममय वातावरण और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
 शीतला सेवा समिति द्वारा बैगापारा मिनी स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा 5 दिसंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से पूज्य पं. युवराज पाण्डेय जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। कलश यात्रा के पश्चात मिनी स्टेडियम स्थित कथा स्थल श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया।
 इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर दुर्ग शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। हजारों महिलाओं और युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि हमारी धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत आज भी समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रही हैं। श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार, भक्ति और जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english