चला मुसद्दी ऑफिस-ऑफिस सीरियल की वापसी
मुंबई। कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण बहुत से पुराने सीरियलों की टीवी पर वापसी हो रही है। दूरदर्शन में अब तक रामायण , महाभारत, बुनियाद, शक्तिमान, देख भाई देख जैसे पॉपुलर और क्लासिक शोज की वापसी हो चुकी है। अब शाहिद कपूर के पिता पंकज कपूर के हिट टीवी शो चला मुसद्दी ऑफिस-ऑफिस भी छोटे परदे पर लौट रहा है।
यह शो सब टीवी पर आज शाम को 6 बजे और रात को 10 बजे प्रसारित किया जाएगा। इसी आधिकारिक जानकारी चैनल ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।
टीवी शो चला मुसद्दी ऑफिस-ऑफिस में पंकज कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। शो के दोबारा टेलीकास्ट होने की खबर पर देवेन भोजानी ने भी खुशी जाहिर की है। एक एंटरटेनमेंट पोर्टल से बातचीत में टीवी एक्टर देवेन भोजानी ने कहा, मैं इससे काफी खुश हूं, ये एक अच्छी फीलिंग है। ऑफिस ऑफिस फिर से टीवी पर आ रहा है। साल 2001 से 2002 के दौरान हमने इसे बनाया था। मुझे लगता है ये शो दर्शकों को उतना ही पसंद आएगा, जितना उस समय पसंद आया था।
चला मुसद्दी ऑफिस-ऑफिस की कहानी पर बात करते हुए एक्टर ने बताया है कि, इसमें एक रिटायर आदमी भ्रष्टाचार ऑफिसर्स से अपना काम करवाने के लिए ऑफिस के चक्कर लगाता रहता है लेकिन ये भ्रष्ट ऑफिसर्स उसे टहलाते रहते हैं। ये कहानी उस वक्त भी रिलेटेबल थी और आज के दर्शक भी मुसद्दीलाल के दर्द को समझ पाएंगे। लॉकडाउन के दौरान दर्शकों को ये टीवी शो बहुत पसंद आएगा, मुझे ऐसी उम्मीद है। ऑफिस ऑफिस में पंकज कपूर और देवेन भोजानी के अलावा आसावरी जोशी, संजय मिश्रा और मनोज पहवा ने भी अहम किरदार निभाया था।
----
Leave A Comment