शाहिद कपूर के साथ अनबन पर निर्देशक अहमद खान ने तोड़ी चुप्पी......
मुंबई। बॉलीवुड गलियारे में अभिनेता शाहिद कपूर और निर्देशक-कोरियोग्राफर अहमद खान की दोस्ती की मिसाल दी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ सालों से दोनों के बीच आई दूरी लगातार चर्चा का विषय बनी हुई थी. अब इस कथित अनबन पर खुद अहमद खान ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. एक हालिया इंटरव्यू में अहमद खान ने शाहिद कपूर के साथ अपनी तीन दशक पुरानी बचपन की दोस्ती, साल 2015 में हुए विवाद के पीछे की असल वजह और भविष्य में दोबारा साथ काम करने की संभावनाओं पर बेहद खुलकर और बेबाकी से अपनी बात रखी है.
अहमद खान ने कहा, "मेरा मतलब है कि अब हम उतना नहीं मिलते हैं. हम दोनों बचपन के दोस्त हैं। जब मैं 11 साल का था और वह महज 7 साल का था, तब हमारी दोस्ती हुई थी. इस तरह हमारा रिश्ता करीब 30 साल पुराना है." फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध और व्यस्त जीवनशैली का जिक्र करते हुए अहमद ने आगे कहा, "लेकिन यह काम ही ऐसा है ना कि इसमें कई नए दोस्त आते हैं.आप इस क्षेत्र में इतने नए लोगों से दोस्ती कर लेते हैं कि आप भूल जाते हैं कि आपके असली दोस्त कौन हैं. अब हमारी लाइफस्टाइल भी पूरी तरह बदल चुकी है."
एक समय बेहद करीबी रहे इन दोनों दोस्तों के बीच दरार आने की खबरें पहली बार साल 2015 में खुलकर सामने आई थीं. बैकग्राउंड की बात करें तो उस दौरान अहमद खान को वर्टिगो (चक्कर आने की गंभीर बीमारी) के अटैक के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, लेकिन शाहिद कपूर एक बार भी उनका हालचाल जानने अस्पताल नहीं पहुंचे.
दूसरी तरफ, इसी बात से नाराज होकर अहमद खान भी जुलाई 2015 में मीरा राजपूत के साथ हुई शाहिद कपूर की शादी में शामिल नहीं हुए थे, जबकि उन्हें आमंत्रित भी नहीं किया गया था. उस समय अहमद ने कहा था कि हमारे बीच कुछ मतभेद लंबे समय से सुलग रहे थे, जो अचानक बाहर आ गए. शुरुआती दिनों में शाहिद कपूर के करियर को संवारने में अहमद खान का बहुत बड़ा योगदान रहा था. उन्होंने ही साल 1999 में आए बैंड 'आर्यन्स' के सुपरहिट डेब्यू म्यूजिक वीडियो "आँखों में तेरा ही चेहरा" में शाहिद को कोरियोग्राफ किया था. इसके बाद शाहिद की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म 'इश्क विश्क' (2003) के गानों की कोरियोग्राफी भी अहमद ने ही की थी. आगे चलकर अहमद खान ने शाहिद को मुख्य अभिनेता के रूप में लेकर फिल्म 'फूल एंड फाइनल' (2007) का निर्देशन किया और साल 2010 में फिल्म 'पाठशाला' का निर्माण (प्रोड्यूस) किया, जिसमें शाहिद ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
शाहिद कपूर के साथ भविष्य में दोबारा काम करने के सवाल पर अहमद खान ने सकारात्मक रुख दिखाया, लेकिन साथ ही व्यावहारिक विसंगतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में शाहिद फिल्मों के एक खास खाके (टेम्पलेट) का पालन कर रहे हैं, जैसी फिल्में वे करना चाहते हैं. दूसरी ओर, मैं उस तरह का सिनेमा बना रहा हूं जो मुझे पसंद है."दोनों के दोबारा साथ आने की शर्तों को स्पष्ट करते हुए अहमद ने कहा, "हम तब दोबारा साथ काम करेंगे जब हमारी रचनात्मक सोच (सेंसिबिलिटी) एक जैसी होगी. जब हम दोनों एक ही तरह की फिल्में बनाने को लेकर सहमत होंगे, तो काम आसान हो जाएगा. मुझे पता है कि अगर मैं उस सही समय पर उनके पास कोई स्क्रिप्ट लेकर जाऊंगा, तो वह तुरंत इसके लिए तैयार हो जाएंगे. लेकिन फिलहाल, यह पचास-पचास (50-50) वाली स्थिति है."
पेशेवर मोर्चे की बात करें तो अहमद खान इन दिनों अपनी निर्देशित मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की सफलता का आनंद ले रहे हैं. वहीं, 45 वर्षीय शाहिद कपूर भी 'फर्जी' और 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' जैसी हालिया सफलताओं के बाद अपनी आगामी फिल्मों 'देवा' और 'ओ रोमियो' की तैयारियों में व्यस्त हैं.




.jpg)
.jpg)

.jpeg)


Leave A Comment